Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    'भगत सिंह' के लिए दीवानगी ने इन सितारों को बनाया क्रांतिकारी, शम्मी कपूर से अजय देवगन तक हैं प्रेरित

    Updated: Tue, 13 Aug 2024 07:29 PM (GMT+05:30)

    जब भी आजादी का जिक्र होगा वीर सपूत शहीद भगत सिंह का नाम जरूर याद किया जाएगा। आजादी की लड़ाई में उनका योगदान और बलिदान अहम रहा है। इस साल भारत आजादी का ...और पढ़ें

    सितारे जिन्होंने पर्दे पर निभाया शहीद भगत सिंह का किरदार
    सितारे जिन्होंने पर्दे पर निभाया शहीद भगत सिंह का किरदार

    HighLights

    1. आजादी की लड़ाई में भगत सिंह का रहा है अहम योगदान
    2. 15 अगस्त को देश मनाएगा आजादी की 78वीं वर्षगांठ
    3. भगत सिंह के किरदार को कई बार पर्दे पर उतारा गया है

    एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। पूरा देश 78वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारी में है। अंग्रेजों की वर्षों की गुलामी के बाद भारत को आजादी मिली थी। हालांकि, ये सब आसान नहीं था। देश के लिए आजादी की लड़ाई में सरदार भगत सिंह (Sardar Bhagat Singh) की भूमिका रही है, जो अपने प्राणों का बलिदान देने से भी पीछे नहीं रहे। हमने किताबों में इनकी कहानी पढ़ी है। हिंदी सिनेमा ने भी इनके बलिदान को हमेशा अलग अंदाज में याद किया है।

    आखिरी सांस तक लड़े थे भगत सिंह

    आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुती देने वालों की लिस्ट लंबी है, जिसमें सरदार भगत सिंह की जगह हमेशा खास रहेगी। अदम्य साहस का परिचय देते हुए उन्होंने अपनी आखिरी सांस तक आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। देश के लिए उनके संघर्ष और जज्बे को कई फिल्मों में दिखाया जा चुका है। कह सकते हैं कि क्रांतिकारियों में शामिल भगत सिंह ने फिल्मकारों को बखूबी प्रभावित किया।

    शहीद भगत सिंह पर सिनेमाई दुनिया में कई मूवीज बन चुकी हैं। शम्मी कपूर से लेकर अजय देवगन (Ajay Devgn) तक ने पर्दे पर भगत सिंह के किरदार निभाए हैं। तो चलिये आज हम आपको भगत पर बनी फिल्में और उनका रोल निभाने वाले सितारों के बारे में बताएंगे, जिन्हें देख देशभक्ति का जज्बा हिलोरे मारने लगता है।

    जयराज

    भगत सिंह पर सबसे पहली फिल्म 'शहीद आजम भगत सिंह' पहली फिल्म थी। इस मूवी को जगदीश गौतम ने डायरेक्ट किया था। मूवी में भगत सिंह का रोल एक्टर जयराज ने किया था। शहीद भगत सिंह पर बनी इस फिल्म में स्मृति बिस्वास और अशिता मजूमदार भी लीड रोल में थे।

    खबरें और भी

    शम्मी कपूर

    1963 में 'शहीद भगत सिंह' नाम की फिल्म आई थी। इसमें भगत सिंह का रोल शम्मी कपूर ने किया था। फिल्म में एक्टर प्रेमनाथ, उल्हास और अचला सचदेव भी मुख्य किरदारों में थे। 

    मनोज कुमार

    मनोज कुमार ने अपने करियर में देशभक्ति से जुड़ी कई फिल्में कीं। इसी कड़ी में 1965 में मनोज कुमार, 'भगत सिंह' बनकर आए। इस किरदार के लिए उन्हें काफी पसंद किया गया।

    सोम दत्त

    सुनील दत्त के छोटे भाई सोम दत्त ने 'अमर शहीद भगत सिंह' में भगत सिंह का किरदार निभाया था। यह 1974 में रिलीज हुई मूवी थी। इस फिल्म का हिस्सा दारा सिंह भी थे।

    अजय देवगन

    साल 2002 में भगत सिंह पर बनी तीन फिल्में रिलीज हुई थीं, जिसमे से एक अजय देवगन की थी। उनकी मूवी 'द लेजेंड ऑफ भगत सिंह' रिलीज हुई थी। इस मूवी ने दो नेशनल अवॉर्ड और बेस्ट फीचर फिल्म का फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता था। अजय देवगन के अलावा सुशांत सिंह भी मुख्य किरदार में थे। उन्होंने सुखदेव की भूमिका निभाई थी।

    बॉबी देओल

    साल 2002 में ही देओल ब्रदर्स की फिल्म आई थी, जिसका नाम '23 मार्च 1931: शहीद' था। फिल्म में बॉबी ने भगत सिंह और सनी ने आजाद चंद्रशेखर का किरदार निभाया था।

    सोनू सूद

    2002 में भगत सिंह पर बनी तीसरी फिल्म 'शहीद-ऐ-आजम' भी रिलीज हुई थी। इसमें भगत सिंह का कैरेक्टर सोनू सूद ने प्ले किया था। जबकि, चंद्रशेखर आजाद के किरदार में राज जुत्शी थे।

    रंग दे बसंती

    2002 के बाद भगत सिंह के किरदार को 2006 में पर्दे पर उकेरा गया। आमिर खान ने चंद्रशेखर आजाद का किरदार निभाया था। भगत सिंह के रोल में सिद्धार्थ सूर्यनारायण थे।

    यह भी पढ़ें: चंद्रशेखर आजाद का किरदार निभाने के लिए दरी पर सोने लगे थे अखिलेंद्र मिश्रा, बढ़ाया 20 किलो वजन