विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मुझे कॉमेडी फिल्म से नफरत...'Priyadarshan ने बताया क्यों डायरेक्ट नहीं करना चाहते Hera Pheri

Published: Wed, 02 Sep 2026 03:19 PM (IST)

निर्देशक प्रियदर्शन ने खुलासा किया है कि उन्हें कॉमेडी फिल्में निर्देशित करना पसंद नहीं है, जबकि 'हेरा फेरी' जैसी फिल्मों ने उन्हें पहचान दिलाई।

News Article Hero Image

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। प्रियदर्शन (Priyadarshan) ने बॉलीवुड को कुछ शानदार कॉमेडी फिल्में दी हैं। इनमें हेरा-फेरी (Hera- Pheri) से लेकर भूल भुलैया (Bhool Bhulaiyaa) और हलचल (Hulchul) जैसी फिल्में शामिल हैं। डायरेक्टर इन दिनों हैवान के डायरेक्शन में व्यस्त हैं जिसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान नजर आएंगे।

सीरियस कहानी बनाने पर कर रहे फोकस

प्रियदर्शन ने अपने हिंदी फिल्मी करियर की शुरुआत गंभीर कहानियों से की थी जिसमें 'गर्दिश' और 'विरासत' जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों ने खूब प्रशंसा बटोरी। लेकिन 2000 में आई 'हेरा फेरी' ने कॉमेडी को बॉलीवुड में उनकी मुख्य पहचान बना दिया।

2001 से 2021 तक, उन्होंने 20 हिंदी फिल्मों का निर्देशन किया, जिनमें से 16 हल्की-फुल्की कॉमेडी फिल्में थीं।

Priya (1)

अब, 'हैवान' के साथ वो फिर से सीरियस स्टोरीज कहने की ओर लौट रहे हैं। प्रियदर्शन ने यह भी बताया कि उन्हें फिल्मों में जबरदस्ती के चुटकुले या अलग से कॉमेडी सीन डालना पसंद नहीं है। इसके बजाय, वे कहानी और परिस्थितियों से स्वाभाविक रूप से उत्पन्न होने वाले हास्य को प्राथमिकता देते हैं।

निर्देशक को पसंद नहीं कॉमेडी फिल्में

हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए प्रियदर्शन ने कहा, 'मैंने गंभीर फिल्मों से शुरुआत की थी। 'गर्दिश' मेरे लिए सफल रही, 'विरासत' भी सफल रही। फिर 'हेरा फेरी' ने मेरी जिंदगी मुश्किल कर दी। उसके बाद, बस कॉमेडी, कॉमेडी और कॉमेडी ही करता रहा। सच कहूं तो, मुझे कॉमेडी फिल्मों की शूटिंग से नफरत है।'

Hera Pheri

उन्होंने आगे कहा, 'अब मुझे एहसास हुआ है कि मैं सिर्फ चुटकुलों से भरी फिल्में बनाने के बजाय ह्यूमर से भरपूर कहानियां और फिल्में बना सकता हूं। मैं सिचुएशन आने पर ही कॉमेडी का प्रयोग करता हूं। मैं बनावटी चुटकुले और कॉमेडी ट्रैक नहीं डालता। यहां तक कि कॉमेडी में भी, मेरा मानना है कि मेरे सभी किरदार गंभीर होते हैं, लेकिन लोगों को उनके साथ होने वाली घटनाएं हास्यपूर्ण लगती हैं। मुझे अभिनेताओं का मुंह बनाना पसंद नहीं है। यही एक तरीका है जो मुझे आता है।'

कब रिलीज होगी फिल्म?

हैवान में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर, सैयामी खेर, राजपाल यादव, शारिब हाशमी, राजेश शर्मा, मनोज जोशी और जिशू सेनगुप्ता नजर आएंगे। फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें- पर्दे पर 'आदमाखोरों' के शिकारी बनेंगे Akshay Kumar, एक्टर के हाथ लगी जिम कॉर्बेट की बायोपिक?

यह भी पढ़ें- साइको थ्रिलर Haiwaan में सैफ अली खान का कठिन एक्शन सीक्वेंस, खुद ही फिल्माए इंटेंस सीन्स; हालत हुई खराब