भवानीपुर में हाई वोल्टेज ड्रामा, स्ट्रांग रूम के पास कारें देख भड़के TMC कार्यकर्ता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतगणना केंद्र पर मतों की गिनती से एक दिन पहले रविवार को जमकर हंगामा हुआ। तृणमूल कांग्रेस कार्य ...और पढ़ें

भवानीपुर में स्ट्रांग रूम तक कार पहुंचने पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
HighLights
तृणमूल का आरोप, परिसर में घुसी कारों में लगे थे भाजपा के झंडे
चुनाव आयोग का दावा-जांच में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतगणना केंद्र पर मतों की गिनती से एक दिन पहले रविवार को जमकर हंगामा हुआ। तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के झंडे वाली दो कारों को उस परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई, जहां ईवीएम रखी गई हैं।
मतगणना केंद्र से 100 मीटर दूर डेरा डाले तृणमूल कार्यकर्ताओं ने रविवार सुबह आरोप लगाया कि भाजपा के झंडे लगी दो कार परिसर में घुसीं और स्ट्रांग रूम के पास तक गईं।
तृणमूल के एक कार्यकर्ता ने कहा कि मौके पर तैनात सीएपीएफ के जवान वैध पहचान पत्र के बिना किसी वाहन या व्यक्ति को मतगणना केंद्र परिसर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। ऐसे में इस कार को प्रवेश कैसे मिल गया? विरोध करने पर केंद्रीय बल ने हमें 100 मीटर पीछे हटने को कहा।
तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने वाहन को घटनास्थल से हटाने का आश्वासन दिया था लेकिन वह कुछ समय तक वहीं खड़ा रहा।
निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कार हरीश मुखर्जी रोड से गुजर रही थी और सुरक्षाबल एवं पुलिस द्वारा जांच किए जाने के बाद उसमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिलने पर उसे जाने दिया गया।
मतगणना केंद्र के बाहर तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़पउत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर में एक मतगणना केंद्र के बाहर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हुई।
भाजपा ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मतगणना केंद्र के बाहर अपने कैंप में पार्टी के झंडे लगा दिए थे, जिससे विवाद शुरू हुआ। वहीं, तृणमूल ने दावा किया कि केंद्रीय बल ने उन पर लाठीचार्ज किया। हालांकि, केंद्रीय बल और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति और नहीं बिगड़ी।