विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एस.एस. राजामौली (S. S. Rajamouli)

By Tanya AroraEdited By: Tanya Arora
Published: Sat, 11 Mar 2023 12:21 PM (IST)Updated: Sat, 11 Mar 2023 12:26 PM (IST)

S. S. Rajamouli एस.एस.राजामौली की फिल्म RRR के नाटू-नाटू गाने को Oscar 2023 के लिए नॉमिनेट किया गया है। कौन ...और पढ़ें

S S Rajamouli Profile Rrr Director Debut Movie Personal and Professional Life/Twitter/Instagram/Social Media
S S Rajamouli Profile Rrr Director Debut Movie Personal and Professional Life/Twitter/Instagram/Social Media

एस.एस. राजामौली साउथ सिनेमा के मशहूर डायरेक्टर हैं। उन्होंने अधिकतर फिल्में तेलुगु भाषा में बनाई हैं। राजामौली ने मगधीरा, बाहुबली-द बिगिनिंग और बाहुबली -द कन्क्लूजन जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।

वह इंडस्ट्री के उन निर्देशकों की लिस्ट में शुमार हैं, जिन्होंने अपनी फिल्मों के जरिये दर्शकों को सिनेमाघरों में खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया है। एस.एस.राजामौली आज किसी भी पहचान के मोहताज नहीं हैं।

जहां एक तरफ उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगातार 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करके एक नया रिकॉर्ड कायम कर रही हैं, तो वहीं दूसरी तरफ उनकी फिल्म 'आरआरआर' को ग्लोबल स्तर पर सम्मान मिल रहा है।

बीते महीने ही उनकी फिल्म 'आरआरआर' के 'नाटू-नाटू' गाने को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित 'ऑस्कर' अवार्ड्स 2023 में भी हॉलीवुड गानों के साथ नॉमिनेट किया गया। कौन हैं एस. एस. राजामौली और क्या है उनका पूरा बैकग्राउंड, कैसे उन्होंने अपनी शुरुआत की, चलिए अपने इस आर्टिकल में जानते हैं।

  • एस.एस. राजामौली कौन हैं?
  • एस.एस. राजामौली राजामौली का जन्म कब और कहां हुआ?
  • एस.एस. राजामौली को किस फिल्म ने दिलाई पहचान?
  • बतौर निर्देशक एस.एस. राजामौली की पहली फिल्म कौन सी है?
  • एस.एस. राजामौली कैसे बने इंडियन सिनेमा के सबसे बड़े निर्देशक

एस.एस. राजामौली कौन हैं?

एस.एस.राजामौली तेलुगु सिनेमा के सबसे लोकप्रिय डायरेक्टर में से एक हैं। उनका पूरा नाम कोडुरी श्रीसैला श्री राजामौली है। वह इंडियन सिनेमा के उन निर्देशकों की लिस्ट में शुमार हैं, जो अपनी फिल्मों के लिए सबसे ज्यादा फीस लेते हैं। उन्हें इंडियन सिनेमा के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण निर्देशक के तौर पर जाना जाता है।

उन्होंने अपने करियर में अब तक 12 फीचर फिल्मों का निर्देशन किया है और उनकी ये सभी 12 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं।

एस.एस. राजामौली का जन्म कब और कहां हुआ?

एस.एस. राजामौली का जन्म 10 अक्टूबर को 1973 को आंध्र प्रदेश में तेलुगु परिवार में हुआ था। उनके पिता विजयेंद्र प्रसाद भी एक प्रसिद्ध राइटर हैं। उनकी माता का नाम राजा नंदिनी है। एस.एस. राजामौली के नाम और उनके जन्म के पीछे एक बेहद ही दिलचस्प कहानी है।

रिपोर्ट्स की मानें तो जब निर्देशक का जन्म हुआ, तो उस समय उनके माता-पिता कर्नाटक राज्य के रायचूर जिले में अमरेश्वर शिविर में रह रहे थे। उनका पूरा परिवार भगवान शिव का बड़ा भक्त है। जब उनकी मां ने श्रीशैलम के तीर्थ स्थल का दौरा किया था, तो उनकी मां को एक सपना आया था। इस दौरे के बाद ही एस.एस. राजामौली का जन्म हुआ और उनका नाम श्रीसैला श्री राजामौली रखा गया।

एस.एस. राजामौली की स्कूलिंग कहां हुई थी?

