विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Femina Miss India 2022: सिनी शेट्टी ने जीता मिस इंडिया व‌र्ल्ड 2022 का खिताब, फिनाले में पहुंचने वाली पहली आदिवासी बनीं झारखंड की रिया

By Piyush KumarEdited By:
Published: Mon, 04 Jul 2022 01:29 AM (IST)Updated: Tue, 05 Jul 2022 07:22 AM (IST)

मिस इंडिया का चयन करने के लिए अभिनेत्री नेहा धूपिया मलाइका अरोड़ा अभिनेता डीनो मोरिया डिजाइनर रोहित गांधी और राहुल ...और पढ़ें

कर्नाटक की सिनी शेट्टी को 'फेमिना मिस इंडिया व‌र्ल्ड 2022' चुन लिया गया। (फोटो सोर्स: मिस इंडिया, इंस्टाग्राम)
कर्नाटक की सिनी शेट्टी को 'फेमिना मिस इंडिया व‌र्ल्ड 2022' चुन लिया गया। (फोटो सोर्स: मिस इंडिया, इंस्टाग्राम)

मुंबई, पीटीआइ। कर्नाटक की सिनी शेट्टी को 'फेमिना मिस इंडिया व‌र्ल्ड 2022' चुन लिया गया है। रविवार रात जियो व‌र्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ग्रांड फिनाले में 21 साल की सिनी शेट्टी को फेमिना मिस इंडिया व‌र्ल्ड का ताज पहनाया गया। राजस्थान की रुबल शेखावत को फ‌र्स्ट रनर अप चुना गया। उत्तर प्रदेश की शिनाता चौहान को सेकेंड रनर अप का ताज पहनाया गया। मिस इंडिया का चयन करने के लिए अभिनेत्री नेहा धूपिया, मलाइका अरोड़ा, अभिनेता डीनो मोरिया, डिजाइनर रोहित गांधी और राहुल खन्ना, कोरियोग्राफर श्यामक डावर और पूर्व क्रिकेटर मिताली राज को जूरी का सदस्य बनाया गया था।

मनोरंजन उद्योग की प्रसिद्ध हस्तियों ने लिया हिस्सा

इस साल की सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन हाइब्रिड फार्मेट में किया गया। इसके तहत देश के कोने-कोने से प्रतिभागियों को चुनने के लिए आनलाइन आडिशन किया गया। आयोजकों ने बताया कि प्रतिभागियों के चयन के लिए विस्तृत अभियान चलाया गया। इसके बाद साक्षात्कार का दौर चला और राज्य विजेताओं को आखिरी राउंड के लिए मुंबई बुलाया गया। आखिरी राउंड से पहले प्रतिभागियों को मुंबई में सघन प्रशिक्षण दिया गया। ग्रांड फिनाले से पहले उन्हें मनोरंजन उद्योग की प्रसिद्ध हस्तियों ने परामर्श दिया। पूर्व फेमिना मिस इंडिया यूनिवर्स नेहा धूपिया ने कहा कि इस प्रतियोगिता से उनकी अनमोल यादें जुड़ी हैं।

फिनाले में पहुंचने वाली पहली आदिवासी बनीं झारखंड की रिया

रांची की रिया तिर्की भी फेमिना मिस इंडिया के ग्रैंड फिनाले में पहुंचीं। दावा है कि इस मुकाम तक पहुंचने वाली वह पहली आदिवासी महिला हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी है। हेमंत सोरेन ने लिखा है कि यह झारखंड के लिए गौरवशाली क्षण है। रिया ने उच्च शिक्षा आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा स्थित पीबी सिद्धार्थ कालेज से प्राप्त की है। वह एक माडल और अभिनेत्री हैं। मुंबई से फोन पर रिया तिर्की ने दैनिक जागरण से बात की। बताया कि उनका एक सपना सच हो गया है। यहां तक उनका पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि एक मौका आपके पूरे जीवन की दिशा बदल सकता है। वह एक उद्यमी बनने की इच्छा रखती हैं, जो आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा दे सके और साथ ही एक दीर्घकालिक, पर्यावरण के अनुकूल जीवन जीने के तरीके को बढ़ावा दे सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।