बंगाल चुनाव रिजल्ट 2026: सीएम ममता से सुवेंदु और अधीर समेत 2917 प्रत्याशियों की सियासी किस्मत का होगा फैसला
सबकी निगाहें कोलकाता की भवानीपुर सीट पर टिकी हैं, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी में कांटे की टक्कर बताई जा रही है। 2021 क ...और पढ़ें

आज विधानसभा की 294 सीटों में से 293 के नतीजे होंगे घोषित (फोटो- जागरण ग्राफिक्स)
HighLights
आज विधानसभा की 294 सीटों में से 293 के नतीजे होंगे घोषित, सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध
ममता बनर्जी, सुवेंदु व अधीर समेत 2,917 प्रत्याशियों की सियासी किस्मत का होगा निर्णय
विशाल श्रेष्ठ, कोलकाता। बांग्ला एइबार कार? (बंगाल इस बार किसका?) पिछले कई महीनों से सबकी जुबां पर तैर रहे इस यक्ष प्रश्न का सोमवार को उत्तर मिल जाएगा, जब बंगाल की 294 में से 293 विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित होंगे। फलता सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान होगा और उसकी मतगणना 24 मई को होगी।
सबकी निगाहें कोलकाता की भवानीपुर सीट पर टिकी हैं, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी में कांटे की टक्कर बताई जा रही है। 2021 के विस चुनाव में दोनों नंदीग्राम में आमने-सामने थे, जहां सुवेंदु ने जीत दर्ज की थी।
राज्य के 77 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा
सुवेंदु भवानीपुर के साथ इस बार भी नंदीग्राम से प्रत्याशी हैं। राज्य के 77 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। दोपहर तक साफ हो जाएगा कि तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सत्ता पर काबिज होने वाली है या जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की धरती पर भाजपा पहली बार सरकार बनाएगी, अथवा नतीजे इससे बिल्कुल इतर होने जा रहे हैं। यह भी देखने वाली बात होगी कि बंगाल में हाशिए पर पड़ी कांग्रेस व वाममोर्चा कैसा प्रदर्शन करते हैं।
बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की लंबी प्रक्रिया, अंतिम मतदाता सूची से 90 लाख से अधिक लोगों के नाम कटने, दशकों बाद हिंसा-मुक्त मतदान व रिकार्ड तोड़ वोटिंग के बाद सोमवार को जाहिर हो जाएगा कि हमेशा मुखर रहने वाले बंगाल ने इस बार 'नीरवता' से क्या निर्णय लिया है। सोमवार को 2,917 प्रत्याशियों की सियासी किस्मत का निर्णय होगा।
खबरें और भी
बंगाल में गत 23 अप्रैल व 29 अप्रैल को दो चरणों में हुए मतदान का कुल प्रतिशत 92.47 प्रतिशत रहा, जो स्वतंत्रता के बाद सर्वाधिक है।
गौर करने की बात है कि राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या पिछले विस चुनाव के मुकाबले करीब 51 लाख घटी, फिर भी मतदान करने वालों की संख्या में 30 लाख से अधिक की बढ़ोतरी देखी गई। इस बार विभिन्न राज्यों से लाखों प्रवासी श्रमिक भी वोट डालने पहुंचे थे। सियासी विश्लेषक महिलाओं के वोट को निर्णायक बता रहे हैं।
मतगणना केंद्र अभेद्य दुर्ग में तब्दील
चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। केंद्रीय बल की 700 कंपनियां तैनात रहेंगी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहेंगे।
अंदर केंद्रीय बल व बाहर पुलिस का दो स्तरीय सुरक्षा घेरा होगा। 77 पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। मतगणना केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी। कोलकाता के सात मतगणना केद्रों पर 1,500 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
मतगणना कर्मियों के लिए क्यूआर कोड वाला परिचय पत्र जारी किया गया है। मतगणना केंद्र के अंदर किसी को भी मोबाइल के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। आयोग ने 432 मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।
कोलकाता की 11 सीटों के लिए 12 पर्यवेक्षक होंगे
उत्तर 24 परगना जिले में सबसे अधिक 49 मतगणना पर्यवेक्षक होंगे। कोलकाता की 11 सीटों के लिए 12 पर्यवेक्षक होंगे। आयोग ने कहा है कि दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर मतगणना कर्मी नौकरी से बर्खास्त किए जा सकते हैं।
आयोग ने उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है, जहां एक से अधिक मतगणना कक्ष हैं। वहां 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। बेहतर व्यवस्था के लिए आयोग ने गत बार (108) की तुलना में मतगणना केंद्रों की संख्या घटाई है।
मतगणना केंद्रों पर जेनरेटर की विशेष तौर पर व्यवस्था की गई है। मालूम हो कि तृणमूल मतगणना के दौरान बिजली गुल करके गड़बड़ी की आशंका जता चुकी है।
नेपाल, भूटान और बांग्लादेश सीमा बंद
सिलीगुड़ी संवाददादा के अनुसार, राज्य से जुड़ी सभी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है। भूटान और बांग्लादेश के साथ-साथ दार्जिलिंग जिले में नेपाल सीमा को भी बंद कर दिया गया है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर तीन मई रविवार सुबह छह बजे से पांच मई मंगलवार सुबह छह बजे तक यानी 48 घंटे के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर कुछ विशेष परिस्थितियों को छोड़कर आवाजाही बंद कर दी गई है।
वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही तो बिल्कुल ही नहीं होगी। हालांकि स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन वाहन बिना किसी बाधा के गुजर सकेंगे। भूटान में मौजूद भारतीय पर्यटक वापस लौट सकते हैं। काम के सिलसिले में पड़ोसी देशों में गए लोग वैध दस्तावेज दिखाकर वापस आ सकेंगे। पर्यटक भी दस्तावेज साझा कर सीमा पार कर सकेंगे।
2021 के विस चुनाव के नतीजे पार्टी सीटें प्राप्त वोट
- तृणमूल कांग्रेस 215 48.02 प्रतिशत
- भाजपा 77 37.97 प्रतिशत
- आइएसएफ 01 1.36 प्रतिशत
- जीजेएम (टी) 01 0.27 प्रतिशत
- कांग्रेस 00 2.93 प्रतिशत
- वाममोर्चा 00 5.67 प्रतिशत