विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रामायण की सीता यानी दीपिका चिखलिया कमबैक के लिए तैयार, पढ़िये उनसे ये ख़ास बातचीत

By Hirendra JEdited By:
Published: Mon, 11 Jun 2018 01:27 PM (IST)Updated: Thu, 23 Aug 2018 02:16 PM (IST)

जागरण डॉट कॉम से एक ख़ास बातचीत में दीपिका ने बड़ी ही बेबाकी से कई सवालों के जवाब दिए।

रामायण की सीता यानी दीपिका चिखलिया कमबैक के लिए तैयार, पढ़िये उनसे ये ख़ास बातचीत
रामायण की सीता यानी दीपिका चिखलिया कमबैक के लिए तैयार, पढ़िये उनसे ये ख़ास बातचीत

मुंबई। करीब 32 साल पहले छोटे पर्दे के सीरियल रामायण के प्रसारण के दौरान अपने सीता के किरदार के चलते कई घरों में पूजी जाने वाली दीपिका चिखलिया हाल ही में तब चर्चा में आईं जब यह न्यूज़ आई कि वो हिंदी फ़िल्म ग़ालिब में एक अहम रोल में नज़र आयेंगी। ये फ़िल्म अफजल गुरु के बेटे ग़ालिब गुरु के जीवन पर है, जिसमें दीपिका ग़ालिब की मां तबस्सुम का रोल कर रही हैं।

बता दें कि दीपिका ‘ग़ालिब’ के अलावा ‘नटसम्राट’ के गुजराती रीमेक में भी नज़र आने वाली हैं। जागरण डॉट कॉम से एक बातचीत में दीपिका चिखलिया ने कहा कि जैसे सीता का किरदार उनके नाम और पहचान के साथ जुड़ गया है, ठीक ऐसे ही वो चाहती हैं कि कम से कम एक और किरदार वो ऐसा निभाये जिनसे उनकी एक नयी पहचान बने। सीता के अलावा उस किरदार के लिए भी वो याद की जायें!

बहरहाल, गुजरात के बिज़नेसमैन हेमंत टोपीवाला के साथ शादी करने के बाद उन्होंने एंटरटेमेंट की दुनिया से दूरी बना ली और अपने पति के कॉस्मेटिक्स के कारोबार में उनकी मदद करती हैं। दीपिका इसी कंपनी की रिसर्च और मार्केटिंग टीम को हेड करती हैं। यह कंपनी श्रृंगार बिंदी और टिप्स एंड टोज नेलपॉलिश बनाती है। दो बेटियों की मां दीपिका रामायण के अलावा टीपू सुल्तान और विक्रम और बैताल जैसे शो में भी नज़र आई थीं।

क्या आप जानते हैं कि रामानंद सागर की रामायण में अभिनय के समय दीपिका चिखलिया की उम्र महज 16 साल थी। कम उम्र में इतनी लोकप्रियता हासिल करने के बावजूद दीपिका का एक्‍टिंग कैरियर ज्‍यादा नहीं चला। लेकिन, राम के अपने किरदार के लिए अरुण गोविल और सीता के किरदार के लिए दीपिका आज भी याद की जाती हैं!

जागरण डॉट कॉम से एक ख़ास बातचीत में दीपिका ने बड़ी ही बेबाकी से कई सवालों के जवाब दिए। इतने साल ग्लैमर की दुनिया से दूर रहने को कितना मिस किया आपने? इस सवाल के जवाब में दीपिका कहती हैं कि- ‘मैं अपने जीवन में बेहद व्यस्त रही और मुझे समय ही नहीं मिला कि मैं यह सोच पाती कि कुछ छूट रहा है। शादी और बच्चों के साथ मैं खुश थी, मैंने उन पलों को इंजॉय किया। जब मेरी छोटी बेटी दसवीं में थी तब भी मुझे एक सीरियल का ऑफर आया जिसे मैंने बड़े प्यार से मना कर दिया। क्योंकि मेरी बेटियां मेरी प्राथमिकता रही हैं’। और जब मैंने कमबैक का मन बनाया तब मेरे पास ऑफर्स भी आने लगे। तो मैंने कुछ मिस नहीं किया है!’

जो लोग 20-22 साल के बाद कमबैक करती हैं, उन्हें क्या संदेश देना चाहेंगी? इसके जवाब में दीपिका कहती हैं कि- ‘उनसे मैं ये कहना चाहूंगी कि आपने जिस मुकाम पर छोड़ा था, वो बहुत अच्छा मुकाम है। आपका कम्पीटीशन अपने आप से ही है। आज किसी और से प्रतिस्पर्धा न करें। यह भूलकर आगे आये कि तब आप कैसी दिखती थीं? या तब आप टॉप की अभिनेत्री थीं? वर्तमान में चीज़ों और बदलावों को स्वीकार करें और पुरानी उपलब्धियों और स्टारडम को भूलकर एक नयी शुरुआत करें।’

क्या आपकी बेटी भी इंडस्ट्री में आ रही हैं? इस पर दीपिका कहती हैं कि नहीं उनकी बेटी इंडस्ट्री में नहीं आना चाहती, क्योंकि उनकी बेटियों ने कभी उन्हें एक अभिनेत्री के रूप में देखा ही नहीं तो उनका ध्यान ही इस तरफ नहीं गया कि वो भी एक एक्ट्रेस बने। बता दें कि दीपिका बड़ोदरा से लोक सभा सदस्य भी रही हैं। अब पॉलिटिक्स से दूरी के सवाल पर दीपिका बताती हैं कि आज भी उन्हें जब पार्टी चुनाव प्रचार के लिए बुलाती हैं तो समय होने पर वो प्रचार करने के लिए ज़रूर जाती हैं। कास्टिंग काउच के बारे में पूछने पर दीपिका कहती हैं कि- ‘इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच हमेशा से रहा है और हमेशा ही रहेगा। क्योंकि यह एक ज़रूरत सी बन गयी है। किसी को रोल की ज़रूरत होती है और वो तैयार हैं इसका हिस्सा बनने के लिए इसमें कोई क्या कर सकता है? यह उनका व्यक्तिगत मामला है।’

हाल ही में रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ के विवाद पर दीपिका ने कहा कि- ‘मुझे कहीं से भी फ़िल्म में कुछ गलत नहीं लगा क्योंकि फ़िल्म में जो दिखाया गया है वैसा हमारे समाज में हो रहा है। इस फ़िल्म में एक हाई क्लास सोसाइटी दिखाई गई है,जहां ये सब आम है।’

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।