बंगाल चुनाव: खड़गपुर के दांतन में TMC-BJP कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान खड़गपुर के दांतन में TMC और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें भाजपा उम्मीदवार अजीत जाना सहित 54 लोग ...और पढ़ें
HighLights
खड़गपुर के दांतन में TMC-BJP कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प।
भाजपा उम्मीदवार अजीत जाना सहित 54 लोग घायल हुए।
दीघा-मंदारमणि पर्यटकों के लिए बंद, धारा 163 लागू।
जागरण संवाददाता, खड़गपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रचार अभियान के दौरान हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर तहसील अंतर्गत दांतन विधानसभा के मोहनपुर थाना क्षेत्र (अंताला) में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भीषण झड़प हो गई।
इस हिंसक टकराव में दांतन से भाजपा उम्मीदवार अजीत जाना समेत दोनों पक्षों के कम से कम 54 लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा के एक चुनावी जुलूस पर अचानक हमला किया गया।
इसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। उपद्रवियों ने दर्जनों कारों में तोड़फोड़ की और कई मोटरबाइकों को आग के हवाले कर दिया।
स्थिति बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल भेजा गया, जिसने काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोहनपुर थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। पर्यटकों के लिए दीघा-मंदारमणि बंद कर दिए गए हैं।
इधर, हिंसा और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी निरंजन कुमार ने पूर्व मेदिनीपुर जिले में धारा 163 लागू करने का आदेश जारी किया है। यह प्रतिबंध वोटिंग प्रक्रिया संपन्न होने तक जारी रहेगा।
सुरक्षा कारणों से दीघा और मंदारमणि के सभी होटलों को फिलहाल बंद रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, पर्यटकों के दीघा आने पर अभी पूरी तरह रोक लगा दी गई है, ताकि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
