विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 28, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PM Modi in Meerut: जमीन हो, आसमान हो या अंतरिक्ष, इसी चौकीदार में Surgical Strike का साहस

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Thu, 28 Mar 2019 10:30 AM (IST)Updated: Fri, 29 Mar 2019 09:43 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सीएम योगी आदित्यनाथ के संबोधन को ऊर्जावान संबोधन बताया। उन्होंने कहा कि यह ...और पढ़ें

PM Modi in Meerut: जमीन हो, आसमान हो या अंतरिक्ष, इसी चौकीदार में Surgical Strike का साहस
PM Modi in Meerut: जमीन हो, आसमान हो या अंतरिक्ष, इसी चौकीदार में Surgical Strike का साहस

मेरठ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मेरठ की धरती से किया। पहली ही विजय संकल्प रैली में मोदी ने विपक्ष को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि एक ओर दमदार भाजपा है और दूसरी ओर दागदार विपक्ष। 130 करोड़ की जनता भी मन बना चुकी है।

उन्होंने कहा, आज इस ओर विकास है, फैसले लेने वाली सरकार है तो दूसरी ओर फैसले टालने वाला इतिहास है। उस ओर वंशवाद की बहार है। एक ओर दमदार चौकीदार है तो उस ओर दागदारों की भरमार है। अपेक्षित लाइन पर ही चलते हुए मोदी ने उड़ी स्ट्राइक, बालाकोट पर सर्जिकल स्ट्राइक और स्पेस में लाइव सैटेलाइट को गिराकर स्पेस स्ट्राइक किए जाने की बात कही।

राष्ट्रवाद की धारा में बहते हुए भीड़ से मुखातिब मोदी बोले-देशवासियों, हमें सुबूत चाहिए कि सपूत चाहिए ...तय करें। जो सुबूत मांगते हैं वो सपूत को ललकारते हैं। यदि बालाकोट में कुछ अनचाहा हो गया होता तो क्या ये महामिलावटी लोग मुझे नहीं छोड़ते... लेकिन आप भरोसा रखें, कोई भी अंतरराष्ट्रीय या आंतरिक दबाव आपके चौकीदार को डरा नहीं सकता। मेरा है ही क्या जो मैं डरूं।

राहुल के 'चौकीदार चोर है' के आरोपों के बाद से मोदी ने चुनाव कैंपेन 'मैं भी चौकीदार' पर शिफ्ट कर दिया है। लिहाजा, इसी बहाने बोले-क्योंकि मैं चौकीदार हूं, आपको अपना हिसाब भी दूंगा और दूसरों से हिसाब भी लूंगा। मैं पूछूंगा उनसे (कांग्रेस व अन्य सहयोगी दल) कि अपने कार्यकाल में आप नाकाम क्यों रहे।

जमीन उत्तर प्रदेश की थी तो कांग्रेस के साथ सपा-बसपा और रालोद पर भी बरसे। गत विधानसभा चुनाव के स्कैम (एस से सपा, सी से कांग्रेस, ए से अखिलेश और एम से माया) की तर्ज पर इस बार महागठबंधन को शराब (सपा-रालोद-बसपा) की संज्ञा दी। मोदी-मोदी के गूंजते नारों के बीच बोले, ये महामिलावटी हैं, इनसे बचकर रहिए, शराब आपको बर्बाद कर देगी।

मोदी ने 1857 की क्रांति का जिक्र छेड़ा और पुलवामा के शहीद अजय कुमार और नक्सली हमले में शहीद रोहित शर्मा को नमन कर पलभर में रैली को खुद से कनेक्ट कर लिया। मोदी ने अपने 54 मिनट के भाषण को तीन हिस्सों में बांटा। पहले उन्होंने राष्ट्रीय मुद्दों, घटनाओं के जरिए विशेषकर कांग्रेस को घेरा। इसके बाद पश्चिमी उप्र के मुद्दे के बहाने सपा-बसपा और रालोद को आड़े हाथ लिया। अंत में एक-एक लोकसभा क्षेत्र के मुद्दों को उकेरा। खेती-किसानी, चौ. चरण सिंह से लेकर छोटूराम और फिर दंगे का दंश, पलायन के दर्द, गुंडाराज खत्म करने का जिक्र छेड़ा।

