यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अधिकारियों को भा रही सियासी राह! वो पूर्व IAS और IPS अधिकारी जो लोकसभा चुनाव में आजमा रहे किस्मत, जानिए इनके बारे में
Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव-2024 के चुनावी रण में कई पूर्व आईएएस और आईपीएस अधिकारी भी उतर चुके हैं। पंजाब से ओडिशा और बिहार से तमिलनाडु तक ये ...और पढ़ें

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को राजनीति खूब भाने लगी है। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि कई अधिकारियों ने बीच में ही नौकरी से इस्तीफा देकर राजनीति में आने का फैसला किया। कई ने सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति में आने का मन बनाया। आज बात उन आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की करेंगे, जो लोकसभा चुनाव 2024 में विभिन्न दलों से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
के. अन्नामलाई

तमिलनाडु में भाजपा की कमान पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई के हाथों में है। वे तमिलनाडु में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हैं। पार्टी ने उन्हें कोयंबटूर लोकसभा सीट से चुनावी समर में उतारा है। 2019 में अन्नामलाई ने पुलिस सेवा से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 2020 में भाजपा ज्वाइन की थी।
परमपाल कौर

आईएएस अधिकारी परमपाल सिंह कौर ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। इसके बाद भाजपा ने परमपाल कौर को पंजाब की बठिंडा लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। बठिंडा से अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल तीन बार से लगातार सांसद हैं। परमपाल कौर पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका की बहू हैं।
शशिकांत सेंथिल

कर्नाटक कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी शशिकांत सेंथिल चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस ने उन्हें तमिलनाडु की तिरुवल्लूर सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। शशिकांत सेंथिल ने 2019 में अपने पद से इस्तीफा दिया था।
वेंकटराम रेड्डी
तेलंगाना की मेडक सीट से पूर्व आईएएस अधिकारी वेंकटराम रेड्डी भी लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। तेलंगाना की नगरकुर्नूल सीट से पूर्व आईपीएस अधिकारी आरएस प्रवीण कुमार बीआरएस की टिकट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
खबरें और भी
मैथिली शरण गुप्त
मध्य प्रदेश के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी मैथिली शरण गुप्त ने वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का एलान किया है। उन्होंने भोपाल और उत्तर प्रदेश की झांसी सीट से भी चुनाव लड़ने की बात कही है।
अरुप पटनायक

ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से भी पूर्व आईपीएस अधिकारी मैदान में है। 1979 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे अरुप पटनायक को बीजू जनता दल ने टिकट दिया है। पुरी सीट से ही भाजपा नेता संबित पात्रा भी चुनाव लड़ रहे हैं।
आनंद मिश्रा
आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा बिहार के बक्सर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। क्षेत्र में उनका प्रचार भी जारी है। इस सीट पर भाजपा ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का टिकट काटकर मिथिलेश तिवारी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।