विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 08, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Box Office: सारा अली ख़ान की डेब्यू फ़िल्म 'केदारनाथ' ने पहले दिन की इतनी कमाई

By Manoj VashisthEdited By:
Published: Sat, 08 Dec 2018 01:48 PM (IST)Updated: Mon, 10 Dec 2018 07:25 AM (IST)

केदारनाथ को अभिषेक कपूर ने निर्देशित किया है। केदारनाथ धाम में कुछ साल पहले आये सैलाब की पृष्ठभूमि पर बनी यह एक लव स्टोरी है।

Box Office: सारा अली ख़ान की डेब्यू फ़िल्म 'केदारनाथ' ने पहले दिन की इतनी कमाई
Box Office: सारा अली ख़ान की डेब्यू फ़िल्म 'केदारनाथ' ने पहले दिन की इतनी कमाई

मुंबई। सैफ़ अली ख़ान और अमृता सिंह की बेटी सारा अली ख़ान की 'केदारनाथ' से आख़िरकार बॉलीवुड पारी शुरू हो गयी। फ़िल्म का पहला दिन ठीकठाक गुज़रा और बॉक्स ऑफ़िस पर सम्मानजनक कलेक्शन किया है। हालांकि 'केदारनाथ' के सामने '2.0' की बड़ी चुनौती है, अभी भी सिनेमाघरों में छायी हुई है।

'केदारनाथ' को अभिषेक कपूर ने निर्देशित किया है। केदारनाथ धाम में कुछ साल पहले आये सैलाब की पृष्ठभूमि पर बनी यह एक लव स्टोरी है, जिसके एक छोर पर सुशांत सिंह राजपूत हैं और दूसरे छोर पर सारा अली ख़ान हैं। फ़िल्म को क्रिटिक्स की मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली, मगर दर्शकों ने सारा के डेब्यू के लिए दिलचस्पी दिखायी है। फ़िल्म के पहले दिन के कलेक्शंस इस बात की पुष्टि करते हैं कि सारा को लेकर आम दर्शक के दिल में उत्सुकता है। ट्रेड विश्लेषकों के अनुसार, 'केदारनाथ' ने पहले दिन 7.25 करोड़ का कलेक्शन किया है। 'केदारनाथ' का ओपनिंग कलेक्शन उम्मीद से बेहतर है। ट्रेड जानकारों ने फ़िल्म की ओपनिंग 4-5 करोड़ के बीच रहने का अनुमान लगाया था। 

'केदारनाथ' को सुशांत सिंह राजपूत की पिछली रिलीज़ 'राब्ता' से अच्छी ओपनिंग मिली है। 2017 में आयी दिनेश विजन निर्देशित फ़िल्म ने 5.61 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था। हालांकि फ़िल्म के सामने काफ़ी चुनौतियां हैं। सबसे बड़ी चुनौती तो अक्षय कुमार और रजनीकांत की 2.0 ही है, जिसकी रिलीज़ को आज (8 दिसम्बर) 10 दिन पूरे हो रहे हैं, मगर दर्शकों के बीच फ़िल्म के लिए उत्साह देखा जा रहा है। 2.0 ने 7 दिसम्बर को 5.85 करोड़ का कलेक्शन किया है, जो केदारनाथ की ओपनिंग से ज़्यादा पीछे नहीं है। 2.0 का यह दूसरा वीकेंड है और कलेक्शंस में उछाल आने की पूरी उम्मीद है। ऐसे में 'केदारनाथ' के दर्शक बंट सकते हैं।

 

'केदारनाथ' अगर 2.0 की चुनौती से बच जाती है तो फिर दो हफ़्तों तक इसे कमाई करने का मौक़ा मिलेगा, क्योंकि इसके बाद 21 दिसम्बर को शाह रुख़ ख़ान की 'ज़ीरो' आ जाएगी, जो मुक़ाबले को और टफ़ बना देगी। 28 दिसम्बर को सारा की दूसरी फ़िल्म 'सिम्बा' रिलीज़ हो रही है, जिसमें रणवीर सिंह उनके हीरो हैं। इस फ़िल्म को रोहित शेट्टी ने डायरेक्ट किया है और इस साल की बहुचर्चित फ़िल्मों में शामिल है।  

2018 में जाह्नवी कपूर के बाद सारा का डेब्यू सबसे चर्चित रहा है। जाह्नवी ने 'सैराट' के रीमेक 'धड़क' से डेब्यू किया था, जिसने 8.71 करोड़ की ओपनिंग ली थी और लगभग 72 करोड़ का कलेक्शन करके फ़िल्म हिट रही। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।