विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Baba Siddique Murder: सदमे में बॉलीवुड, सलमान खान ने कैंसिल की बिग बॉस की शूटिंग; जीशान सिद्दीकी से मिले

Published: Sun, 13 Oct 2024 01:05 AM (IST)Updated: Sun, 13 Oct 2024 07:01 AM (IST)

राकांपा के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की शनिवार को तीन बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं बाबा सिद्दीकी ...और पढ़ें

सलमान खान ने रद्द की बिग बॉस की शूटिंग
सलमान खान ने रद्द की बिग बॉस की शूटिंग

जागरण डेस्क, मुंबई। राकांपा के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की शनिवार को तीन बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाबा सिद्दीकी के निधन की खबर मिलने के बाद बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने बिग बॉस 18 की शूटिंग रद कर दी और वह रात में ही लीलावती अस्पताल पहुंच गए। 

सलमान खान के अलावा सीएम शिंदे, अजित पवार और शिल्पा शेट्टी कुंद्रा बाबा सिद्दीकी के परिवार से मिलने लीलावती अस्पताल पहुंचे। बाबा सिद्दीकी का मुंबई की राजनीति से लेकर बॉलीवुड में दबदबा रहता था। उनकी इफ्तार पार्टी में बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा लगा रहता था।

इफ्तार पार्टी के लिए थे मशहूर

बाबा सिद्दीकी मुंबई के सिने जगत में भी काफी लोकप्रिय रहे हैं। रमजान के दिनों में उनके द्वारा आयोजित होनेवाली इफ्तार पार्टियों में सलमान खान, शाह रुख खान और आमिर खान जैसे अभिनेताओं की उपस्थिति दर्ज की जाती रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में बाबा सिद्दीकी को अजीत पवार के प्रमुख रणनीतिकारों के रूप में देख जा रहा था।

बाबा सिद्दीकी के राजनीतिक करियर की बात करें तो वह बांद्रा पश्चिम से 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार विधायक रहे। उन्होंने 2004 से 2008 के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम और एफडीए राज्य मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली।

तीन शूटरों ने छह गोलियां मारीं

बाबा सिद्दीकी पर उनके पुत्र के कार्यालय के बाहर ही शनिवार रात लगभग 9.30 बजे मोटर साइकिल से आए तीन शूटरों ने छह गोलियां मारीं। घायलावस्था में बाबा सिद्दीकी को निकट के लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दो शूटरों में से एक हरियाणा तो दूसरा उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है। आरोपितों के पास से एक पिस्तौल भी बरामद हुई है। पुलिस इस घटना के पीछे लारेंस बिश्नोई गैंग पर शक जता रही है।

बता दें कि बाबा सिद्दीकी ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन (करीब 48 साल) कांग्रेस पार्टी में गुजारा। लेकिन इसी वर्ष उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी। उनके विधायक पुत्र जीशान सिद्दीकी के भी जल्दी ही राकांपा में शामिल होकर अगला विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है।

फरवरी में छोड़ी थी कांग्रेस

सिद्दीकी इसी साल फरवरी में कांग्रेस से राकांपा में शामिल हुए थे। वे करीब 48 साल तक कांग्रेस से जुड़े रहे। वे 1977 में अपने छात्र जीवन में ही कांग्रेस पार्टी से जुड़ गए थे। वह 1999, 2004 और 2009 में तीन बार बांद्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रहे। उनके बेटे जीशान सिद्दीकी बांद्रा पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से अभी कांग्रेस के विधायक हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।