विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'गाढ़ी कमाई लूटने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा', 400 पार सीटों पर क्या बोले शिवराज सिंह चौहान, पढ़िए इंटरव्यू

Published: Fri, 24 May 2024 10:08 AM (IST)

Lok sabha Election 2024 शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड में झामुमो-कांग्रेस और राजद का गठबंधन मिलकर लूट मचाए ...और पढ़ें

Lok sabha Election 2024: एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का इंटरव्यू।
Lok sabha Election 2024: एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का इंटरव्यू।

Lok sabha Election 2024: दिव्यांशु, जागरण। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए देशभर में घूम रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'अबकी बार 400 पार' के नारे पर उनका कहना है कि देश के लोगों ने भाजपा को इतनी सीटें देने का मन बनाया है। रांची में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे शिवराज सिंह चौहान से दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता दिव्यांशु ने बातचीत की। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार कांग्रेस का चरित्र है। झारखंड में झामुमो-कांग्रेस और राजद का गठबंधन मिलकर लूट मचाए हुए है। यही वजह है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व मंत्री समेत कई अधिकारी जेल में हैं। झारखंड में उनका मानना है कि सभी 14 सीटें भाजपा जीतेगी।

प्रश्न: झारखंड में सात सीटों पर चुनाव हो गए हैं, बाकी सात पर होना है। राज्य में भाजपा कितनी सीटें जीतेगी। झारखंड में पार्टी किस आधार पर वोट मांग रही है।

उत्तर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10 साल के काम के आधार पर हम वोट मांग रहे हैं। जिस तरह से झारखंड समेत पूरे देश में आदिवासी समाज के उत्थान के लिए काम हुआ है, उसके आधार पर हम वोट मांग रहे हैं। मैं अभी झारखंड के तीन लोकसभा में चुनाव प्रचार कर रांची लौटा हूं। जिस तरह का उत्साह दिख रहा है उसमें भाजपा की राज्य की सभी 14 सीटों पर जीत मिलेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है।

प्रश्न: चुनाव प्रचार के दौरान सभा में लोगों की प्रतिक्रिया देखकर आप राज्य में किस मुद्दे को प्रभावी मानते हैं।

उत्तर: झारखंड में भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है। कांग्रेस का चरित्र ही भ्रष्टाचार करने का है। झामुमो के साथ मिलकर कांग्रेस और राजद भ्रष्टाचार में लिप्त है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जेल में हैं, एक पूर्व मंत्री जेल में हैं। यह क्या बताता है? क्या जनता यह देख समझ नहीं रही है? और ऐसे में जब केंद्रीय एजेंसी कार्रवाई करती है तो ये आरोप लगाते हैं। कांग्रेस तो विरासत टैक्स जैसे अभारतीय परिकल्पना पर काम कर रही है। इन्हें हर हाल में लोगों की संपत्ति लूटनी है। जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा लूटने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा, यही बात प्रधानमंत्री कह रहे हैं।

प्रश्न: पांच चरणों के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। भाजपा ने अपने लिए 370 और एनडीए के लिए 400 पार सीटों का टारगेट सेट किया है। क्या यह पूरा होगा। खासकर मध्यप्रदेश में आप भाजपा को कितनी सीटें मिलती देख रहे हैं।

उत्तर: देखिए 400 पार कोई नारा नहीं है। यह देश को लोगों की इच्छा है। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के प्रति लोगों का आशीर्वाद इस बार 400 पार करा रहा है। जहां तक मध्यप्रदेश की बात है हम लोग सभी 29 सीटों पर जीत हासिल करेंगे।

प्रश्न: आप सांसद का चुनाव विदिशा से लड़ रहे हैं। भाजपा में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड भी आपके नाम है। चुनाव जीतने के बाद आप अपने को केंद्रीय मंत्री की भूमिका में देखते हैं या राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसा पद आपकी प्रतीक्षा में है।

उत्तर: मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। हमारी पार्टी में राष्ट्र के प्रति समर्पण और उसके विकास के काम में योगदान देने के लिए कार्यकर्ता बनते हैं। कोई पद या दायित्व, पार्टी तय करती है। मेरे लिए जो पार्टी तय करेगी वह काम करूंगा। हमारी पार्टी में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के लिए स्थान नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।