विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दूसरे चरण में मध्‍य प्रदेश की छह सीटों पर सियासी रण, जानिए किसका किससे है मुकाबला; कोई सात तो कोई चार बार से है सांसद

Updated: Fri, 26 Apr 2024 07:23 AM (IST)

MP Lok Sabha Election Phase 2 Voting मध्य प्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल की सुबह मतदान शुरू हो चुका है। इन सीटों पर कई दिग्गजों की साख दांव पर ...और पढ़ें

लोकसभा चुनाव 2024: Madhya Pradesh Lok Sabha Elections 2024 Phase 2
लोकसभा चुनाव 2024: Madhya Pradesh Lok Sabha Elections 2024 Phase 2

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। MP Lok Sabha Election 2024 Phase 2: देश में 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 13 राज्‍यों की 88 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसमें मध्‍य प्रदेश की छह लोकसभा सीटें भी शामिल हैं। इन छह लोकसभा सीटों पर कुल 80 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। लगातार सात बार से सांसद वीरेंद्र सिंह और चार बार से सतना लोकसभा सीट जीतने वाले गणेश सिंह की सियासी साख दांव पर है। कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा भी लोकसभा के चुनावी समर में उतरे हैं। आइए जानते हैं मध्य प्रदेश की छह सीटों के बारे में...

सतना लोकसभा सीट

सतना से चार बार के सांसद गणेश सिंह को भाजपा ने इस बार भी अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने सतना से विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को टिकट दिया है। नारायण त्रिपाठी को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उतारा है। नौ निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी इस सीट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बता दें कि विधानसभा चुनाव में गणेश सिंह को सिद्धार्थ कुशवाहा ने 4041 मतों से हराया था।

यह भी पढ़ें: दूसरे चरण की हाई प्रोफाइल सीटें: वायनाड में राहुल गांधी की अग्निपरीक्षा, 3 केंद्रीय मंत्री और 2 पूर्व CM की प्रतिष्ठा दांव पर, लोकसभा अध्यक्ष भी मैदान में

रीवा लोकसभा सीट

रीवा लोकसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा ने ब्राह्मण चेहरों पर दांव खेला है। भाजपा ने मौजूदा सांसद जनार्दन मिश्र पर भरोसा जताया है। जनार्दन मिश्रा का रीवा लोकसभा सीट पर 10 सालों से कब्जा है। भाजपा ने उन पर तीसरी बार भरोसा जताया है। कांग्रेस ने जनार्दन मिश्र के सामने नीलम अभय मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है।

नीलम मिश्रा ने 2013 में भाजपा की टिकट पर सेमरिया विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था। उनके पति अभय मिश्रा मौजूदा समय में सेमरिया से विधायक हैं। बसपा ने रीवा सीट पर अभिषेक पटेल को टिकट दिया है। सात निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी यहां चुनाव मैदान में हैं।

खजुराहो लोकसभा सीट

खजुराहो में इस बार चुनाव दिलचस्प है। कांग्रेस से गठबंधन के तहत यह सीट समाजवादी पार्टी को मिली थी। मगर यहां से सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द हो चुका है। इसके बाद ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के आरबी प्रजापति को कांग्रेस और सपा समेत गठबंधन में शामिल पर्टियों ने साझा प्रत्याशी घोषित किया है।

भाजपा से विष्णु दत्त शर्मा चुनावी मैदान में हैं। बसपा से कमलेश कुमार मैदान में हैं। यहां चार निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: दो पूर्व CM के बेटे चुनाव मैदान में: झालावाड़-बारां में लगी वसुंधरा राजे की प्रतिष्ठा, जालौर में अशोक गहलोत की अग्निपरीक्षा

टीकमगढ़ लोकसभा सीट

टीकमगढ़ लोकसभा सीट पर दो निर्दलीय समेत कुल सात प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा ने डॉ. वीरेंद्र कुमार को टिकट दिया है। उनके सामने कांग्रेस से खुमान उर्फ पंकज अहिरवार उतरे हैं। बहुजन समाज पार्टी ने अहिरवार दल्लूराम को पर भरोसा जताया है। भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार लगातार सात बार से सांसद हैं। खास बात यह है कि टीकमगढ़ सीट से लगातार तीन बार जीत चुके हैं और अब चौथी बार इसी सीट से चुनाव मैदान में हैं।

दमोह लोकसभा सीट

दमोह से भाजपा ने पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी को टिकट दिया है। कांग्रेस ने यहां तरबर सिंह लोधी को उतारा है। बसपा की टिकट पर इंजीनियर गोवर्धन राज अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस सीट पर आठ निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

होशंगाबाद लोकसभा सीट

होशंगाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा ने दर्शन सिंह चौधरी को प्रत्याशी बनाया है। दर्शन सिंह के सामने कांग्रेस के संजय शर्मा उर्फ संजू भैया हैं। बसपा ने रामगोविंद बारुआ को उतारा है। इस सीट पर सात निर्दलीय समेत कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें: 'अमेठी से हार सकते हैं तो वायनाड से क्यों नहीं' पढ़ें राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहीं एनी राजा का इंटरव्यू