विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुख्य चुनाव आयुक्त बैक-टू-बैक कर रहे बैठक, कल फाइनल रिव्यू के बाद हो सकता है बिहार में चुनाव की डेट का एलान

Published: Sat, 04 Oct 2025 12:17 PM (IST)Updated: Sat, 04 Oct 2025 12:32 PM (IST)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी तेज़ हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग ...और पढ़ें

भारत निर्वाचन आयोग की शीर्ष टीम कर रही है बैठक
भारत निर्वाचन आयोग की शीर्ष टीम कर रही है बैठक

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की गहमागहमी तेज हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुआई में भारत निर्वाचन आयोग की शीर्ष टीम पटना पहुंच कर बैठक कर रही है। उनका ये दौरा चुनावी शंखनाद से पहले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है। शुक्रवार रात 10 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधु और डॉ. विवेक जोशी राजधानी पटना पहुंचे।

शनिवार की सुबह आयोग की टीम सबसे पहले मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रही है। जो होटल ताज, पटना में आयोजित है। इसमें भाजपा, कांग्रेस, जदयू, राजद, लोजपा-आर, रालोजपा, माले, सीपीएम, आप, बसपा समेत प्रमुख दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। हर पार्टी से अधिकतम तीन सदस्य शामिल होंगे। आयोग का मकसद है – दलों से सलाह, सुझाव और शिकायतें सुनना, ताकि चुनावी प्रक्रिया और पारदर्शी व निष्पक्ष हो।

इसके बाद आयोग की बैठक प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ होगी। प्रमंडलीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को चुनावी तैयारियों का पूरा खाका पेश करना होगा। बूथवार सुरक्षा, संवेदनशील इलाकों पर निगरानी, मतदाता सूची, मतदान कर्मियों की तैनाती और मतदाता जागरूकता जैसे बिंदुओं पर विशेष समीक्षा की जाएगी।

रविवार को आयोग का फोकस प्रवर्तन और सुरक्षा एजेंसियों पर रहेगा। नोडल अधिकारियों से लेकर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के प्रतिनिधियों तक – सभी से चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। तीसरे और अंतिम सत्र में बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापक बैठक कर अंतिम समन्वय का रोडमैप तय किया जाएगा।

दो दिनों के इस दौरे के अंत में आयोग मीडिया से संवाद करेगा और अब तक की तैयारियों का लेखा-जोखा साझा करेगा। इसके बाद टीम दिल्ली लौट जाएगी, और अनुमान है कि 48 घंटे में बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित हो सकती हैं। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को खत्म हो रहा है, ऐसे में चुनाव इसी साल होने तय हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।