हिंदुस्तान का हीरो बनाम पाकिस्तान का हीरो

मोदी ने कहा कि जो अब तक चुनौती देते फिर रहे थे वे महामिलावटी अब रोते फिर रहे हैं। मोदी ने यह क्यों किया, मोदी ने आतंकियों के अड्डे नष्ट क्यों किए, सर्जिकल स्ट्राइक क्यों की? इतने भर में भीड़ नारा लगाने लगती है पाकिस्तान मुर्दाबाद। मोदी बोले, आज महामिलावटी लोग पाकिस्तान में छाए हुए हैं, वहां के अखबारों में ये सुर्खी बने हैं, वहां इनके नाम की तालियां बज रही हैं।

मैंने ए-सैट कहा, वे थिएटर का सेट समझ बैठे

मिशन शक्ति के तहत एंटी सैटेलाइट मिसाइल की सिद्धि पर राहुल गांधी ने मंगलवार को तंज कसते हुए मोदी को थिएटर दिवस की शुभकामनाएं दी थी। बारी आज मोदी की थी, वे बोले, मैंने ए-सैट मिसाइल के बारे में कहा था, लेकिन कुछ लोगों की बुद्धिमता के बारे में मैं क्या कहूं...वे इसे थिएटर का सेट समझ बैठे।

राहुल गांधी के हालिया चुनावी वादे पर तंज कसते हुए मोदी बोले-बताइए, इस देश में जो लोग 70 सालों में आपका बैंक खाता नहीं खुलवा सके, वो आपके खाते में पैसा पहुंचने देंगे क्या।

मोदी ने यह भी कहा

-जो 70 साल तक खाता नहीं खुलवा सके वो खातों में पैसा कैसे भिजवा सकते हैं। कांग्रेस हटाओ गरीबी अपने आप हट जाएगी।

-कांग्रेस ने चौधरी चरण सिंह को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने पर मजबूर किया।

-बुआ-बबुआ को सत्ता से मतलब है। बोर्ड बदलने से दुकानें नहीं बदलती हैं। यह महामिलावट है।

-पिछले चुनाव में मुस्लिम महिलाओं को मतदान के लिए बाहर नहीं निकलने दिया गया।

-एक तरफ नए भारत के संस्कार हैं तो दूसरी तरफ वंशवाद है। एक तरफ दमदार चौकीदार है तो दूसरी तरफ दागदारों की भरमार है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- पीएम मोदी के काम से भारत शीर्ष देशों में पहुंचा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी के काम तथा निर्णय के कारण ही आज भारत शीर्ष तीन देशों में पहुंच गया है। हर कोई बस भारत की ओर देख रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में पश्चिमी समेत पूरे प्रदेश को बिजली नहीं मिलती थी, अब निर्बाध बिजली है। यहां अपराधियों का बोलबाला था और अवैध बूचडख़ानों की भरमार थी। अब सारा अवैध काम और सारी गुंडागर्दी खत्म हो चुकी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब शांति है। हम अभी कल ही अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई महाशक्ति बने हैं। बीते 56 महीनों में पूरी दुनिया में भारत का डंका बजा है। मोदी हैं तो मुमकिन है। उन्होंने मोदी हैं तो मुमकिन है को छह बार दोहराया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय कहा कि यह तो तय हो गया है कि मोदी हैं तो विकास मुमकिन है। मोदी हैं तो गरीबों का कल्याण मुमकिन है। मोदी हैं तो सर्जिकल स्ट्राइक भी मुमकिन है। मोदी हैं तो एयर स्ट्राइक भी मुमकिन है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पांडे मेरठ में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। मेरठ में मेरठ-हापुड़ व मुजफ्फरनगर लोकसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार सिवाया टोल प्लाजा के पास स्थल पर हो रहा है।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया।  

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश प्रभारी जेपी नड्डा समेत तमाम दिग्गजों ने मंगलवार रात समीक्षा की। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।