विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MLC चुनाव में UP के कई जिलों में हंगामा, भाजपा-सपा कार्यकर्ताओं में झड़प; वोटिंग के दौरान लगे फर्जी मतदान के आरोप

Published: Fri, 23 Oct 2026 11:14 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव के दौरान कई जिलों में भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं। फर्जी मतदान ...और पढ़ें

सपा और भाजपाइयों के बीच गहमा गहमी को शांत कराने काप्रयास करते डीएम बृजेश कुमार। वीडियो ग्रैब

सपा और भाजपाइयों के बीच गहमा गहमी को शांत कराने काप्रयास करते डीएम बृजेश कुमार। वीडियो ग्रैब 

HighLights

  1. एमएलसी चुनाव में भाजपा-सपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं

  2. कई जिलों में फर्जी मतदान और वोट चोरी के आरोप लगे

  3. नेताओं ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन भी किया

जागरण टीम, कानपुर। उत्तर प्रदेश में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान कई जिलों में झड़प हुई। भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं के बीच हंगामे की घटनाएं सामने आईं। कहीं मतदाताओं को पर्चियां बांटने पर विरोध हुआ तो कहीं फर्जी मतदान और वोट चोरी के आरोप लगाए गए। कुछ स्थानों पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया।

बांदा और महोबा में पर्ची बांटने पर विरोध

बांदा में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए हिंदू इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर भाजपा विधायक ओममणी वर्मा और उनके समर्थकों के काफी देर तक रुकने पर सपाइयों ने विरोध जताया। इसे लेकर केंद्र पर हंगामा हुआ। महोबा में सदर तहसील मतदान केंद्र के बाहर सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता मतदाताओं को प्रत्याशी की फोटो और कमल निशान वाली पर्चियां दे रहे हैं। विरोध के बाद मतदान केंद्र से करीब 20 मीटर दूर लगा भाजपा का बस्ता हटवाया गया।

फतेहपुर के विजयीपुर और बहुआ बूथों पर सपा कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी और फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। हालांकि, जांच में व्यवस्था दुरुस्त मिली।

इटावा और औरैया में भी भिड़े कार्यकर्ता

इटावा में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान चकरनगर में सपा और भाजपा नेताओं के बीच झड़प हो गई। औरैया के अजीतमल, बिधूना, ऐरवाकटरा और भाग्यनगर ब्लॉक में भी दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ। अजीतमल में सपा सांसद जितेंद्र दोहरे, विधायक प्रदीप यादव समेत अन्य सपाई सड़क पर बैठ गए।

फर्रुखाबाद और कन्नौज में भी विवाद

फर्रुखाबाद के कायमगंज तहसील कार्यालय स्थित मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर मतदान में हस्तक्षेप का आरोप लगाया। मोहम्मदाबाद में सपा नेता और पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने ब्लॉक गेट के सामने सड़क पर बैठकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया। वहीं, कन्नौज के सदर ब्लॉक परिसर स्थित मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन ले जाने से रोकने पर भाजपा कार्यकर्ता आकाश मिश्रा की पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई।

फतेहपुर: विजयीपुर व बहुआ बूथों में सपाइयों का हंगामा, 47.20 प्रतिशत पड़े वोट

इलाहाबाद-झांसी खंड निर्वाचन क्षेत्र के लिए फतेहपुर में 47.20 प्रतिशत वोटिंग हुई। जिले में 17596 वोटरों के सापेक्ष 8306 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। विजयीपुर व बहुआ ब्लाक के बूथों में सपाइयों ने वोट चोरी और फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए भाजपा और सपा के उम्मीदवारों के अलावा 11 अन्य निर्दलीय उम्मीदवार हैं। उधर विजयीपुर ब्लाक में ब्लाक प्रमुख के पति एवं प्रतिनिधि आदित्य त्रिवेदी व सपा छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए हाथापाई की, जिसे पुलिस ने शांत कराया।

यह भी पढ़ें- कानपुर में बच्चों को पीटने से रोकने पर भड़की भाभी, देवर का प्राइवेट पार्ट काट डाला

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।