Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Oscars 2023: आरआरआर, छेलो शो, कांतारा समेत ऑस्कर की कंटेंशन लिस्ट में पहुंचीं ये भारतीय फिल्में

    By Manoj VashisthEdited By: Manoj Vashisth
    Updated: Tue, 10 Jan 2023 12:48 PM (IST)

    Oscar 2023 भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह ऑस्कर अवॉर्ड्स खास होने वाले हैं क्योंकि कई फिल्मों ने अलग-अलग श्रेणियों में अपनी दावेदारी पेश की है। इनमे ...और पढ़ें

    Oscar Awards 2023 Kantara in contention list. Photo- Twitter
    Oscar Awards 2023 Kantara in contention list. Photo- Twitter

    नई दिल्ली, जेएनएन। Oscar Awards 2023 Contention List: पिछले साल की सबसे लोकप्रिय और सफल फिल्मों में से एक कांतारा (Kantara) अब 95वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में अपनी दावेदारी ठोकने जा रही है। फिल्म को एकेडमी अवॉर्ड्स की कंटेंशन लिस्ट में दो प्रमुख श्रेणियों बेस्ट पिक्चर और बेस्ट एक्टर में जगह मिली है। वहीं, 2022 की सबसे सफल हिंदी फिल्मों में से एक द कश्मीर फाइल्स (The Kashmir Files) ने भी कंटेंशन लिस्ट में जगह बनायी है। तेलुगु फिल्म आरआरआर (RRR) और भारत की आधिकारिक प्रविष्टि छेलो शो (Chhello Show) भी कंटेंशन लिस्ट में पहुंच चुकी हैं।

    कांतारा के निर्देशक और मुख्य कलाकार ऋषभ शेट्टी ने फिल्म के ऑस्कर की कंटेंशन लिस्ट में आने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने ट्वीट करके लिखा- हमें बेहद खुशी है कि कांतारा को द ऑस्कर क्वालिफिकेशंस मिले हैं। उन सभी का दिल से शुक्रिया, जिन्होंने हमें सपोर्ट किया। आपके साथ से हम इस यात्रा को आगे ले जाने की उम्मीद कर रहे हैं। अब ऑस्कर में इसके चमकने का इंतजार है। कांतारा को लेट एंट्री के तौर पर शामिल किया गया है।

     

    कंटेंशन लिस्ट में पहुंचीं 300 फिल्में

    95वें एकेडमी अवॉर्ड्स की कंटेंशन लिस्ट में दुनियाभर की 301 फिल्में पहुंची हैं। इस लिस्ट में शामिल होने वाली फिल्में नॉमिनेशन तक पहुंचने के लिए सदस्यों की वोटिंग के लिए एलिजिबल हो जाती है। इससे पहले राजामौली की आरआरआर बेस्ट ओरिजिनल स्कोर कैटेगरी में नॉमिनेशंस की वोटिंग के लिए क्वालीफाई हो चुकी है।

    भारत की आधिकारिक प्रविष्टि छेलो शो भी कंटेंशन लिस्ट में जा चुकी है। इन फिल्मों के अलावा संजय लीला भंसाली की गंगूबाई काठियावाड़ी, विवेक अग्निहोत्री की द कश्मीर फाइल्स को कंटेंशन लिस्ट में जगह मिली है।

    विवेक ने इसकी जानकारी शेयर करते हुए सोशल मीडिया में लिखा- द कश्मीर फाइल्स ऑस्कर 2023 के लिए एकेडमी की पहली लिस्ट में शॉर्टलिस्ट हुई है। यह भारत की 5 फिल्मों में से एक है। मैं उन सभी को शुभकामनाएं देता हूं। भारतीय सिनेमा के लिए एक बढ़िया साल। विवेक ने अगले ट्वीट में बताया कि पल्लवी जोशी, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार और अनुपम खेर बेस्टर एक्टर कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट हुए हैं। उन्होंने कहा कि ये तो बस शुरुआत है, आगे बहुत लम्बा रास्ता है। कृपया इन सभी को अपना आशीर्वाद दें।

    खबरें और भी

    आर माधवन की रॉकेट्री- द नम्बी इफेक्ट, इरविन निझल, कन्नड़ फिल्म विक्रांत रोणा, मराठी फिल्म मी वसंत राव और तुझ्या साठी कही ही इस लिस्ट में शामिल हैं। शौनक सेन की डॉक्युमेंट्री फिल्म ऑल दैट ब्रीद्स और कार्तिकी गोंजाल्विस की द एलिफैंट व्हिसपरर्स कंटेंशन लिस्ट में पहुंची हैं।

    कंटेंशन लिस्ट में आने वाली सभी फिल्में वोटिंग के जरिए नॉमिनेशंस में पहुंचेंगी, जिसके लिए वोटिंग 12-17 जनवरी तक चलेगी। 24 जनवरी को 95वें एकेडमी अवॉर्ड्स के नॉमिनेशंस घोषित किये जाएंगे, जबकि अवॉर्ड समारोह 12 मार्च को लॉस एंजेलिस में आयोजित किया जाना है। 

    गोल्डन ग्लोब की दो श्रेणियों में RRR

    10 जनवरी (भारत में 11 जनवरी) को हो रही गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में आरआरआर दो श्रेणियों बेस्ट पिक्चर- नॉन इंग्लिश लैंग्वेज और बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग में कॉम्पीट कर रही है। जानकारों का मानना है कि अगर गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में आरआरआर जीतती है तो इससे ऑस्कर अवॉर्ड्स में फिल्म की दावेदारी मजबूत होगी।