यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
The Song Of Scorpions Trailer: पर्दे पर फिर अभिनय करते दिखेंगे इरफान खान, तीसरी पुण्यतिथि पर रिलीज होगी फिल्म
The Song Of Scorpions Trailer Release Date इरफान खान का निधन 2020 में हो गया था। सिनेमाघरों में उनकी आखिरी रिलीज फिल्म अंग्रेजी मीडियम है। द सॉन्ग ऑफ ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। हिंदी सिनेमा के बेहतरीन अभिनेताओं में शुमार इरफान खान का निधन 2020 में हो गया था। मगर, फैंस एक बार फिर अपने पसंदीदा कलाकार को पर्दे पर अभिनय करते हुए देख सकेंगे। उनकी फिल्म 'द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियंस' (The Song Of Scorpions) सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। इसके ट्रेलर बुधवार को जारी कर दिया गया।
'द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियंस' 28 अप्रैल को रिलीज हो रही है। बता दें, 29 अप्रैल को इरफान के निधन को तीन साल पूरे हो जाएंगे।' द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियंस' का निर्देशन अनूप सिंह ने किया है। यह फिल्म 2017 में 70वें लोकार्नो फिल्म फेस्टिवल में दिखायी जा चुकी है।
राजस्थान में सेट है कहानी
'द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियंस' स्विस, फ्रेंच और सिंगापुरियन प्रोडक्शन में बनी फिल्म है। इरफान के साथ फिल्म में ईरानी अभिनेत्री गोलशिफ्तेह फरहानी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। वहीं, हिंदी सिनेमा की वेटरन एक्ट्रस वहीदा रहमान भी एक अहम किरदार में दिखेंगी।
कहानी राजस्थान के जैसलमेर में दिखायी गयी है, जो एक लोक आस्था पर आधारित है। माना जाता है कि बिच्छू के डंक मारने के 24 घंटों के अंदर इंसान की मौत हो जाती है, लेकिन उसे बिच्छू के गाने से बचाया जा सकता है। कहानी के केंद्र में नूरान है, जो बिच्छू गायिका है। उसे यह हुनर अपनी दादी जुबैदा से विरासत में मिला है। इरफान ने एक ऊंट व्यापारी का किरदार निभाया है। पहले फिल्म 2021 में रिलीज होने वाली थी।
खबरें और भी
आखिरी हिंदी रिलीज 'अंग्रेजी मीडियम'
इरफान ने अनूप के साथ किस्सा फिल्म बनायी थी, जो काफी चर्चित रही थी। बॉलीवुड की बात करें तो इससे पहले सिनेमाघरों में इरफान की आखिरी रिलीज फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' है, जो 2020 के मार्च महीने में रिलीज हुई थी। वहीं, 2021 में जी5 पर उनके निधन के बाद 'मर्डर एट तीसरी मंजिल 302' स्ट्रीम हुई थी। यह 2007 की फिल्म है, जो रिलीज नहीं हो सकी थी।
'एक्सट्रैक्शन 2' में भी दिखेंगी गोलशिफ्तेह
गोलशिफ्तेह नेटफ्लिक्स की फिल्म 'एक्सट्रैक्शन' में फीमेल लीड में नजर आयी थीं। इसके सीक्वल में भी उनका किरदार नजर आएगा। गोलशिफ्तेह ने कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में काम किया है। इनमें 'द पैशेंस स्टोन', 'जस्ट लाइक अ वुमन', 'माइ स्वीट पेपरलैंडस', 'रोजवाटर', 'ईडन' शामिल हैं।