विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फारूख शेख के जन्मदिन पर गूगल ने बनाया उन्हें डूडल, जानिये उनका सफ़र

By Hirendra JEdited By:
Published: Sun, 25 Mar 2018 10:38 AM (IST)Updated: Mon, 26 Mar 2018 07:52 AM (IST)

सहज और विनम्र से दिखाई देने वाले फारुख शेख ने अपने समय के चोटी के निर्देशकों के साथ काम किया है।

फारूख शेख के जन्मदिन पर गूगल ने बनाया उन्हें डूडल, जानिये उनका सफ़र
फारूख शेख के जन्मदिन पर गूगल ने बनाया उन्हें डूडल, जानिये उनका सफ़र

मुंबई। गूगल ने बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता फारूख शेख को डूडल बनाकर उनके जन्मदिन पर याद किया। फ़िल्मों के माध्यम से अपनी छवि को आम जन से जोड़ने वाले फारुख शेख का जन्म 25 मार्च, 1948 को गुजरात के अमरोली में मुस्तफा और फरीदा शेख के परिवार में हुआ। उनका नाता एक जमींदार परिवार से था।

फारुख शेख अपने पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। मुंबई के सेंट मैरी स्कूल में शुरुआती शिक्षा ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने यहां के सेंट जेवियर्स कॉलेज में आगे की पढ़ाई की। बाद में उन्होंने सिद्धार्थ कॉलेज ऑफ लॉ से कानून की पढ़ाई की। भारतीय अभिनेता, समाजसेवी और टेलीविजन प्रस्तोता रहे फारुख शेख ने अपने करियर की शुरुआत थियेटर से की थी। उन्होंने सागर सरहदी के साथ मिलकर कई नाटक भी किए हैं। बहरहाल,गूगल ने उनकी जयंती पर उन्हें अपना डूडल बना कर याद किया है!

यह भी पढ़ें: पेड़ लगाकर की कंगना ने अपने दिन की शुरुआत, इन फ़िल्मों से बनी वो 'क्वीन'

बॉलीवुड में उनकी पहली बड़ी फ़िल्म 'गरम हवा' थी जो 1973 में आई थी। फिर उसके बाद महान फ़िल्मकार सत्यजित रे के साथ 'शतरंज के खिलाड़ी' की। शुरुआती सफलता मिलने के बाद फारुख शेख को आगे भी फ़िल्में मिलने लगीं जिसमें 1979 में आई 'नूरी', 1981 की 'चश्मे बद्दूर' जैसी फ़िल्में शामिल हैं। दीप्ति नवल और फारुख शेख की जोड़ी सत्तर के दशक की सबसे हिट जोड़ी रही। दर्शक इन्हें फ़िल्मों में एक साथ देखना चाहते थे। इन दोनों ने एक साथ मिलकर कई फ़िल्में की इसमें 'चश्मे बद्दूर', 'साथ-साथ', 'कथा', 'रंग-बिरंगी' आदि प्रमुख हैं।

फारुख शेख अपने किरदारों में जुझारू, मध्यमवर्गीय और मूल्यजीवी इन्सान के साथ-साथ मनुष्य की फितरत को भी अभिव्यक्त करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी आखिरी फ़िल्मों में 'सास बहू और सेंसेक्स', 'एक्सीडेंट ऑन हिल रोड' और 'लाहौर' जैसी फ़िल्में रहीं। अभिनेता फारुख शेख ऐसे कलाकारों में शुमार हैं जो बड़े और असाधारण श्रेणी के फिल्मकारों की फ़िल्मों में एक खास किरदार के लिए पहचाने जाते हैं या फिर उसी खास किरदार के लिए बने हैं।

यह भी पढ़ें: बेटे अबराम के साथ कुछ यूं मस्ती कर रहे हैं शाह रुख़ ख़ान, इन तस्वीरों संग देखे वीडियो भी

सहज और विनम्र से दिखाई देने वाले फारुख शेख ने अपने समय के चोटी के निर्देशकों के साथ काम किया है। उन्होंने सत्यजित रे, मुजफ्फर अली, हृषिकेश मुखर्जी, केतन मेहता, सई परांजपे, सागर सरहदी जैसे फ़िल्मकारों का अपने अभिनय की वजह से दिल जीत लिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।