एस.एस. राजामौली की एक बहन भी हैं। निर्देशक की स्कूलिंग की बात करें तो उन्होंने कोव्वुर में चौथी क्लास तक पढ़ाई की, उसके बाद वह एलुरु में परिवार संग शिफ्ट हो गए, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट फर्स्ट इयर तक पढ़ाई की। उन्होंने इसके थोड़ा ब्रेक लिया और कोव्वुर में ही अपना इंटरमीडिएट का दूसरा साल पूरा किया।

इंटरमीडिएट तक पढ़ने के बाद उन्होंने कोई भी औपचारिक शिक्षा नहीं ली। एस.एस. राजामौली बचपन से ही कहानियों के काफी शौकीन रहे हैं। उनकी दादी बचपन में उन्हें रामायण, श्रीमद्भगवद्गीता और महाभारत की कहानियां सुनाया और पढ़ाया करती थीं।

एस.एस. राजामौली ने किस फिल्म से किया डेब्यू?

एस.एस. राजामौली ने अपने करियर की शुरुआत साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'स्टूडेंट नंबर-1' से की थी। ये एक तेलुगु फिल्म थी। इस फिल्म में उन्होंने जूनियर एनटीआर और गजाला को कास्ट किया था। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म में जूनियर एनटीआर के अभिनय को दर्शकों ने बहुत सराहा।

फिल्म को हिंदी में भी डब किया गया जिसका टाइटल 'आज का मुजरिम' था। इसके बाद उन्होंने सिम्हाद्री, स्ये, छत्रपति, विक्रमाराकुडू, यमदोंगा जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।

एस.एस. राजामौली को किस फिल्म ने दिलाई पहचान?

उन्होंने साल 2007 में फिल्म 'मगधीरा' बनाई। फिल्म में उन्होंने राम चरण और काजल अग्रवाल को मुख्य भूमिका में कास्ट किया। तेलुगु भाषा में बनी रोमांटिक एक्शन फिल्म ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। इस फिल्म में मॉर्डन एरा के साथ-साथ राजा-महाराजा के दौर को भी दिखाया गया।

फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली। कुछ सालों पहले तेलुगु फिल्म का हिंदी रीमेक 'राबता' बनी थी,  जिसमें सुशांत सिंह राजपूत और कृति सेनन मुख्य भूमिका में थे। 

एस.एस. राजामौली ऐसे बने इंडियन सिनेमा के सबसे बड़े निर्देशक

एस.एस.राजामौली ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में दीं। हालांकि, जब प्रभास स्टारर उनकी फिल्म बाहुबली रिलीज हुई तो इस फिल्म ने उनके करियर में चार चांद लगा दिए। इस फिल्म को इसकी रीजनल भाषा तेलुगु के साथ-साथ हिंदी में भी रिलीज किया गया।

ये फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई। पहली रिलीज के बाद कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा, ये सवाल उन्होंने ऑडियंस के दिलों में छोड़ दिया और जैसे ही इस फिल्म का दूसरा पार्ट 'बाहुबली-द कन्क्लूजन' रिलीज हुआ, सिनेमाघर खचाखच भर गए। ये फिल्म एस.एस. राजामौली के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार है।

'आरआरआर' पहुंची ऑस्कर में

बाहुबली 2 के बाद साल 2022 में उनकी फिल्म 'आरआरआर' रिलीज हुई। इस फिल्म ने दुनियाभर में न सिर्फ शानदार कमाई की, बल्कि इस फिल्म और इसके गाने 'नाटू-नाटू' को ग्लोबल स्तर पर सम्मान भी मिला। गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2023 और क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड में 'नाटू-नाटू' गाने ने रिहाना जैसी सिंगर के गाने को पछाड़कर पुरस्कार जीता।

इसके अलावा 'ऑस्कर अवॉर्ड' में भी एस.एस.राजामौली के फिल्म के गाने को नॉमिनेशन मिला। फिलहाल 13 मार्च को इस अवॉर्ड फंक्शन का हिस्सा बनने के लिए एस.एस.राजामौली, जूनियर एनटीआर और रामचरण लॉस एंजेलिस पहुंच चुके हैं।