यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok Sabha Election 2024: वोट का ‘योग’, मतदाताओं को साधने के लिए प्रत्याशियों ने ढूंढ़ा यह नया तरीका
Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान अपने चरम पर है। प्रत्याशी मतदाताओं को साधने का कोई मौका छोड़ना नहीं चाहते हैं इसिलिए अधिक से ...और पढ़ें

शनि पाथौली, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा और आप-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। अब प्रत्याशियों ने मतदाताओं को साधने के लिए योग व व्यायाम का सहारा लिया है।
सुबह होते ही प्रत्याशी संसदीय क्षेत्र के अलग अलग हिस्सों में मतदाताओं के साथ योग कर रहे हैं। इस दौरान वह मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए अपनी पार्टी की रणनीति व भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा कर रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा मतदान उनके पक्ष में हो सके।
योग और व्यावाम का सहारा
दिल्ली की सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली दक्षिणी दिल्ली सीट को जीतने के लिए दोनों प्रत्याशी क्षेत्र में जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वह किसी भी स्तर पर मतदाताओं को साधने का मौका नहीं छोड़ रहे हैं। अब इन्होंने मतदाताओं को साधने के लिए योग और व्यायाम का सहारा लिया है।
इसके तहत प्रत्याशी क्षेत्र के मतदाताओं के साथ सुबह मार्निंग वाक कर रहे हैं। इस दौरान योग व व्यायाम करने के साथ-साथ प्रत्याशी अपने चुनाव प्रचार को भी प्राथमिकता दे रहे हैं, ताकि पार्क में आने वाले मतदाताओं को अपने पक्ष में कर सकें।
खबरें और भी
भाजपा और आप ने विधायकों पर लगाया दांव
दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट पर विजय पताका फहराने के लिए भाजपा और आप-कांग्रेस गठबंधन ने अपने-अपने विधायकों और नए चेहरों पर भरोसा जताया है। भाजपा ने बदरपुर से विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी और गठबंधन ने तुगलकाबाद से विधायक सहीराम पहलवान पर दांव लगाया है।
रामवीर सिंह बिधूड़ी और सहीराम पहलवान का तुगलकाबाद गांव से पुराना ताल्लुक है। इनकी जड़े अविभाजित तुगलकाबाद गांव से ही जुड़ी हैं। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने चार बार बदरपुर विधानसभा सीट पर कब्जा जमाया है। जबकि सहीराम पहलवान तुगलकाबाद से दो बार विधायक हैं।
पांच बजे से शुरू हो जाता है चुनावी रण
किसी भी सूरत में सीट को जीतने के लिए प्रत्याशियों और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मेहनत शुरू कर दी है। प्रत्याशियों का चुनावी रण तड़के पांच बजे से ही शुरू हो जाता है। वह दिन निकलते ही अपने क्षेत्र में अलग अलग पार्क में पहुंच जाते हैं। यहां मार्निंग वाक करने आने वाले लोगों से रूबरू हो रहे हैं।
इसका मुख्य मकसद यह है कि नौकरी पेशा मतदाता 10 बजे के बाद अपनी नौकरी पर चला जाता है। ऐसे में प्रत्याशी का उनसे सीधा संपर्क नहीं होता। इसलिए प्रत्याशियों ने इसका तोड़ निकाल लिया है और वह रोजाना सुबह मार्निंग वाक के दौरान ऐसे मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं।
केजरीवाल की गिरफ्तारी बनी चुनावी मुद्दा
ईडी द्वारा अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को चुनावी मुद्दा बना दिया है। गठबंधन प्रत्याशी सहीराम पहलवान जनता के बीच जाकर कह रहे हैं कि गरीबों के लिए काम करने वाली आप सरकार के मुख्यमंत्री को गलत तरीके से जेल भेज दिया गया है। इसके बावजूद अरविंद केजरीवाल अभी भी दिल्ली की जनता के कल्याण के बारे में सोच रहे हैं।
