विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 11, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Box Office: अक्षय कुमार ने '2.0' से लगा दी रिकॉर्डों की झड़ी, दुनियाभर में इतनी कमाई

By Manoj VashisthEdited By:
Published: Tue, 11 Dec 2018 08:21 AM (IST)Updated: Thu, 13 Dec 2018 09:05 AM (IST)

वर्ल्डवाइड कलेक्शंस की बात करें तो 2.0 का ग्रॉस कलेक्शन 620 करोड़ हो चुका है। यहां फ़िल्म ने पद्मावत को ...और पढ़ें

Box Office: अक्षय कुमार ने '2.0' से लगा दी रिकॉर्डों की झड़ी, दुनियाभर में इतनी कमाई
Box Office: अक्षय कुमार ने '2.0' से लगा दी रिकॉर्डों की झड़ी, दुनियाभर में इतनी कमाई

मुंबई। अक्षय कुमार और रजनीकांत की फ़िल्म '2.0' ने बॉक्स ऑफ़िस पर धमाल मचा दिया है। घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर सिर्फ़ 12 दिनों में फ़िल्म का कलेक्शन 300 करोड़ के पार हो गया है और '2.0' साल 2018 की सबसे बड़ी फ़िल्म बन चुकी है। उधर, वर्ल्डवाइड कलेक्शंस की रेस में भी '2.0' ने बॉलीवुड फ़िल्मों को पीछे छोड़ दिया है।

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर 2.0 के हिंदी, तमिल और तेलुगु संस्करणों का अब तक का नेट कलेक्शन ₹365 करोड़ हो चुका है और नंबर वन इंडियन फ़िल्म बन चुकी है। इससे पहले यह ख़िताब रणबीर कपूर की फ़िल्म 'संजू' के नाम था, जिसने तीनों भाषाओं में ₹341 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था। तीसरे नंबर पर रणवीर सिंह की 'पद्मावत' है, जिसने हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में 300.26 करोड़ जमा किये थे। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शंस की बात करें तो 2.0 का ग्रॉस कलेक्शन 620 करोड़ हो चुका है। यहां फ़िल्म ने 'पद्मावत' को पीछे छोड़ा है, जिसने ₹560 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया था। 

सोमवार (10 दिसम्बर) को फ़िल्म ने चेन्नई सिटी में भी एक रिकॉर्ड बना लिया, जहां 12 दिनों में ₹19.03 करोड़ जमा किये हैं। अब तक यह रिकॉर्ड 'बाहुबली2' के नाम था, जिसने 18.85 करोड़ का कलेक्शन चेन्नई में किया था।

हिंदी बेल्ट में सोमवार को थमी रफ़्तार

7 दिसम्बर को 2.0 की रिलीज़ का दूसरा हफ़्ता शुरू हो गया था। फ़िल्म 2000 स्क्रींस पर चल रही है। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने ₹5.85 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं दूसरे शनिवार को 2.0 ने ₹9.15 करोड़ जमा किये। दूसरे रविवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में ज़बर्दस्त उछाल देखा गया। रविवार को इसे ₹12 करोड़ मिले। दूसरे वीकेंड में फ़िल्म ने ₹27 करोड़ जमा किये, जबकि 4 दिन लंबे ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने 97.25 करोड़ का कलेक्शन किया था।

दूसरे सोमवार को 2.0 के कलेक्शंस में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज़ की गयी। फ़िल्म ने ₹3.75 करोड़ जमा किये हैं और अब 2.0 का 12 दिनों का कलेक्शन ₹170.50 करोड़ हो चुका है। इसके साथ ही 2.0 ने टाइगर श्रॉफ़ की 'बाग़ी2' और सलमान ख़ान की रेस3 को पीछे छोड़कर टॉप 5 फ़िल्मों की लिस्ट में तीसरी पॉजिशन ले ली है। हालांकि इससे ऊपर जाना फ़िल्म के हिंदी वर्ज़न के लिए मुश्किल लगता है।

  1. संजू- ₹287 करोड़ (सिर्फ़ हिंदी)
  2. पद्मावत- ₹244 करोड़ (सिर्फ़ हिंदी)
  3. 2.0- 170.50 करोड़
  4. रेस 3- ₹169 करोड़
  5. बाग़ी2- ₹165 करोड़

अक्षय कुमार की सबसे बड़ी कामयाबी

2.0 अक्षय कुमार के करियर की अब तक की सबसे बड़ी सफलता बन चुकी है और उनकी सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म बन चुकी है। अब तक 'टॉयलेट- एक प्रेम कथा' अक्षय की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली थी, जिसने 134.25 करोड़ का कलेक्शन किया था। 100 करोड़ में पहुंचने वाली 2.0 अक्षय कुमार की दसवीं फ़िल्म है। साथ ही 100 करोड़ से अधिक कमाई करने वाली अक्षय की सबसे तेज़ फ़िल्म भी है।अक्षय की फ़िल्मों को 100 करोड़ तक पहुंचने में लगे दिन इस प्रकार हैं-

