विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 12, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बर्थडे रजनीकांत: नाम ही काफी है, बिग बी ने बताया- Sensation, जानिये ये रोचक बातें

By Hirendra JEdited By:
Updated: Wed, 12 Dec 2018 08:34 PM (IST)

उसी दौरान एक दुर्घटना हुई, जिसमें उनके तीन फैंस की मौत हो गई। तब से रजनीकांत अपना जन्मदिन चेन्नई में नहीं मनाते हैं, वो इस दिन चेन्नई से कहीं बाहर चले जाते हैं!

बर्थडे रजनीकांत: नाम ही काफी है, बिग बी ने बताया- Sensation, जानिये ये रोचक बातें
बर्थडे रजनीकांत: नाम ही काफी है, बिग बी ने बताया- Sensation, जानिये ये रोचक बातें

मुंबई। 12 दिसंबर को सुपरस्टार रजनीकांत का बर्थडे होता है। इस साल वह अपना 69 वां जन्मदिन मना रहे हैं। सारी दुनिया में उनके चाहने वालों की एक बड़ी फौज है। सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं मिल रही हैं।

वो भारतीय सिनेमा के एक बड़े सुपरस्टार हैं, दक्षिण भारत में भगवान की तरह पूजे जाते हैं। बॉलीवुड के तमाम एक्टर्स भी उनको बहुत ऊंचा दर्जा देते हैं। इन दिनों अक्षय कुमार के साथ उनकी फ़िल्म ‘2.0’ चर्चा में है। अक्षय कुमार और रजनीकांत की फ़िल्म '2.0' ने बॉक्स ऑफ़िस पर धमाल मचा दिया है। घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर सिर्फ़ 12 दिनों में फ़िल्म का कलेक्शन 300 करोड़ के पार हो गया है और ‘2.0’ साल 2018 की सबसे बड़ी फ़िल्म बन चुकी है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर 2.0 के हिंदी, तमिल और तेलुगु संस्करणों का अब तक का नेट कलेक्शन ₹365 करोड़ हो चुका है। वाकई रजनीकांत का नाम ही काफी है। अमिताभ बच्चन ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि- ''हैप्पी बर्थडे रजनी..दोस्त, साथी और सदाबहार सेंसेशन!!''

यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन की 'जुम्मा चुम्मा गर्ल' किमी काटकर को आज भूल गए सब, अब दिखती हैं ऐसी

रजनीकांत का फ़िल्मी सफ़र किसी चमत्कार की तरह है। उनके पिता रामोजी राव गायकवाड़ बचपन में उन्हें शिवाजी राव गायकवाड़ कहकर पुकारते थे। 4 साल की उम्र में उनकी मां गुज़र गईं। 4 भाई-बहनों में सबसे छोटे रजनीकांत के घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। होश संभालते ही उन्होंने काम करना शुरू कर दिया। हालांकि, कुली से लेकर कारपेंटर और बस कंडक्टर तक की नौकरी करने वाले रजनीकांत का झुकाव फ़िल्मों की तरफ हमेशा से था। रजनीकांत जब बैंगलुरु ट्रांसपोर्ट सर्विस में बतौर बस कंडक्टर काम कर रहे थे उसी दौरान उन्होंने कन्नड़ रंगमंच में भी काम शुरू किया। उन्होंने सहज ही अपनी एक अलग स्टाइल विकसित की! बाद में साल 1973 में वह मद्रास फ़िल्म इंस्टीट्यूट से जुड़े।

रजनीकांत को फ़िल्मों में पहला ब्रेक 25 साल की उम्र में मिला था। इस तमिल फ़िल्म का नाम है, ‘अपूर्वा रागांगल’। मजेदार बात यह है कि इस फ़िल्म में वह लीड रोल में नहीं थे। इस फ़िल्म में लीड रोल कमल हासन ने निभाया है। रजनीकांत का इस फ़िल्म में एक छोटा-सा किरदार था, जिसे शायद ही किसी ने नोटिस किया होगा। साल 1978 में रिलीज तमिल फ़िल्म 'भैरवी' में रजनीकांत को बतौर मुख्य अभिनेता के रूप में पहली बार काम करने का अवसर मिला। यह फ़िल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई और उसके बाद एक के बाद एक सुपरहिट फ़िल्में आईं और रजनीकांत भी स्टार से सुपरस्टार बन गये।

रजनीकांत ने बॉलीवुड में फ़िल्म ‘अंधा कानून’ से डेब्यू किया। रजनीकांत साल 1988 में आई एक अंग्रेजी फ़िल्म ‘एडवेंचर ब्लडस्टोन’ में भी दिखे। सुपरस्टार रजनी ने तमिल, हिंदी, मलयालम, कन्नड़ और तेलुगू के अलावा बंगाली फ़िल्म ‘भाग्य देवता’ में भी काम किया है।

क्या आप जानते हैं रजनीकांत अपनी किसी भी फ़िल्म की स्क्रीनिंग में शामिल नहीं होते और न ही अब प्रचार में ही शामिल होते हैं! कहा जाता है कि अपनी फ़िल्मों के रिलीज़ होने के बाद रजनीकांत हिमालय की वादियों में जाना पसंद करते हैं। रजनीकांत को उनके चाहने वाले भगवान की तरह पूजते हैं। रजनी भी अपने फैंस की भावनाओं का हमेशा ख्याल रखते हैं!

यह भी पढ़ें: 96 साल के हुए दिलीप कुमार, जानिए 'ट्रेजडी किंग' का कौन सा रिकॉर्ड आज तक नहीं टूटा

आज से 24 साल पहले चेन्नई में उनका जन्मदिन मनाकर कुछ फैंस अपने घर लौट रहे थे, लेकिन उसी दौरान एक दुर्घटना हुई, जिसमें उनके तीन फैंस की मौत हो गई। तब से रजनीकांत अपना जन्मदिन चेन्नई में नहीं मनाते हैं, वो इस दिन चेन्नई से कहीं बाहर चले जाते हैं! कई पुरस्कार और सम्मान अपने नाम कर चुके रजनीकांत को साल 2000 में भारत सरकार ने पद्मभूषण पुरस्कार से नवाज़ा। बहरहाल, आज ट्विटर पर सब अपने सुपरस्टार को लगातार बधाई दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर रजनीकांत का जन्मदिन किसी फेस्टिवल की तरह सेलिब्रेट किया जा रहा है।