विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बॉलीवुड में असफलता के डर से दीपक तिजोरी ने हासिल की थी लॉ की डिग्री, फिर 'आशिकी' एक्टर को ऐसे मिली सफलता

By Anand KashyapEdited By:
Published: Wed, 17 Mar 2021 12:04 PM (GMT+05:30)

जो जीता वही सिकंदर और आशिकी जैसी कई हिट फिल्मों में नजर आ चुके अभिनेता दीपक तिजोरी अपने फिल्मी करियर ...और पढ़ें

बॉलीवुड अभिनेता दीपक तिजोरी , Instagram : deepaktijoriteam
बॉलीवुड अभिनेता दीपक तिजोरी , Instagram : deepaktijoriteam

नई दिल्ली, जेएनएन। खिलाड़ी, जो जीता वही सिकंदर और आशिकी जैसी कई हिट फिल्मों में नजर आ चुके अभिनेता दीपक तिजोरी अपने फिल्मी करियर को लेकर सुर्खियों में हैं। दीपक तिजोरी 90 के दशक के उन कलाकारों में से एक हैं जिन्होंने सह कलाकार के तौर पर फिल्मी पर्दे पर अपनी खास छाप छोड़ी थी। अब दीपक तिजोरी ने अपने फिल्मी करियर को याद किया और बताया कि उन्हें बॉलीवुड में कैसे काम मिला था।

दीपक तिजोरी ने अंग्रेजी वेबसाइट टाइम्स ऑफ इंडिया को इंटरव्यू दिया है। इस इंटरव्यू में उन्होंने अपने फिल्मी करियर को लेकर लंबी बात की है। उन्होंने कहा, '80 के दशक में मेरा बॉलीवुड सफर शुरू हुआ था। मैं एक बाहरी व्यक्ति था और यह नहीं जानता था कि चीजें कैसे काम करती हैं। मैं कॉलेज में था, जहां मैं बॉलीवुड से संबंध रखने वाले लोगों से मिला। ऐसे में अचानक मैं अपने आसपास की हस्तियों के साथ बॉलीवुड के इस चौंकाने वाले सिस्टम में आ गया और यह एक किक की तरह था।'

दीपक तिजोरी ने आगे कहा, 'मेरी मां डांसर और एक रेडियो कलाकार थी जिन्होंने मुझे प्रेरणा दी थी। वह हमेशा चाहती थी कि उनका कम से कम एक बेटा अभिनय में उतरे और उनकी विरासत को आगे बढ़ाए। मुझे लगता है कि मैं ऐसा कर रहा हूं। कॉलेज में परेश रावल, फिरोज खान मेरे सीनियर थे, आमिर खान मेरे जूनियर थे, आशुतोष गोवारिकर मेरे पूर्व सहयोगी थे। यहां तक ​​कि मेरे आसपास का माहौल सांस्कृतिक गतिविधियों से भरा था। इसलिए लोक नृत्य के बाद मैं नाट्यशास्त्र में आ गया और फिर चीजें बढ़ गईं। इन सब चीजों ने मुझे फिल्मों में आने के लिए प्रेरित किया।'

अभिनेता ने आगे कहा, 'चूंकि मैं बहुत संपन्न परिवार से नहीं था और मेरे पिता सोने की खदान में नहीं बैठे थे, इसलिए मुझे बहुत काम करना पड़ा। मैं उसी समय अपनी पढ़ाई भी कर रहा था क्योंकि मुझे नहीं पता था कि मैं भविष्य में क्या करने जा रहा हूं। अगर फिल्म इंडस्ट्री मुझे स्वीकार नहीं करेगी, तो मुझे बैक-अप रखना होगा। मैंने कॉमर्स में मास्टर्स किया है। मैंने लॉ की डिग्री भी हासिल की। यह एक लंबी प्रक्रिया थी और मैंने कई तरह के अनोखे काम किए। अलग-अलग जगहों पर काम करके अनुभव हासिल किया और जिंदगी जीने के बारे में जाना।'

दीपक तिजोरी ने अपनी डेब्यू फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, 'जब मुझे पारले उत्पाद के लिए अपना पहला मॉडलिंग असाइनमेंट नहीं मिल था, तब तक मैं यही करना चाहता था। मैंने विज्ञापन के दौरान कई सुपरमॉडल के साथ काम किया था। रिया पिल्लई के साथ मेरा एक पोस्टर चर्चा में रहा था। इसलिए मैंने फिल्मों में करियर बनाने का फैसला किया और अपने पोर्टफोलियो के साथ निर्माताओं के ऑफिस जाना शुरू किया। यह सीमित निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस के साथ एक दिलचस्प जगह थी।'

अभिनेता ने आगे बताया, 'कोई भी मुझे नहीं जानता था, फिल्म इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर, चाचा या चाची नहीं था। और तभी मेरी यात्रा शुरू हुई। पहले तीन साल सच में बहुत निराशाजनक थे और मुझे लगता है कि यह वो नहीं था जो मैं करना चाहता था, लेकिन मैं हार नहीं मान रहा था और तभी मुझे 'आशिकी' के लिए कॉल आया। इससे पहले, मैं निश्चित रूप से एक मुश्किल और दर्दनाक समय से गुजर रहा था। 'आशिकी' के बाद हालात बदल गए। एक दशक के बाद यह एक बहुत ही सुखद यात्रा थी।' 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।