विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lok Sabha Election: कौन हैं उज्जवल निकम, जिन्हें BJP ने पूनम महाजन की जगह बनाया उम्मीदवार, आतंकी कसाब केस से है कनेक्शन

Published: Sun, 28 Apr 2024 09:14 AM (IST)

Lok Sabha Election 2024 भाजपा ने शनिवार को उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की है जिसमें पार्टी ने महाराष्ट्र ...और पढ़ें

Lok Sabha Election 2024: उज्जवल निकम का मुकाबला कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ से होगा।
Lok Sabha Election 2024: उज्जवल निकम का मुकाबला कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ से होगा।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। भाजपा ने मुंबई हमले के गुनहगार पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब को फांसी के तख्ते तक पहुंचाने वाले जाने-माने वकील पद्मश्री उज्ज्वल निकम को मुंबई उत्तर-मध्य लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने यहां से उज्ज्वल निकम को उम्मीदवारी देने के लिए अपनी दो बार की सांसद पूनम महाजन का टिकट काट दिया है।

महाजन भाजपा के दिग्गज नेता रहे प्रमोद महाजन की पुत्री हैं। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उज्ज्वल निकम को पहले मुंबई उत्तर-पश्चिम क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा चल रही थी। लेकिन, शनिवार को अचानक उनका नाम मुंबई उत्तर-मध्य क्षेत्र के लिए घोषित कर दिया गया।

हाई-प्रोफाइल मामलों के अभियोजक

निकम पहली बार मुंबई में 12 मार्च 1993 को हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के मुकदमे में सरकारी वकील के रूप में चर्चा में आए थे। इस मामले में उन्होंने 12 आरोपितों को मृत्युदंड की सजा दिलवाई थी। वह 26 नवंबर, 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले के आरोपित मोहम्मद अजमल कसाब को भी फांसी के तख्ते तक ले जाने में सफल रहे थे। इसके अलावा 1997 में टी सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार के मर्डर एवं 2006 में प्रमोद महाजन की हत्या के मामले में भी वह अभियोजक रह चुके हैं।

कुछ सीटों पर लाभ की उम्मीद

उज्ज्वल निकम अब तक आतंक और दुष्कर्म जैसे जघन्य मामलों में 628 आरोपितों को आजीवन कारावास एवं 37 को मृत्युदंड की सजा दिलवा चुके हैं। वह महाराष्ट्र के जलगांव जिले के मूल निवासी हैं। उन्हें उम्मीदवारी देने का लाभ भाजपा को उत्तर महाराष्ट्र की भी कुछ सीटों पर मिल सकता है।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024: सत्ता युद्ध का अजेय अभिमन्यु, जिसने कभी नहीं देखी पराजय, लेकिन आज किला बचाने के लिए संघर्ष

भारत की ऊंची वैश्विक स्थिति का श्रेय पीएम को

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, निकम ने कहा कि भारत की ऊंची वैश्विक स्थिति के लिए प्रधानमंत्री मोदी और उनके सहयोगियों को श्रेय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून गरीबों और कमजोरों के लिए प्रमुख सहारा है, इसी विचार के साथ वह भाजपा में शामिल हुए। उनके अनुसार देश की सुरक्षा और संप्रभुता किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होनी चाहिए। निकम ने कहा कि वह पूनम महाजन से बात करेंगे, क्योंकि वह उन्हें प्रमोद महाजन की हत्या के मुकदमे के दिनों से जानते हैं। कहा कि उन्होंने अदालत में अपने प्रतिद्वंद्वियों को कभी कम नहीं आंका। चुनावी मैदान में भी ऐसा ही करेंगे।

ये भी पढ़ें- 'यह भाजपा है, किसी के आने से कांग्रेसयुक्त नहीं होगी', अनुराग ठाकुर ने विशेष बातचीत में दिए सवालों के बेबाक जवाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।