Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    'वो लोग तो सेठ, अरबपति हैं, मध्य प्रदेश से उनका कोई लेना-देना नहीं', सीएम शिवराज का कमलनाथ और राहुल गांधी पर हमला

    By Abhinav AtreyEdited By: Abhinav Atrey
    Updated: Mon, 30 Oct 2023 09:18 PM (IST)

    MP Election 2023 सीएम शिवराज ने कांग्रेस नेता कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वो लोग तो सेठ अरबपति उद्योगपति हैं गांव-गली क्या जानें? मध्य प्रदेश की ...और पढ़ें

    बुधनी की जनता को अपना चुनाव सौंप शिवराज निकले फिर बीजेपी सरकार बनाने (फोटो एक्स)
    बुधनी की जनता को अपना चुनाव सौंप शिवराज निकले फिर बीजेपी सरकार बनाने (फोटो एक्स)

    HighLights

    1. बुधनी की जनता को अपना चुनाव सौंप शिवराज निकले फिर बीजेपी सरकार बनाने
    2. सीएम ने कमलनाथ और राहुल गांधी को लिया आड़े हाथ
    3. वो लोग तो सेठ, अरबपति, उद्योगपति हैं, मध्य प्रदेश से उनका कोई लेना-देना नहीं
    4. ये तो ठहरे परदेशी, सिर्फ चुनाव में आते हैं- मुख्यमंत्री
    5. प्रत्येक परिवार को मिलेगा रोजगार- मुख्यमंत्री

    जागरण न्यूज नेटवर्क, भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सोमवार (30 अक्टूबर) को सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन फॉर्म जमा किया। इसके साथ ही उन्होंने एलान कर दिया कि वे अब बुधनी में अपना प्रचार करने नहीं आएंगे, प्रदेश की बाकी 229 सीटों पर प्रचार कर फिर बीजेपी की सरकार बनाएंगे। बुधनी की जनता ने भी संकल्प लिया कि वे अपने भैया और मामा से रिश्ता निभाने के लिए इस चुनाव में शिवराज सिंह के लिए हर घर से पूरे वोट दिलाएंगे।

    नामांकन से पहले सीएम सपरिवार अपने गृहग्राम जैत पहुंचे। उन्होंने जन्मभूमि को प्रणाम किया। नर्मदा मैया और कुल देवी-देवताओं की पूजा अर्चना की। सीएम का इस मौके पर ऐतिहासिक रोड शो भी हुआ। नामांकन से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और उसके नेताओं को जमकर आड़े हाथों लिया।

    वो लोग तो सेठ, अरबपति, उद्योगपति हैं- शिवराज

    कांग्रेस नेता कमलनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब वो लोग तो सेठ, अरबपति, उद्योगपति हैं, गांव-गली क्या जानें? मध्यप्रदेश की माटी से उनका कोई लेना देना नहीं है, लेकिन अपना तो नरा ही जैत में गड़ा है। उनका तो पता ही नहीं होगा कि नरा कहां गड़ा है, वो तो नरा का मतलब ही नहीं जानते होंगे। वे तो ठहरे परदेशी, चुनाव में आते हैं फिर चले जाते हैं।

    मैं राख के ढेर में से भी उठ कर खड़ा हो जाऊंगा-सीएम

    सीएम ने कहा, एक दिन मेरे साथ दौरा करके देख लें, फिर दूसरे दिन उठ लें, तो बताएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के मित्र बहुत परेशान रहते हैं। सोचते हैं कि डेढ़ पसली का यह शिवराज कहां से आ गया। उन्होंने एक बार तो मेरा श्राद्ध ही कर दिया था। तब मैंने कहा कि मैं राख के ढेर में से भी उठ कर खड़ा हो जाऊंगा।

    खबरें और भी

    कांग्रेसी आटे को लीटर में तौलते हैं- सीएम

    शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि देखो उनमें और हममें अंतर क्या है? वे आटे को किस चीज में तौलते हैं, लीटर में। अब भैया धान का खेत काटने पहुंच जाएं, लेकिन यह पता ही नहीं है कि धान जमीन के नीचे होती है या जमीन के उपर। वे जमीनी वास्तविकता से परिचित नहीं हैं। हमने तो बक्खर हांके हैं। ढुली टांग कर उराई भी करी है।

    हर बहन, हर साल 1 लाख रुपये से ज्यादा कमाएगी- मुख्यमंत्री

    मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम सेवा करेंगे तो ऐसी करेंगे कि जमाना याद रखेगा कि कोई आया था। सीएम ने कहा कि मेरी जिंदगी का लक्ष्य है जनता की जिंदगी बेहतर बनाना। उन्होंने कहा कि आज मैं पूरे प्रदेश की बहनों को कह रहा हूं कि आने वाले 5 साल में हर बहन को लखपति दीदी बनाऊंगा। घर का काम काज करते हुए बहनें एक लाख रुपए से ज्यादा हर साल कमाएंगी।