वहीं, भाजपा रामवीर सिंह बिधूड़ी मतदाताओं को साधने के लिए कह रहे हैं कि दिल्ली सरकार ने हर स्तर पर भ्रष्टाचार किया है। ऐसे में सजा भी उन्हें ही मिलेगी। पार्क में घंटों तक लोगों के साथ समय बिताने के दौरान इस लोकसभा सीट के प्रत्याशी उन्हें चुनावी घोषणाओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न प्रकार के दावे भी कर रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह बिधूड़ी केंद्र सरकार कल्याणकारी योजनाओं के फायदे मतदाताओं को गिना रहे हैं। वह हर चुनाव सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र जरूर कर रहे हैं। उधर, गठबंधन के प्रत्याशी सहीराम पहलवान दिल्ली की आप सरकार की योजनाओं के लाभ बता रहे हैं।
चुनाव से जुड़ी और हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले मतदाताओं पर विशेष नजर
दक्षिणी दिल्ली सीट पर बड़ी संख्या में मतदाता झुग्गी-झोपड़ी में भी रहते हैं। ऐसे में भाजपा और आप प्रत्याशी की इन भी विशेष नजर है। इन इलाकों में प्रत्याशी अपना अमला लेकर नहीं जा रहे हैं। यहां कोई स्कूटी पर घूम रहा हैं तो कोई पैदल चुनाव प्रचार में जुटा है। इसके अलावा इन क्षेत्रों मंडल अध्यक्ष को विशेष तौर पर कार्य कर्ताओं के साथ सक्रिय किया गया है, ताकि यहां के मतदाता की नब्ज का पता लगाया जा सके।
"केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में चारों तरफ पेरिफेरल हाईवे बनाए गए। दिल्ली-मुम्बई हाईवे, प्रगति मैदान पर टनल बनाई गई। पुलिसकर्मियों के लिए हेड क्वार्टर बना। केंद्र की योजनाओं का लाभ दिल्ली वासियों को मिल रहा है। इन योजनाओं को लेकर जनता के बीच जा रहा हूं और अपार समर्थन मिल रहा है।"
- रामवीर सिंह बिधूड़ी, भाजपा प्रत्याशी
"भाजपा सांसदों ने जनता को निराश किया है। पिछले पांच साल में दिल्ली की समस्याओं को उठाया नहीं गया और न ही जनता के बीच नजर आए। दिल्ली के विकास के लिए आप व इंडी गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत जरूरी है। जीत के बाद जाम की समस्या का समाधान, डीडीए के बुलडोजर पर रोक लगाने, अतिक्रमण के नाम पर घरों को तोड़ना बंद कराने, डीडीए से जमीन लेकर यूनिवर्सिटी, स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स व हास्पिटल बनाने, 9 कालोनी को मालिकाना हक दिलाने का कार्य करेंगे।"
- सहीराम पहलवान, आप प्रत्याशी
संसदीय क्षेत्र का इतिहास
बता दें कि दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में दिल्ली के बिजवासन, पालम, महरौली, छतरपुर, देवली, अंबेडकर नगर, संगम विहार, कालका जी, तुगलकाबाद व बदरपुर इलाके शामिल हैं। इस सीट पर नौ बार भाजपा जीत हासिल कर चुकी है। दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है।
अभी तक इस सीट पर हुए कुल 15 चुनावों में नौ बार भाजपा, पांच बार कांग्रेस और एक बार जनता पार्टी को जीत मिली है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के रमेश बिधुड़ी ने यहां से जीत दर्ज की थी। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा को हराया था।
प्रचार में ज्यादा नहीं दिख रहे कांग्रेस नेता
वहीं, आप और कांग्रेस में भले ही गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन लोकसभा के चुनाव प्रचार का दृश्य कुछ अलग है। दक्षिणी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के बहुत कम नेता चुनाव प्रचार में नजर आ रहे हैं। हालांकि कई नेता ऐसे भी हैं जो प्रचार में कड़ी मेहनत करते हुए अपने प्रत्याशी को चुनाव लड़ा रहे हैं।