यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री बने एन.रंगास्वामी, उपराज्यपाल सुंदरराजन ने दिलाई शपथ
पुडुचेरी को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। एन रंगास्वामी केंद्र शासित प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। आज यानी 7 मई 2021 को ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (A ...और पढ़ें

पुडुचेरी, एएनआइ। पुडुचेरी को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। एन रंगास्वामी केंद्र शासित प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। आज यानी 7 मई, 2021 को ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के मुखिया रंगास्वामी को उपराज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने राजनिवास में एक सादे समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। रिपोर्ट के मुताबिक, एन रंगासामी ने चौथी बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। एन रंगास्वामी पुडुचेरी की राजनीति के जाने-माने चेहरे हैं। इससे पहले वो तीन बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। बता दें कि पुडुचेरी में एआईएनआरसी और भाजपा गठबंधन की सरकार बनी है।
अगले कुछ दिनों में अन्य मंत्री ले सकते हैं शपथ
आज एन.रंगासामी ने अकेले ही शपथ ली है। अभी फिलहाल किसी ने मंत्रीपद की शपथ नहीं ली है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिन में अन्य मंत्री शपथ ले सकते हैं। 30 विधानसभा सीटों वाले पुडुचेरी में मुख्यमंत्री समेत छह मंत्री हो सकते हैं। इतना ही नहीं पुडुचेरी में इस बार एक उपमुख्यमंत्री बनाने की भी बात की जा रही है। ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा जब पुडुचेरी में उपमुख्यमंत्री बनेगा।
एआईएनआरसी ने भाजपा के साथ मिलकर लड़ा था चुनाव
बता दें कि इस साल विधानसभा चुनाव में एन रंगास्वामी की पार्टी एआईएनआरसी ने भाजपा के साथ मिलकर पुडुचेरी का चुनाव लड़ा था, जिसमें गठबंधन को बहुमत (16 सीटें) हासिल हुई। इस चुनाव में एआईएनआरसी सबसे बड़ी पार्टी बनी है, जिसे 10 सीटों पर जीत मिली है। भाजपा को छह सीटे मिली हैं, वहीं पुडुचेरी में 6 निर्दलीय छह उम्मीदवार जीते हैं। विपक्ष में द्रमुक को छह और कांग्रेस को दो सीटों पर ही जीत हासिल हुई है।