विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rajasthan New CM: विधायकों के साथ अंतिम पंक्‍त‍ि में खड़े थे भजनलाल शर्मा, सीएम के नाम की हुई घोषणा तो...

By Jagran NewsEdited By: Praveen Prasad Singh
Published: Tue, 12 Dec 2023 06:56 PM (IST)Updated: Tue, 12 Dec 2023 08:01 PM (IST)

Rajasthan New CM जयपुर की सांगानेर सीट से विधायक बने 54 वर्षीय शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के निकट माने ...और पढ़ें

विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शर्मा के नाम का प्रस्ताव किया तो वो चौंक गए।
विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शर्मा के नाम का प्रस्ताव किया तो वो चौंक गए।

जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan New CM सभी कयासों और संभावनाओं को विराम देते हुए भाजपा ने पहली बार विधायक बने भजन लाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) को राजस्थान का नया मुख्यमंत्री चुना है। सीएम के लिए अपने नाम की घोषणा होने पर एक बार तो खुद शर्मा भी चौंक गए थे। भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री तक कुर्सी पर पहुंचने वाले शर्मा पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।

सांगानेर सीट से विधायक हैं होने वाले सीएम

जयपुर की सांगानेर सीट से विधायक बने 54 वर्षीय शर्मा पुराने स्वयंसेवक माने जाते हैं। शर्मा को सीएम बनाने से हमेशा चौंकाने वाले फैसले करने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी एक बार फिर से चर्चा में है। शर्मा के साथ दूसरी बार विधायक बनी दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा उप मुख्यमंत्री होंगे। वहीं आरएसएस पृष्ठभूमि के वरिष्ठ विधायक वासुदेव देवनानी नए विधानसभा अध्यक्ष होंगे।

यह भी पढ़ें : 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से हार गए थे प्रेम चंद बैरवा, दलित चेहरे को कैसे मिली डिप्टी CM की कमान

'सभी के साथ मिलकर करेंगे प्रदेश का विकास'

छत्तीसगढ़ में आदिवासी और मध्यप्रदेश में ओबीसी चेहरे को सीएम बनाने के बाद राजस्थान में सामान्य वर्ग के शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया गया है। उनके साथ उप मुख्यमंत्री बनी दीया कुमारी राजपूत और बैरवा दलित समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। वहीं देवनानी भाजपा के कोर वोट बैंक सिंधी समाज से हैं। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद शर्मा ने कहा, 'सभी नेताओं के साथ मिलकर प्रदेश का सर्वांगीण विकास करेंगे।'

अंतिम पंक्ति में बैठे शर्मा खुद चौंक गए

विधायक दल का नेता चुनने के लिए मंगलवार को जयपुर स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शर्मा के नाम का प्रस्ताव किया तो खुद शर्मा चौंक गए। बैठक में मौजूद विधायकों ने बताया कि शर्मा का चेहरा देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे उन्हें खुद विश्वास नहीं हो रहा हो। बैठक में वे अन्य विधायकों के साथ चौथी पंक्ति में बैठे थे। आगे की दो पंक्तियों में वरिष्ठ नेता व विधायक बैठे थे। हालांकि, कुछ देर में प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी ने उन्हे मंच पर बुलाया। पार्टी के पांच वरिष्ठ विधायकों ने उनके नाम का समर्थन किया।

यह भी पढ़ें : कौन हैं राजस्थान के होने वाले नए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा? जिनके नाम पर भाजपा विधायक दल की बैठक में लगी मुहर

इस मौके पर पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े और राज्यसभा सांसद सरोज पांडे मौजूद थी। शर्मा को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद तीनों पर्यवेक्षक,शर्मा,जोशी,वसुंधरा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राजभवन जाकर राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया। 15 दिसंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है।पीएम मोदी सहित अन्य वरिष्ठ नेता इस मौके पर मौजूद रह सकते हैं।

राजनाथ ने वसुंधरा से की बात

दिल्ली से जयपुर पहुंचे राजनाथ ने यहां ललित होटल में वसुंधरा से अकेले में बातचीत की। सूत्रों के अनुसार,  राजनाथ ने वसुंधरा को पार्टी नेतृत्व के फैसले के बारे में बताया और उन्हे विधायक दल की बैठक में शर्मा के नाम का प्रस्ताव करने के लिए तैयार किया। सूत्रों के अनुसार राजनाथ ने वसुंधरा को भरोसा दिया कि उनकी अगली भूमिका के बारे में अगले कुछ दिनों में निर्णय होगा।

यह भी पढ़ें : कौन हैं राजस्थान की डिप्टी सीएम बनने वालीं दीया कुमारी; राजघराने की राजकुमारी का कैसा रहा राजनीतिक सफर?

इन नामों की थी चर्चा

सीएम पद को लेकर सबसे अधिक चर्चा वसुंधरा की थी। उन्हे नहीं बनाए जाने की स्थिति में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल के नाम चर्चा में थे। लेकिन मोदी और शाह की जोड़ी ने ऐसे नाम का चयन किया, जो चर्चा में ही नहीं था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।