विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Mission 2024: लोकसभा चुनाव से पहले एक्शन में योगी सरकार, पिछड़े वर्गों को मिला मौका; जिलाध्यक्षों की लिस्ट जारी

By Prince SharmaEdited By: Prince Sharma
Published: Sat, 16 Sep 2023 07:40 AM (IST)

Mission 2024 वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा ने जिलाध्यक्षों व महानगर अध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची ...और पढ़ें

Mission 2024: लोकसभा चुनाव से पहले एक्शन में योगी सरकार, पिछड़े वर्गों को मिला मौका
Mission 2024: लोकसभा चुनाव से पहले एक्शन में योगी सरकार, पिछड़े वर्गों को मिला मौका

HighLights

  1. सभी अध्यक्षों की सूची टीम यूपी पर है। स्थानीय स्तर से और डिटेल दी जा सकती थी।
  2. 69 जिला व महानगर अध्यक्ष बदले, 29 पर ही दोबारा जताया गया भरोसा
  3. पिछड़ों व अति पिछड़ों पर पार्टी ने बढ़ाया फोकस, ब्राह्मण-क्षत्रियों को भी साधा

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा ने जिलाध्यक्षों व महानगर अध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची शुक्रवार को जारी कर दी। पार्टी ने दो-तिहाई से ज्यादा 69 अध्यक्षों को बदलने के साथ ही पिछड़ों व अति पिछड़ों को अबकी कहीं ज्यादा मौका दिया है। 29 मौजूदा अध्यक्षों पर भरोसा जताते हुए पार्टी ने उन्हें बरकरार रखा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी द्वारा 98 जिला व महानगर अध्यक्षों की सूची जारी की गई। लखनऊ महानगर अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष दोनों बदले गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर के जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्षों पर फिर से भरोसा जताया गया है।

अध्यक्षों के चयन में पार्टी ने सामाजिक व क्षेत्रीय संतुलन बनाते हुए जातीय समीकरण का ध्यान रखा है। सूची देखने से साफ है कि पार्टी का सर्वाधिक फोकस पिछड़ों व अति पिछड़ाें पर रहा है। ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य व कायस्थ को भी साधा है।

शिल्पी गुप्ता को मिली बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान कराने की जिम्मेदारी

पार्टी ने 36 पिछड़ों व अति पिछड़ों को जहां जिला व महानगर अध्यक्ष बनाया है वहीं अपने परंपरागत मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए 21 ब्राह्मण, 20 क्षत्रिय, आठ वैश्य, पांच कायस्थ व तीन भूमिहारों को सूची में जगह दी गई है। अनुसूचित जाति के मात्र पांच अध्यक्ष ही बनाए गए हैं। चार महिलाओं को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें प्रयागराज गंगापार में कविता पटेल, मऊ में नूपुर अग्रवाल, जालौन में उर्विजा दीक्षित व शाहजहांपुर महानगर में शिल्पी गुप्ता को बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पिछली सूची में केवल तीन जिलाध्यक्ष ही महिलाएं थी। राजधानी में ब्राह्मण व क्षत्रिय चेहरे पर दांव लगाते हुए लखनऊ महानगर के अध्यक्ष आनंद द्विवेदी व जिलाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह को बनाया गया है।

वाराणसी में विद्यासागर राय को फिर से महानगर अध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। कमलेश श्रीवास्तव को अब अयोध्या का महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। अयोध्या जिलाध्यक्ष पद पर संजीव सिंह पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है।

रामपुर में पहली बार अनुसूचित जाति का जिलाध्यक्ष बना

मैनपुरी का जिलाध्यक्ष बदलते हुए राहुल चतुर्वेदी को जिम्मेदारी दी गई है। रामपुर में पहली बार अनुसूचित जाति का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। यहां हंसराज पप्पू नए जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। कानपुर महानगर उत्तर में दीपू पाण्डेय व दक्षिण में शिवराम सिंह महानगर अध्यक्ष बने हैं।

कानपुर देहात में मनोज शुक्ला को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। प्रयागराज के महानगर, गंगापार और यमुनापार तीनों अध्यक्ष बदले हैं। प्रयागराज महानगर की कमान राजेन्द्र मिश्र को मिली है। गंगापार की अध्यक्ष कविता पटेल बनाई गई हैं, जबकि यमुनापार के अध्यक्ष विनोद प्रजापति बने हैं।

भाजपा ने यहां ब्राह्मण व पिछड़ी जाति के मतदाताओं को साधने का प्रयास किया है। आगरा में जिलाध्यक्ष पद पर गिरिराज कुशवाहा और महानगर अध्यक्ष पर भानु महाजन को दोबारा मौका दिया गया है। संभल में भाजपा ने जाट कार्ड खेला है। यहां हरेन्द्र सिंह रिंकू को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

फिरोजाबाद में राकेश शंखवार दूसरी बार महानगर अध्यक्ष बने हैं। उदय प्रताप सिंह जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। अलीगढ़ में कृष्णपाल सिंह लाला को जिलाध्यक्ष और राजीव शर्मा को महानगर अध्यक्ष बनाया गया है।

पवन शर्मा को मिले दोबारा मौका

बरेली में जिलाध्यक्ष के पद पर पवन शर्मा को दोबारा मौका मिला है। महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अधीर सक्सेना को दी गई है। इटावा में संजीव राजपूत को दोबारा जिलाध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ में शिव कुमार राणा को जिलाध्यक्ष व सुरेश चंद्र जैन रितुराज को महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। दोनों पार्टी के पुराने चेहरे हैं और पहले इस पद पर रह चुके हैं।

शाहजहांपुर में जिलाध्यक्ष के पद पर केसी मिश्र पर भरोसा जताते हुए फिर मौका दिया गया है। महानगर अध्यक्ष की कमान शिल्पी गुप्ता को सौंपी गई है। झांसी महानगर में हेमन्त परिहार व जिलाध्यक्ष अशोक गिरि को बनाया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।