Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    CG Election 2023: एक ओर कर्ज माफी, दूसरी ओर छत की गारंटी... छत्तीसगढ़ में घोषणा पत्र से पहले बही वादों की बयार

    By Prince SharmaEdited By: Prince Sharma
    Updated: Tue, 24 Oct 2023 05:30 AM (IST)

    CG Election 2023 विधानसभा चुनाव 2023 के घोषणा पत्र जारी करने से पहले ही राजनीतिक दलों ने वादों की बहार ला दी है। छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान सात ...और पढ़ें

    CG Election 2023: एक ओर कर्ज माफी, दूसरी ओर छत की गारंटी...
    CG Election 2023: एक ओर कर्ज माफी, दूसरी ओर छत की गारंटी...

    HighLights

    1. घोषणा पत्र जारी करने से पहले ही राजनीतिक दलों ने वादों की बयार ला दी है।
    2. भाजपा ने हर गरीब को छत देने का ऐलान किया है।

    राज्य ब्यूरो, रायपुर। विधानसभा चुनाव 2023 के घोषणा पत्र जारी करने से पहले ही राजनीतिक दलों ने वादों की बयार ला दी है। छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान सात नवंबर को होगा। इसके लिए पहले चरण की 20 सीटों पर प्रत्याशियों ने अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है मगर अभी तक कांग्रेस-भाजपा ने अपने घोषणा पत्र जारी नहीं किए हैं।

    भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों के नेता अपनी-अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ घोषणा भी कर रहे हैं। कांग्रेस जहां किसानों की कर्ज माफी करने की घोषणा करके बड़ा दांव खेला है वहीं भाजपा ने हर गरीब को छत देने का ऐलान किया है।

    प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों की कर्जमाफी, 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी, जातिगत जनगणना कराने और 17.50 लाख गरीबों को आवास देने की घोषणा की है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, भाजपा नेता व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भाजपा की सरकार बनते ही गरीबों को मकान देने की घोषणा कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- Chhattisgarh Election 2023: CM बघेल का बड़ा दांव, किसानों से फिर किया वादा, कहा- कांग्रेस को चुनें लोन माफ कर देंगे

    इसके अलावा पीएससी की भर्ती परीक्षाओं में धांधली का आरोप लगाते हुए इन परीक्षाओं की जांच कराने का भी वादा कर रहे हैं। पार्टियों के घोषणापत्र तो जल्द ही आएंगे लेकिन नेता घोषणा करने में कोई कमी नहीं कर रहे हैं। वैसे घोषणा करने में कांग्रेस के नेता आगे हैं।

    खबरें और भी

    गैस सिलेंडर सस्ता कर सकती है कांग्रेस

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव की तर्ज पर एक बार फिर किसानों की कर्ज माफी का दांव खेल दिया है। पार्टी सूत्र के अनुसार कांग्रेस प्रदेश में महिलाओं को लुभाने के लिए गैस सिलेंडर भी 500 रुपये में देने की घोषणा कर सकती है। पार्टी की घोषणा पत्र समिति को इसके लिए सुझाव भी मिले हैं।

    इसके अलावा मध्यप्रदेश की लाडली बहना योजना के तहत भूपेश सरकार भी महिलाओं के लिए हर महीने एकमुश्त राशि देने की भी घोषणा कर सकती है। अब लोगों को घोषणा पत्र का इंतजार है। संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी एक बार फिर गोबर-गोठान योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना को भी नए कलेवर में लागू करने की घोषणा कर सकती है।

    मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस ने खेला है कर्ज माफी का दांव

    कुछ दिन पहले कांग्रेस ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भी अपने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने जनता से कई लुभावने वादे किए हैं, इनमें किसानों की कर्ज माफी, 100 यूनिट बिजली निश्शुल्क, महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये, सिलिंडर 500 में, पुरानी पेंशन योजना लागू करने की गारंटी शामिल है। वहीं अब कयास लगाए जा रहे हैं कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ में भी ऐसे ही वादे कर सकती है। हालांकि यहां पहले से ही पेंशन योजना और बिजली बिल हाफ योजना लागू है।

    भाजपा गिना रही अपनी सरकार की उपलब्धियां

    भाजपा के नेता उनकी पार्टी केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की 15 साल के विकास कार्यों को गिना रहे हैं। कांग्रेस नेता सड़क, बिजली, पानी जैसी स्थानीय समस्याओं की शिकायत मिलते ही तुरंत निराकरण का वादा कर रहे हैं। दरअसल यह चुनाव इतना करीबी है कि मुद्दे और घोषणाएं प्रदेश स्तर से नीचे उतरकर नगर निकाय चुनाव के स्तर तक जा पहुंचे हैं।

    सरकार बनी तो करेंगे कर्ज माफी

    कांग्रेस का लक्ष्य प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत और सक्षम बनाना है ताकि उन्हें किसी प्रकार से कर्ज लेने की आवश्यकता नहीं पड़े और किसान का परिवार खुशहाल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में पुन: कांग्रेस की सरकार बनने पर पूर्व की तरह एक बार और किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलाया जाएगा। -दीपक बैज, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस

    भाजपा का घोषणा पत्र आने दीजिए

    अभी भाजपा का घोषणा पत्र तो आने दीजिए, किसान को भाजपा से जितनी उम्मीद हैं, सभी पूरी होंगी। गांव, गरीब और किसान का विकास होगा। किसान का पूरा धान खरीदने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों को वचन दिया है कि उनकी और अधिक बेहतरी के लिए काम करेंगे। - अरुण साव, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

    यह भी पढ़ें- CG Election 2023: छत्तीसगढ़ में जीत पक्की करने को कांग्रेस ने 31 प्रतिशत विधायकों का काटा टिकट, BJP ने कसा तंज