    हर परिवार से एक व्यक्ति को देंगे रोजगार- शिवराज

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर घर में निश्चित आय के साधन हों। इसके लिए प्रदेश में बनने वाली बीजेपी सरकार हर परिवार में एक रोजगार देगी। जिससे सभी परिवार में कम से कम एक कमाऊ सदस्य हो।

    बहनों से मिला 1 रुपया, 1 करोड़ रुपये से ज्यादा- सीएम

    बहनों द्वारा चुनाव लड़ने के लिए सीएम शिवराज को मिलने वाले रुपयों पर उन्होंने कहा कि बहनों का एक रुपया करोड़ों की दौलत से ज्यादा है। मुझे किसी बहन ने 10 रुपए, तो किसी ने सिक्के दिए हैं कि ले जाओ भैया चुनाव लड़ने के लिए। जैसे शबरी के बेर भगवान राम को 56 व्यंजन से ज्यादा स्वादिष्ट लगे थे वैसे ही तुम्हारा एक रुपया कमल नाथ की करोड़ों की दौलत से ज्यादा है।

    मैं जमाना बदलने निकला हूं- मुख्यमंत्री

    मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तो बहुत काम करना है। उन्होंने कहा, "मैं केवल चुनाव लड़ने नहीं निकला हूं। मैं जमाना बदलने निकला हूं, मध्यप्रदेश और बुधनी बदलने निकला हूं। हर गांव को आदर्श बनाना है। हर खेत तक पानी पहुंचाना है, हर जवान को रोजगार देना है, हर बेटा-बेटी को बेहतर शिक्षा देना है। हर बीमार को इलाज देना है। अपने प्रदेश को स्वर्ग से सुंदर बनाना है।"

    सज्जनों के लिए कोमल, दुष्टों के लिए वज्र से भी कठोर हूं- शिवराज

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आप चिंता मत करना सज्जनों के लिए मैं फूल से ज्यादा कोमल हूं और दुष्टों के लिए हमारी सरकार वज्र से ज्यादा कठोर है। इसलिए मां-बहन और बेटी की तरफ गलत नजर उठाने वाले फांसी के फंदे पर चढ़ाए जाएंगे। मेरी बहनों अगले साल से जहां आधी से ज्यादा बहनें लिख कर देंगी कि शराब की दुकान नहीं चाहिए। वहां शराब की दुकान बंद कर दी जाएगी।

    अब जनता संभालेगी बुधनी- मुख्यमंत्री

    नामांकन जमा करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मैं बुधनी प्रचार करने के ​लिए नहीं आउंगा। बुधनी को बुधनी की मेरी जनता संभालेगी। जनता और मैं दो हैं ही नहीं, हम एक हैं। अब बुधनी के प्रचार का जिम्मा यहां की जनता पर है। सीएम की इस बात पर उपस्थित लोगों ने भी नारे लगा कर हामी भरी। बहनों और भाईयों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि बुधनी में रिकॉर्ड जीत होगी।

    पूजा- अर्चना करने के बाद सीएम ने दाखिल किया नामांकन

    नामांकन दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने गृहग्राम जैत पहुंचे और अपने कुल देवताओं की पूजा अर्चना की, इस अवसर पर सीएम शिवराज ने नर्मदा मैया और सलकनपुर पहुंचकर बिजयासन देवी के दर्शन कर पूजा की। इसके बाद उन्होंने रोड शो किया और फिर नामांकन भरने पहुंचे। नमाकंन फॉर्म जमा करने से पहले उन्होंने कहा कि मैं आज अपनी जन्मभूमि, कर्मभूमि, मातृभूमि, पुण्यभूमि वो माटी जिसके आशीर्वाद से प्रदेश की जनता की सेवा का इतना काम कर पाया मैं आज वहां प्रणाम करने आया हूं।

    मैं बुधनी वोट डालने आऊंगा- शिवराज

    सीएम ने आगे कहा, अपने ग्रामवासियों की शुभकामनाएं और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर आज मैं नामांकन फॉर्म जमा करने जा रहा हूं। उन्होंने कहा बुधनी की जनता ही मेरा परिवार है, ये ही शिवराज हैं, यहां के नागरिकों ने मुझे हमेशा प्रेम और स्नेह दिया है, उनके आशीर्वाद से ही आज मैं इस मुकाम पर हूं कि प्रदेश की सेवा कर पा रहा हूं। यहां का चुनाव जनता ही लड़ेगी मैं तो वोट डालने आऊंगा। उन्होंने कहा हमें अभी बहुत काम करना है, इसलिए प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार जरूरी है।

    ये भी पढ़ें: MP Election 2023: सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी विधानसभा सीट से भरा नामांकन, बोले- मेरी जनता हमेशा मेरे साथ