विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

CG Election Result 2023: ताबूत की आखिरी कील की तरह साबित हुआ महादेव एप विवाद, भूपेश बघेल बोले- हार की जिम्मेदारी मेरी

By Jagran NewsEdited By: Prince Sharma
Published: Sat, 09 Dec 2023 06:30 AM (IST)

CG Election Result 2023 छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी के भीतर हाहाकार मचा ...और पढ़ें

भाजपा पिछले चुनाव की तुलना में करीब 14 प्रतिशत अधिक वोट हासिल की है।
भाजपा पिछले चुनाव की तुलना में करीब 14 प्रतिशत अधिक वोट हासिल की है।

HighLights

  1. सिंहदेव बोले- ईवीएम पर सवाल उठाना उचित नहीं
  2. भूपेश का राग- ईवीए पर प्रश्न से भाजपा को मिर्ची

राज्य ब्यूरो, रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी के भीतर हाहाकार मचा हुआ है। हार की वजहों को लेकर हर नेता अपनी डफली और अपना राग अलाप रहा है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की पार्टी आलाकमान के साथ समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचे छत्तीसगढ़ के निर्वतमान उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस की हार के कारणों पर बड़ा बयान दिया। उन्हाेंने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस की हार के लिए केवल ईवीएम पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। हालांकि, विकसित देशों में भी अब मतपत्र से चुनाव होते हैं। सिंहदेव ने कहा कि इस बार ट्राइबल सीट में 29 में से हम 11 सीट ही पाए हैं। भाजपा ने पिछले चुनाव की तुलना में करीब 14 प्रतिशत अधिक वोट हासिल की है। शहरी इलाकों में भी हम पीछे हुए हैं।

हार की जिम्मेदारी किस पर है?

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चेहरे पर चुनाव लड़ने पर हार की जिम्मेदारी किस पर है, पूछने पर सिंहदेव ने कहा कि पोलिंग बूथ और मुझसे लेकर हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है और उनको लेनी चाहिए। इसके पहले उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा था कि मैंने पार्टी को निराश किया, बेहद दुख है। हो सकता है कि मुझे सीएम नहीं बनाए जाने के कारण भी ऐसा परिणाम आया हो। जिस पर जितनी जिम्मेदारी थी, वह उतना ही बड़ा दोषी है। महादेव ऐप एप विवाद भी ताबूत की आखिरी कील की तरह रहा।

महादेव ऐप में उछला बघेल का नाम

गौरतलब है कि महादेव ऐप से कथित रूप से निर्वतमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम उछल चुका है। सिंहदेव ने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया है कि ढाई-ढाई साल के सीएम वाले फार्मूले पर अमल नहीं होने और भूपेश बघेल के साथ उनके संबंधों को लेकर कुछ समय के लिए बनी खटास का असर भी चुनाव पर रहा। सरगुजा की जनता को यह बात पसंद नहीं आई। सिंहदेव ने यह भी कहा कि चुनाव में पार्टी की ओर से समुचित फंड भी नहीं दिया गया।

ईवीएम पर प्रश्न उठते ही भाजपा को मिर्ची क्यों : भूपेश

छत्तीसगढ़ के निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में कांग्रेस की हार पर कहा कि जनता ने जो जनादेश दिया है, वो स्वीकार है। समीक्षा होगी, तब कारणों का पता चलेगा। वहीं, ईवीएम मशीनों पर उठ रहे सवाल पर कहा कि जैसे ही इसके बारे में बोलो भाजपा को जोर से मिर्ची लगती है। इतना जोर से क्यों लगता है। इसका कुछ न कुछ तो कारण होगा।

पूर्व मंत्री भगत ने बताया सामंजस्य की कमी

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा है कि आपसी सामंजस्य की कमी का नुकसान उठाना पड़ा। छत्तीसगढ़ के किसान मालामाल और पूरे देश के किसान बेहाल थे। इसके बाद भी किसानों का समर्थन में नहीं आना समझ से परे है। सब अपना-अपना चलाने के चक्कर में निपट गए। आपसी सामंजस्य नहीं होने से हार हुई। जो जनादेश आया उसकी उम्मीद नहीं थी।

अध्यक्ष बैज ने बताया भाजपा को दोषी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि अध्यक्ष बनाए जाने के बाद चुनाव की तैयारी के लिए उन्हें ज्यादा समय नहीं मिल पाया। उन्हाेंने कहा कि भाजपा के झूठ के सामने कांग्रेस का सच दब गया है।

यह भी पढ़ें- CG Politics: छत्तीससगढ़ में सीएम चुनने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, आज तीन सदस्यीय दल पहुंचेगा रायपुर

यह भी पढ़ें- Delhi News: लारेंस गिरोह ने कराई थी पूर्व विधायक के घर के बाहर फायरिंग, जांच में हुआ खुलासा; पुलिस हुई सतर्क

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।