विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Box Office पर पहले दिन Thugs Of Hindostan की तूफ़ानी कमाई, बनाए इतने रिकॉर्ड

By Manoj VashisthEdited By:
Published: Fri, 09 Nov 2018 08:23 AM (IST)Updated: Sun, 11 Nov 2018 01:46 PM (IST)

ख़ास बात यह है कि ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान को समीक्षकों ने बेहद ख़राब रिव्यूज़ दिये हैं। धमाकेदार ओपनिंग के बाद अब आज के बिज़नेस पर नज़र रहेगी।

Box Office पर पहले दिन Thugs Of Hindostan की तूफ़ानी कमाई, बनाए इतने रिकॉर्ड
Box Office पर पहले दिन Thugs Of Hindostan की तूफ़ानी कमाई, बनाए इतने रिकॉर्ड

मुंबई। आमिर ख़ान और अमिताभ बच्चन ने पहली बार पर्दे पर साथ आकर इतिहास बना दिया है। दोनों कलाकारों की फ़िल्म 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' ने धमाकेदार ओपनिंग लेते हुए पिछले सारे रिकॉर्ड्स तहस-नहस कर दिये हैं। 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' ने किसी त्योहार के मौक़े पर रिलीज़ होने वाली फ़िल्मों में सबसे बड़ी ओपनिंग ली है। 

दिवाली के एक दिन बाद 8 नवंबर को रिलीज़ हुई 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' इस साल की बहुप्रतीक्षित फ़िल्मों में शामिल थी और ओपनिंग से लग रहा है कि लोगों को फ़िल्म का वाकई इंतज़ार था। रिलीज़ से पहले फ़िल्म की ओपनिंग ₹40 करोड़ के आस-पास रहने का अनुमान लगाया जा रहा था, मगर निर्माताओं द्वारा जारी किये गये अंतिम आंकड़ों के मुताबिक फ़िल्म ने ₹52.25 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग ली है। यह कलेक्शन तीनों भाषाओं हिंदी, तमिल और तेलुगु की रिलीज़ को मिलाकर है। तमिल और तेलुगु में फ़िल्म को ₹1.50 करोड़ मिला है, जबकि सिर्फ़ हिंदी भाषाई वर्ज़न ने ₹50.75 करोड़ जमा किये हैं। आंकड़ों के नज़रिए से यह पिछले 40 सालों में बेस्ट दिवाली रिलीज़ बताई जा रही है। रिकॉर्ड्स बुक में कुछ इस तरह दर्ज़ हुई है ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान-

यह भी पढ़ें: ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान ने बना दिया ऐसा रिकॉर्ड, शाह रुख़-सलमान सब पीछे

1. शाह रुख़ का फ़र्स्ट डे कलेक्शन का रिकॉर्ड ध्वस्त

'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' ना सिर्फ़ इस साल की, बल्कि भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फ़िल्म बन गयी है। अब तक यह रिकॉर्ड शाह रुख़ ख़ान के पास है, जिनकी फ़िल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' ने ₹44.97 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था। यह फ़िल्म भी दिवाली के मौक़े पर आयी थी। दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड तेलुगु फ़िल्म 'बाहुबली2- द कंक्लूज़न' के हिंदी वर्ज़न के नाम है, जो पिछले साल अप्रैल में रिलीज़ हुई थी और ₹41 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली थी, जबकि अभी तक तीसरे स्थान पर सलमान ख़ान की फ़िल्म 'प्रेम रतन धन पायो' है, जिसने ₹40.35 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था। यह फ़िल्म भी दिवाली पर ही रिलीज़ हुई थी।

2. 2018 की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड

अगर 2018 की बात करें तो टॉप 5 ओपनिंग कलेक्शंस इस प्रकार हैं।

  1. ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान- ₹52.25 करोड़
  2. संजू- ₹34.75 करोड़
  3. रेस3- ₹29.17 करोड़
  4. गोल्ड- ₹25.25 करोड़
  5. बाग़ी2- ₹25.10 करोड़

3. आमिर ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

आमिर की अपनी भी यह सबसे बड़ी ओपनिंग है। अगर आमिर की पिछली फ़िल्मों के ओपनिंग कलेक्शंस पर ग़ौर करें तो 'धूम3' ने ₹36.22 करोड़ जमा किये थे, जबकि दंगल को ₹29.78 करोड़ पहले दिन मिले थे। वहीं, पीके ₹26.63 करोड़, तलाश ₹13.50 करोड़ और 3 ईडियट्स ₹12.78 करोड़ पर रही थी। 

यह भी पढ़ें: ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान के प्रमोशन के लिए आमिर का नया पैंतरा, बॉलीवुड में पहली बार

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, क़रीब 240 करोड़ की लागत से बनी ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान के डिजिटल राइट्स ही ₹150 करोड़ में बिके हैं। अब तक यह रिकॉर्ड सलमान ख़ान की फ़िल्म रेस3 के नाम था, जिसके डिजिटल राइट्स क़रीब ₹130 करोड़ में बेचे गये थे।

