विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'सही रिश्ते आपको बदलते नहीं', जहीर इकबाल संग शादी के बाद काम पर लौटने को लेकर बोलीं सोनाक्षी सिन्हा

Published: Tue, 09 Jul 2024 11:03 AM (IST)

एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) पिछले काफी वक्त से खबरों में बनी हुई हैं। पहले हीरामंडी में फरीदन के किरदार ...और पढ़ें

जी5 पर प्रदर्शित होने वाली हॉरर कॉमेडी फिल्म काकुदा में नजर आएंगी सोनाक्षी , (X Image)
जी5 पर प्रदर्शित होने वाली हॉरर कॉमेडी फिल्म काकुदा में नजर आएंगी सोनाक्षी , (X Image)

HighLights

  1. काकुदा में नजर आएंगी सोनाक्षी सिन्हा
  2. हीरामंडी 2 में भी सोनाक्षी सिन्हा शामिल
  3. शादी के बाद जल्द काम पर लौटीं

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। पिछले महीने अभिनेता जहीर इकबाल के साथ शादी के बंधन में बंधी अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा छोटे ब्रेक के बाद काम पर लौट आई हैं। वह 11 जुलाई को जी5 पर प्रदर्शित होने वाली हॉरर कॉमेडी फिल्म काकुडा में नजर आएंगी। इसके साथ ही फिल्मकार संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज हीरामंडी 2 की घोषणा भी हो चुकी है। दैनिक जागरण से बातचीत में सोनाक्षी कहती हैं, 'मैंने अपना करियर जिस तरह से बनाया है, उससे मैं पूरी तरह से संतुष्ट हूं। भविष्य में भी अपने मन का ही काम करूंगी।'

सशक्त रोल हैं प्राथमिकताएं

दहाड़ के बाद हीरामंडी वेब सीरीज और अब काकुडा फिल्म, क्या सोनाक्षी ज्यादा डिजिटल प्लेटफार्म को अहमियत दे रही हैं? इस पर वह कहती हैं, 'मैं अच्छे किरदारों को अहमियत दे रही हूं। मुझे डिजिटल प्लेटफार्म पर बेहतरीन मौके मिल भी रहे हैं। (हंसते हुए) कह सकते हैं कि मैं इस पर (डिजिटल प्लेटफार्म पर) सेट हो गई हूं। मैंने अपनी सोलो फिल्म अकीरा से ही अपनी फिल्में चुनने का ट्रैक बदल लिया था । ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना चाहती हूं, जिसमें महिलाओं को सशक्त तरीके से पेश किया जाए। काकुडा में भी ऐसा ही है।

एक्ट्रेस ने आगे कहा, मेरे लिए रोल हमेशा पहली प्राथमिकता रही है। अगर रोल के साथ मैं पूरा न्याय कर सकती हूं, तो प्लेटफार्म कोई भी हो, हां कह देती हूं। मैं ऐसा काफी सालों सें करती आ रही हूं। खुश हूं कि अब जाकर लोग इसके बारे में बात कर रहे हैं। मुझे रोल मिल रहे हैं, चाहे हीरामंडी हो या काकुडा इससे ज्यादा संतुष्टि काम के मामले में आसानी से कलाकारों को नहीं मिलती है। मैं जिस जगह पर आज हूं, उससे खुश हूं, क्योंकि यह जगह मैंने खुद के लिए बनाई है।'

जो हो रहा है, मर्जी से हो रहा है

काकुडा फिल्म में सोनाक्षी का किरदार आशावादी है। जहां चाह, वहां राह की बात करती हैं। असल जीवन में भी वह इसमें यकीन करती हैं। सोनाक्षी कहती हैं, 'जहां आपका मन है, जो करने की इच्छा है, वह आपको करना चाहिए। अगर आप ऐसा कर पाते हैं, तो चीजें सही से हो सकती है। मेरे करियर में यही लाइन काम आई है।'

नमक मिर्च सब है हीरामंडी में

संजय लीला भंसाली निर्देशित वेब सीरीज हीरामंडी 2 की घोषणा भी हो चुकी है। संजय ने सोनाक्षी के लिए कहा था कि उनके अभिनय में नमक वाली बात है। इस पर शो में फरीदन की भूमिका निभा चुकी सोनाक्षी कहती हैं, 'मैं हीरामंडी 2 के लिए बेहद उत्सुक हूं। संजय सर ने भले ही मुझे नमक कहा हो, लेकिन इस शो में नमक मिर्च और सारे मसाले मुझे भरे हुए लग रहे हैं। संजय सर ने हीरामंडी में जो तड़का लगाया है, वह मेरे करियर के लिए बहुत कमाल रहा।'

अच्छे दौर में हूं

सोनाक्षी की शादी काफी प्राइवेट रही थी। वह कहती हैं, 'सच कहूं तो मैं बहुत अच्छे दौर में हूं। मेरी शादी बिल्कुल परफेक्ट थी। मेरे सभी दोस्त, जो मेरे करीबी हैं, वह सभी आए थे। कुछ दोस्त हैं, जो मेरी जिंदगी हैं। हर कोई घर की शादी की तरह काम में जुटा हुआ था। सब कुछ काफी अच्छा रहा था।'

सही रिश्ते में हूं

शादी के बाद जल्द काम पर लौटने को लेकर सोनाक्षी कहती है, 'ऐसा आप तब ही कर सकते हैं, जब आप सही रिश्ते में होते हैं। सही रिश्ते आपको बदलते नहीं हैं। यही एक रिश्ते की खूबसूरती भी होती है कि आप जिससे प्यार करते हैं, वो आपको कभी बदलना न चाहे, मुझमें भी शादी के बाद कोई बदलाव नहीं है, देखिए मैं काम पर लौट आई हूं।'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।