यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
BJP ज्वाइन करने के 30 घंटे में मिला टिकट: 67 प्रत्याशियों में 4 वकील, 1 इंजीनियर; कौन है सबसे पढ़ा-लिखा और युवा कैंडिडेट?
Haryana Vidhansabha Election 2024 and BJP Candidate List हरियाणा में 1 अक्टूबर 2024 को विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा ने बुधवार शाम 67 प्रत्याशियों ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हिसार/पानीपत। Haryana Election 2024: प्रत्याशियों के नामों पर गहन मंथन के बाद भाजपा ने पहली सूची जारी कर दी है। मंगलवार शाम को लगभग सभी सीटों पर प्रत्याशियों के सिंगल पैनल बनाकर रिपोर्ट केंद्रीय नेताओं को सौंप दी गई थी। बुधवार को जारी सूची में 67 प्रत्याशियों में से चार वकील, पांच एमबीए पास, 20 स्नातक, 10 बारहवीं पास हैं। दो 10वीं पास हैं तो एक प्रत्याशी इंजीनियर है।
राज्यसभा सदस्य पंवार को इसराना से उतारा
भाजपा ने राज्यसभा सदस्य कृष्ण लाल पंवार को इसराना (सुरक्षित) सीट से प्रत्याशी बनाया है। वह पिछले चुनाव में चुनाव हार गए थे। इसके बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया। कांग्रेस के बलबीर वाल्मीकि ने उन्हें पटकनी दी थी। पार्टी ने एक बार फिर से उन पर विश्वास जताया है।
अरविंद को गोहाना और दुग्गल को रतिया से मौका
रोहतक से लोकसभा चुनाव हारने वाले पूर्व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा को पार्टी ने गोहाना से उतारा है। वह इस बार लोकसभा चुनाव में दीपेंद्र हुड्डा से हार गए थे। वह सोनीपत से निर्दलीय सांसद रहे हैं। रोहतक और करनाल के भी सांसद रहे हैं। वह पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। उधर, सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को रतिया से टिकट दिया गया है।
दीपक हुड्डा सबसे युवा और गौतम सबसे बुजुर्ग
महम से चुनाव लड़ने जा रहे अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा सबसे युवा हैं। वह 30 वर्ष के हैं। आदमपुर के विधायक भव्य बिश्नोई 31 वर्ष के हैं। सफीदों से टिकट हासिल करने वाले नारनौंद के विधायक रामकुमार गौतम सबसे बुजुर्ग हैं। वह 78 वर्ष के हैं। 12 प्रत्याशी 56 से 70 आयु वर्ग के बीच के हैं। तीन प्रत्याशी 35 वर्ष से कम की आयु के हैं। 70 वर्ष से अधिक आयु के आठ प्रत्याशी हैं।
खबरें और भी
कैप्टन अभिमन्यु सर्वाधिक पढ़े-लिखे
भाजपा की सूची में सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु हैं। वह हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से प्रबंधन, एलएलबी और एमबीए है। हिसार के प्रत्याशी एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता मास्टर इन सर्जरी हैं। नलवा के विधायक रणधीर सिंह पनिहार एवं कपूर वाल्मीकि मैट्रिक पास हैं।
ज्वाइनिंग के बाद 30 घंटे में टिकट पक्की
जेल अधीक्षक त्यागपत्र दे भाजपा में शामिल होने वाले सुनील सांगवान और जजपा के पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली मंगलवार दोपहर को नई दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके लगभग 30 घंटे के अंदर दोनों को टिकट दे दिया गया। सांगवान को चरखी दादरी और देवेंद्र बबली को टोहाना से मैदान में उतारा।