Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिलीप घोष और रूपा गांगुली समेत भाजपा के कई बड़े चेहरे बड़े अंतर से जीते, कई हिंदीभाषियों ने भी मारी बाजी

    By RAJEEV KUMAR JHAEdited By: Jeet Kumar
    Updated: Tue, 05 May 2026 02:14 AM (IST)

    बंगाल में भगवा आंधी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और पूर्व राज्यसभा सदस्य व महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभाने वालीं रूपा गांगुली समेत भाजपा के ...और पढ़ें

    दिलीप घोष व रूपा गांगुली समेत भाजपा के कई बड़े चेहरे बड़े अंतर से जीते (फोटो- एक्स)

    दिलीप घोष व रूपा गांगुली समेत भाजपा के कई बड़े चेहरे बड़े अंतर से जीते (फोटो- एक्स)

    HighLights

    1. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष घोष खड़गपुर सदर से सीट से 30,506 वोटों के अंतर से जीते

    2. पूर्व केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने माथाभांगा से 57 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की

    राजीव कुमार झा, कोलकाता। बंगाल में भगवा आंधी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और पूर्व राज्यसभा सदस्य व महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभाने वालीं रूपा गांगुली समेत भाजपा के कई बड़े चेहरों व वरिष्ठ नेताओं ने बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज की।

    मेदिनीपुर से पूर्व सांसद दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर से सीट से 30,506 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इसी तरह रूपा गांगुली ने कोलकाता से सटे दक्षिण 24 परगना जिले की सोनारपुर दक्षिण सीट से 35,782 वोटों के बड़े अंतर से तृणमूल उम्मीदवार व मौजूदा विधायक अभिनेत्री लवली मैत्रा को हराकर शानदार जीत दर्ज की।

    भाजपा सांसद शांतनु ठाकुर की पत्नी सोमा ठाकुर ने जीत दर्ज की

    पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने कूचबिहार जिले की माथाभांगा सीट से 57 हजार 90 वोटों के बड़े अंतर से तृणमूल प्रत्याशी को हराकर जीत दर्ज की। पूर्व राज्यसभा सदस्य स्वप्न दासगुप्ता ने कोलकाता की रासबिहारी सीट से तृणमूल के निवर्तमान विधायक देवाशीष कुमार को 20865 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।

    उत्तर 24 परगना जिले की मतुआ बहुल बागदा सीट से केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद शांतनु ठाकुर की पत्नी सोमा ठाकुर ने अपनी ननद तृणमूल की निवर्तमान विधायक मधुपर्णा ठाकुर को हराकर जीत दर्ज की।

    हावड़ा की श्यामपुर सीट से अभिनेता हिरणमय चटर्जी ने जबकि शिवपुर सीट से अभिनेता व गायक रूद्रनील घोष ने जीत दर्ज की। कोलकाता नगर निगम में पार्षद सजल घोष ने कोलकाता से सटे बरानगर सीट से तृणमूल प्रत्याशी व निवर्तमान विधायक अभिनेत्री सायंतिका बनर्जी को 16,956 वोटों से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

    खबरें और भी

    कई हिंदीभाषी चेहरों ने भी दर्ज की शानदार जीत

    चुनाव में भाजपा की तरफ से कई हिंदीभाषी चेहरों ने भी शानदार जीत दर्ज की है। बैरकपुर से पूर्व भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले की नोआपाड़ा सीट से 17,656 वोटों से जीत दर्ज की। उनके पुत्र व निवर्तमान विधायक पवन सिंह ने भी जिले की भाटपाड़ा सीट से 22,807 वोटों से जीत दर्ज की है।

    विधानसभा में इस बार दोनों पिता- पुत्र एक साथ दिखेंगे। पूर्व आइपीएस डा राजेश कुमार ने भी भाटपाड़ा से सटे जगदल सीट से 20,909 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

    उत्तर हावड़ा से उमेश राय और बाली से संजय सिंह ने भी शानदार जीत दर्ज कर पहली बार विधायक चुने गए हैं। इसी तरह कोलकाता की जोड़ासांको सीट से भाजपा पार्षद विजय ओझा ने तृणमूल के विजय उपाध्याय को हराकर जीत दर्ज की है।

    कोलकाता की काशीपुर- बेलगछिया सीट से भाजपा के पुराने हिंदीभाषी नेता रितेश तिवारी ने भी जीत दर्ज कर पहली बार विधायक चुने गए हैं।

    इसी तरह आसनसोल के पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी ने पश्चिम बर्द्धमान जिले की पांडवेश्वर सीट से जीत दर्ज की है। प्रमुख हिंदीभाषी चेहरों में कांग्रेस छोड़कर हाल में भाजपा का दामन थामने वाले कोलकाता नगर निगम में चार बार के पार्षद संतोष पाठक को हालांकि कोलकाता की चौरंगी सीट पर तृणमूल की नयना बंद्योपाध्याय से हार का सामना करना पड़ा।