यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 28, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
102 Not Out Trailer: अमिताभ-ऋषि का नज़राना, ये उम्र का Celebration है
अभिनय के हर रस में माहिर बच्चन और ऋषि ने सिर्फ़ ढाई मिनट के इस ट्रेलर में ख़ुशी और गम के हर इमोशन को उड़ेल दिया है।

मुंबई। एक ज़माने में बॉलीवुड में लंबू जी टिंकू जी की क्यूट मानी जाने वाली अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की जोड़ी बड़े परदे पर फिर लौट रही हैं। भले ही दोनों की उम्र मिलकर 140 साल हो लेकिन अब वो कहने जा रहे हैं 102 नॉट आउट, जिसका ट्रेलर आज जारी किया गया है।
'ओह माई गॉड' जैसी नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म बनाने वाले उमेश शुक्ला की फिल्म 102 नॉट आउट बुजुर्ग बाप- बेटे की कहानी है, जिसमें अमिताभ पिता और ऋषि बेटे की भूमिका में हैं। बच्चन 100 पार कर चुके हैं लेकिन फिर भी जीवन का हर रस लेते हुए सोच को जवान बना कर रखना चाहते हैं। उधर उनका बेटा 75 साल का है लेकिन ख़ुद से ही बुजुर्गियत ओढ़ ली है। उसे वृद्धाश्रम भेजने की कवायद जारी है और पिता ही लव लेटर लिखने की सीख भी दे रहे हैं। ये बड़े परदे पर अमिताभ और ऋषि कपूर की 27 साल बाद वापसी है। अभिनय के हर रस में माहिर बच्चन और ऋषि ने सिर्फ़ दो मिनट 55 सेकेंड के इस ट्रेलर में ख़ुशी और गम के हर इमोशन को उड़ेल दिया है। बता दिया है कि हर उम्र का अपना एक उत्सव होता है। बेटा अगर नालायक निकल जाए तो भी उसका बचपन देखना चाहिए। ये फिल्म इस साल चार मई को रिलीज़ होगी। फिल्म का टीज़र आप यहां देख सकते हैं -
सौम्या जोशी के नाटक पर आधारित ये फिल्म न सिर्फ़ हर तरह के इमोशन को परिभाषित करती है बल्कि ये एक फन लविंग स्टोरी भी है। फिल्म में 75 साल के बेटे की भूमिका निभा रहे ऋषि कपूर अमिताभ के साथ फिर से स्क्रीन शेयर कर बेहद खुश हैं। बिग बॉस और ऋषि कपूर ने आख़िरी बार साथ में 1991 में फिल्म अजूबा में साथ काम किया था। इससे पहले कपूर एंड संस में ऋषि 90 साल के बुजुर्ग का रोल निभा चुके हैं जबकि सालों से बिग बी पर्दे पर बुजुर्ग वाले रोल निभाते रहे हैं लेकिन इस बार परदे पर उनकी उम्र का ग्राफ और चढ़ा है। हाल के वर्षों में अमिताभ ने पीकू, शमिताभ और तीन जैसी फिल्मों में उम्रदराजी दिखाई है।

