37 साल पुरानी वो कल्ट फिल्म... Sridevi ने किया था रिजेक्ट; सफेद साड़ी बनी थी आफत, फिर ब्लॉकबस्टर हुई मूवी
श्रीदेवी ने 1989 में एक ऐसी ब्लॉकबस्टर फिल्म में काम किया, जो पसंद की गई। लेकिन इस फिल्म को श्रीदेवी ने पहले ठुकरा दिया था और वजह थी एक सफेद साड़ी ...और पढ़ें

श्रीदेवी ने ठुकराई थी वो फिल्म

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा में श्रीदेवी वो एक्ट्रेस रहीं, जिन्हें पहली फीमेल सुपरस्टार का तमगा मिला। श्रीदेवी ने अपने करियर में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, जिनके दम पर वह बॉक्स ऑफिस की क्वीन भी बनीं। हालांकि कुछ कल्ट फिल्में ऐसी भी हैं, जिन्हें पहले श्रीदेवी ने रिजेक्ट कर दिया था। आज बात श्रीदेवी की उसी हिट फिल्म की, जो बॉक्स ऑफिस पर तो हिट रही ही, साथ ही उसके गाने भी खूब पसंद किए गए।
श्रीदेवी ने उस फिल्म को किया था रिजेक्ट
आज श्रीदेवी की जिस फिल्म की बात हम कर रहे हैं, वो कोई और फिल्म नहीं बल्कि साल 1989 में आई फिल्म चांदनी' है। जी हां, वही चांदनी जिसने श्रीदेवी को सिनेमा में अलग तरह से चमका दिया। चमकाया भी ऐसा कि मानो श्री की खूबसूरती के सामने हर कोई फीका पड़ गया लेकिन क्या आप जानते हैं कि श्रीदेवी ने यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को पहले रिजेक्ट कर दिया।
श्रीदेवी इस फिल्म को करना ही नहीं चाह रही थीं, लेकिन बड़ी मुश्किल से श्रीदेवी ने फिल्म के हामी भरी और इस हां के पीछे की वजह थे बोनी कपूर। दरअसल श्रीदेवी उस वक्त बड़ी स्टार थीं, अमिताभ बच्चन ने श्रीदेवी के बारे में यश चोपड़ा को बताया था, लेकिन श्रीदेवी को फिल्म के लिए अप्रोच करने में यश चोपड़ा झिझक रहे थे। फिर बोनी कपूर आए और उन्होंने श्री की मुलाकात यश चोपड़ा से कराई।
चांदनी में क्यों काम नहीं करना चाहती थीं श्रीदेवी?
अब आते हैं उस मुख्य कहानी पर, दरअसल श्रीदेवी चांदनी में काम तो करना चाहती थीं लेकिन जब फिल्म की कहानी उनके सामने आई तो वह हिचकिचा गईं। फिल्म में श्रीदेवी को सफेद कपड़े पहनने थे, जिसके लिए वह तैयार नहीं थीं। यश चोपड़ा (Yash Chopra) ने खुद अपनी डॉक्यूमेंट्री और कई इंटरव्यूज में इसका खुलासा किया था कि 'चांदनी' बनने से पहले उन्हें श्रीदेवी को मनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।
खबरें और भी
दरअसल यश चोपड़ा का विजन था कि चांदनी का किरदार सादगी और पवित्रता का प्रतीक हो, इसलिए उन्होंने तय किया था कि श्रीदेवी पूरी फिल्म में ज्यादातर सफेद रंग के कपड़े पहनेंगी। जब यश जी ने उन्हें यह बताया, तो श्रीदेवी डर गईं। उन्होंने यश चोपड़ा से ये पहनने से इंकार किया।
यहां तक कि श्रीदेवी (Sridevi) की मां ने भी इस पर सवाल उठाए और उनका कहना था कि, दक्षिण भारतीय फिल्मों में सफेद रंग अक्सर दुख या शोक का प्रतीक माना जाता है। यश जी ने उनसे कहा, "तुम मुझ पर भरोसा करो, मैं तुम्हें दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला दिखाऊंगा। एक एक्टर के तौर पर मैं तुम इसमें कमाल लगोगी बस विश्वास रखो। इसके बाद जो मैजिक हुआ वो कोई नहीं भूला।
सफेद साड़ी और सूट में श्रीदेवी ने पर्दे पर जो जादू किया, उसे आजतक हिंदी सिनेमा नहीं भूला है। चांदनी (Chandni Songs) में श्रीदेवी की खूबसूरती गजब लगी और नतीजा ये हुआ कि श्रीदेवी के नाम से साड़ियां और सूट बिकने लगे और शिफॉन साड़ियों का ट्रेंड भी शुरू हो गया।
चांदनी (Chandni) में श्रीदेवी के साथ ऋषि कपूर और विनोद खन्ना नजर आए लेकिन फिल्म की लीड हीरो और हीरोइन का दर्जा श्रीदेवी को ही मिला और उन्हीं से नाम पर ये फिल्म हिट हो गई।