Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    दिल्ली चुनाव को लेकर BJP खेमे का हाल बेहाल, एक-एक सीट पर कई दावेदार; ज्योतिष के दर पर पहुंच रहे नेता

    Updated: Fri, 03 Jan 2025 10:24 PM (GMT+05:30)

    भाजपा ने अभी तक दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है जिससे पार्टी के दावेदारों में बेचैनी बढ़ रही है। पुरानी दिल्ली क ...और पढ़ें

    भाजपा उम्मीदवारों की सूची का इंतजार, दावेदारों में बेचैनी।
    भाजपा उम्मीदवारों की सूची का इंतजार, दावेदारों में बेचैनी।

    HighLights

    1. एक-एक सीट के लिए कई दावेदार, खुद को प्रत्याशी मान जनता के बीच कर रहे प्रचार
    2. वरिष्ठ नेताओं की परिक्रमा के साथ संघ से निकाल रहे संबंध, ज्योतिष के भी दर पर

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने पूरे तो कांग्रेस पार्टी ने अधिकतर सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। प्रत्याशी के साथ संगठन भी प्रचार प्रसार में जुट गया है, लेकिन भाजपा खेमे का हाल दूसरा है। यहां से अभी तक एक भी प्रत्याशी की सूची नहीं आई है।

    ऐसे में दिल्ली के सभी विधानसभाओं के साथ ही पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक, सदर बाजार, बल्लीमारान व मटिया महल की सीटों को लेकर भाजपा के दावेदारों की बेकरारी बढ़ती जा रही है। एक-एक सीट से कई-कई दावेदार है। वैसे, हर एक सीटों पर तीन प्रमुख नामों की चर्चा तेज है, जो अंतिम तौर पर सामने आए बताए जा रहे हैं।

    नेता आरएसएस से संबंध निकालने में जुटे

    इस बीच, भाजपा खेमें में हर दावेदार खुद को प्रत्याशी मानते हुए प्रचार-प्रसार में शक्ति प्रदर्शन दिखाने में जुटा हुआ है। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की गणेश परिक्रमा जारी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोगों से भी संबंध निकाला जा रहा है। इस बीच कुछ दावेदार ज्योतिष के यहां अपना राजयोग भी दिखवाने पहुंच रहे हैं।

    पुरानी दिल्ली की सीटें बीजेपी के लिए मुश्किल

    वैसे, पुरानी दिल्ली की सीटें भाजपा के लिए अति मुश्किलों सीटों में से एक है। यहां के लिए प्रत्याशी चुनना पार्टी के लिए आसान भी नहीं है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है। वर्ष 1993 में जीत के बाद के चुनावाें में अब तक चांदनी चौक व सदर बाजार विधानसभा सीट पर भाजपा का खाता नहीं खुला है। जबकि, मटियामहल में यह सूखा वर्ष 1983 के चुनाव के बाद से है।

    खबरें और भी

    बल्लीमारान में एक बार भी नहीं खिला कमल

    वहीं, बल्लीमारान में एक बार भी कमल नहीं खिला है। ऐसे में पार्टी को जीताऊ उम्मीदवार की तलाश में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। वैसे, दावेदारों के नामों की बात करें तो हर सीट से पार्टी की ओर से पूर्व के चुनावों में प्रत्याशी रहे पदाधिकारियों के नाम खूब उठाले जा रहे हैं।

    पूर्व प्रत्याशी के नामों पर हो रहा विचार

    वैसे, चांदनी चौक से पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक व वर्तमान में पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व्यापारी नेता गोपाल गर्ग, डिप्टीगंज के पूर्व निगम पार्षद सतीश जैन व सिविल लाइंस आरडब्ल्यूए के सचिव रवि बंसल का नाम बताया जा रहा है। इस दौड़ में पूर्व के चुनावों में प्रत्याशी रहे पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुमन गुप्ता का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है।

    पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान इस्माइल का नाम आगे

    इसी तरह, सदर बाजार से जो नाम प्रमुखता से आ रहे हैं, उसमें पूर्व पार्षद मनोज जिंदल, पार्टी के नेता संजीव सब्बरवाल के साथ पूर्व महापौर व पूर्व के चुनावों के प्रत्याशी जयप्रकाश जेपी, व पूर्व महापौर रविंद्र गुप्ता का भी नाम है। इसी तरह, बल्लीमारान से पार्षद कमल बागड़ी, राम नगर वार्ड के पूर्व मंडल अध्यक्ष नंद किशोर चौहान और पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान इस्माइल का नाम बताया जा रहा है।

    मटिया महल सीट से भी कई दावेदार

    इसी तरह, मौजूदा विधायक शोएब इकबाल का मटिया महल विधानसभा का किला फतह करने के लिए प्रदेश कार्यालय सह मंत्री अमित गुप्ता व पूर्व पार्षद प्रत्याशी दीप्ति इंदौरा का नाम है। इसी तरह, पूर्व में विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी रहे कासिम मलिक का भी नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। पार्टी से जुड़े नेता उम्मीद जताते हैं कि कुछ दिन में पार्टी प्रत्याशियों के नाम तय हो जाएंगे तब सही मायने में चुनावी युद्ध शुरू होगा।

    यह भी पढ़ें- कौन हैं अलका लांबा, जिसे कांग्रेस ने CM आतिशी के खिलाफ मैदान में उतारा; कभी AAP की थीं तेजतर्रार नेता