4. सबसे अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ का रिकॉर्ड

'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' का रन टाइम यानि फ़िल्म की अवधि 2 घंटा 44 मिनट और 30 सेकंड है। भारत में फ़िल्म 5000 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी, जिनमें से 4500 से कुछ अधिक स्क्रींस सिर्फ़ हिंदी भाषा के लिए हैं, जबकि बाक़ी स्क्रींस तमिल और तेलुगु भाषा के लिए एलॉट की गयी हैं। ओवरसीज़ में 2000 स्क्रींस पर फ़िल्म उतारी गयी है। यह अब तक की सबसे बड़ी रिलीज़ है।

5. एडवांस बुकिंग में तीसरे नंबर पर

ओपनिंग डे कलेक्शन में एडवांस बुकिंग का काफ़ी बड़ा योगदान रहा है, जो 4 नवंबर से ही शुरू हो गयी थी। ट्रेड सूत्र बताते हैं कि लगभग दो लाख टिकटों की एडवांस बिक्री से ही फ़िल्म ₹27.50 करोड़ की रकम हासिल कर चुकी है । एडवांस बुकिंग से होने वाली यह तीसरी सबसे बड़ी कमाई है। इससे आगे 'बाहुबली2- द कंक्लूज़न' और 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' हैं, जिनकी दीवानगी पूरे देश में देखी गयी थी। 

क्रिटिक्स को नहीं आयी पसंद

ख़ास बात यह है कि 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' को समीक्षकों ने बेहद ख़राब रिव्यूज़ दिये हैं। धमाकेदार ओपनिंग के बाद अब आगे के बिज़नेस पर नज़र रहेगी, क्योंकि माउथ पब्लिसिटी से फ़िल्म का कारोबार प्रभावित होने की आशंका जतायी जा रही है। यशराज फ़िल्म्स निर्मित 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' को विजय कृष्ण आचार्य ने डायरेक्ट किया है, जो इससे पहले आमिर ख़ान के साथ 'धूम 3' जैसी कामयाब फ़िल्म बना चुके हैं।

इस पीरियड फ़िल्म की कहानी ब्रिटिश हुकूमत के दौर की है। अमिताभ बच्चन एक फ्रीडम फाइटर के रोल में हैं, जिसने समंदर के ज़रिए ब्रिटिश हुक्मरानों की नाक में दम किया हुआ है। आमिर ख़ान एक ठग के रोल में है, जिसे ब्रिटिश अमिताभ को ख़त्म करने के लिए भेजते हैं। कटरीना कैफ़ और फ़ातिमा सना शेख़ फ़ीमेल लीड रोल्स में हैं। फ़िल्म में पानी के जहाज़ों पर लड़ाई के कई हैरतअंगेज़ मंज़र नज़र आने वाले हैं। 

ऐसा रहा है दिवाली पर रिलीज़ फ़िल्मों का इतिहास

त्योहार के मौक़ों पर फ़िल्में रिलीज़ करने का चलन हमेशा से है। त्योहारों के आस-पास हंसी-ख़ुशी का जो माहौल रहता है, वो फ़िल्म व्यवसाय के लिए उत्प्रेरक का काम करता है। इस दौरान रिलीज़ होने वाली फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन करती रही हैं। एक पहलू यह भी है कि दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर अधिकतर बड़े बजट की फ़िल्मों को रिलीज़ किया जाता है, जिसके चलते छोटी फ़िल्मों को मौक़ा नहीं मिल पाता। अगर पिछले 5 सालों में रिलीज़ हुई फ़िल्मों की बात करें तो दिवाली ने किसी को निराश नहीं किया है। अधिकतर फ़िल्में सफल रही हैं।

2017 में दिवाली के मौक़े पर 19 अक्टूबर को आमिर ख़ान निर्मित 'सीक्रेट सुपरस्टार' रिलीज़ हुई थी। अद्वैत चंदन निर्देशित फ़िल्म में मुख्य भूमिका दंगल गर्ल ज़ायरा वसीम ने निभायी थी, जबकि आमिर स्पेशल एपीयरेंस में ही थे। फ़िल्म में आमिर का एक्सटेंडेट कैमियो था। फ़िल्म ने ₹4.80 करोड़ की ओपनिंग ली और घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर ₹63.40 करोड़ का शानदार कलेक्शन करके हिट रही। वहीं 4 महीने बाद जब चीन में रिलीज़ हुई तो फ़िल्म ने ₹750 करोड़ का अभूतपूर्व कलेक्शन किया।

इसके साथ अजय देवगन की 'गोलमाल अगेन' रिलीज़ हुई जो रोहित शेट्टी की ब्लॉकबस्टर गोलमाल सीरीज़ का चौथा भाग थी। ₹30.14 करोड़ की ओपनिंग लेकर फ़िल्म ने ₹205.69 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था। इस फ़िल्म ने अजय देवगन को 200 करोड़ क्लब में एंट्री दिलवायी थी। 2016 में करण जौहर की 'ऐ दिल है मुश्किल' और अजय देवगन की 'शिवाय' दिवाली के मौक़े पर रिलीज़ हुई थीं।

इस क्लैश को लेकर काफ़ी हंगामा भी रहा। 'ऐ दिल है मुश्किल' ने पहले दिन ₹13.30 करोड़ जमा किये और ₹112.48 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था। वहीं, 'शिवाय' ने ₹10.24 करोड़ की ओपनिंग ली और ₹100.33 करोड़ का कुल कलेक्शन किया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।