2.0- 5 दिन- 166.75 करोड़

टॉयलेट एक प्रेम कथा- 8 दिन- 134.25 करोड़

रुस्तम- 9 दिन- 128 करोड़

एयरलिफ़्ट- 10 दिन- 129 करोड़

राउडी राठौड़- 11 दिन- 133 करोड़

जॉली एलएलबी2-12 दिन- 117 करोड़

गोल्ड- 13 दिन- 105 करोड़

हाउसफुल3-13 दिन- 109 करोड़

हॉलीडे- 15 दिन- 113 करोड़

हाउसफुल2- 17 दिन- 116 करोड़

पहले हफ़्ते में 2.0 का सफ़र

2.0, 29 नवंबर को गुरुवार को रिलीज़ हुई थी। देश में फ़िल्म को लगभग 4000 स्क्रींस पर रिलीज़ किया गया। फ़िल्म ने ₹20.25 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली थी। नॉन हॉलीडे रिलीज़ को देखते हुए यह आंकड़ा बेहतरीन है। दूसरे दिन यानि शुक्रवार को कलेक्शन गिरा और ₹18 करोड़ ही मिल सके, जबकि तीसरे दिन यानि शनिवार को आंकड़ों में क़रीब 23 फीसदी उछाल आया और 2.0 ने ₹25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। वहीं, रविवार को तो कलेक्शंस ने जैसे आसमान छू लिया और 34 करोड़ अपनी झोली में डाले। इस तरह 4 दिन लंबे ओपनिंग वीकेंड में 2.0 का कुल नेट कलेक्शन ₹97.25 करोड़ हो गया।

ओपनिंग वीकेंड के बाद भी बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा। पहले सोमवार को फ़िल्म ने ₹13.75 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं मंगलवार को भी ज़्यादा गिरावट नहीं आयी और फ़िल्म ने ₹11.50 करोड़ जमा कर लिये। फ़िल्म ने बुधवार को 9.50 करोड़ जमा किये थे। गुरुवार को 7.75 करोड़ मिले। पहले हफ़्ते (आठ दिन) में फ़िल्म को 139.75 करोड़ मिले।

पहले हफ़्ते में रिलीज़ के छठे दिन 2.0 ने एसएस राजामौली की 'बाहुबली- द बिगिनिंग' के कलेक्शंस को पार कर लिया। 2015 में आयी इस तेलुगु फ़िल्म के हिंदी वर्ज़न ने ₹117 करोड़ की कमाई का रिकॉर्ड बनाया था। 'बाहुबली2' रिलीज़ होने से पहले तक किसी डब हिंदी फ़िल्म की यह सबसे अधिक कमाई थी। हालांकि 2.0 और बाहुबली सीरीज़ की फ़िल्मों में फ़र्क यह है कि 2.0 डब फ़िल्म नहीं है, बल्कि तमिल के साथ तेलुगु और हिंदी में बनायी गयी है। सातवें दिन 2.0 ने स्त्री के लाइफ़ टाइम कलेक्शंस को पीछे छोड़ दिया। स्त्री ने 129.67 करोड़ जमा किये थे।

वर्ल्डवाइड 600 करोड़ पार

फ़िल्म ट्रेड से जुड़े सूत्रों के अनुसार, लगभग 500 करोड़ के बजट में बनी 2.0 दुनियाभर में ₹620 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है, जिसमें से ₹485 करोड़ सिर्फ़ भारत में कमाये हैं, जबकि ₹135 करोड़ ओवरसीज़ से आये हैं। फ़िल्म ने लगभग ₹370 करोड़ की रिकवरी रिलीज़ से पहले ही विभिन्न राइट्स के माध्यम से कर ली है।

2.0 ने अमेरिकी बॉक्स ऑफ़िस पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। फ़िल्म 5 मिलियन डॉलर क्लब में एंट्री ले चुकी है। रविवार तक यूएस में फ़िल्म ने 5000420 डॉलर का कारोबार कर लिया था। 2018 में यह कारनामा संजू और पद्मावत ने किया है। वहीं, सिर्फ़ दक्षिण भारतीय फ़िल्मों की बात करें तो 2.0 यह पड़ाव हासिल करने वाली तीसरी फ़िल्म है। इससे पहले बाहुबली और बाहुबली2 यह मुकाम पा चुकी हैं। बाहुबली2 ने 20.6 मिलियन डॉलर और प्रीक्वल ने 6.99 मिलियन डॉलर का कारोबार किया है।

शंकर के निर्देशन में बनी 2.0 साइंस फ़िक्शन फ़िल्म है, जिसमें अक्षय कुमार ने पक्षीराजन नाम के ऐसे पक्षी विशेषज्ञ का रोल निभाया है, जो मोबाइल फोन और टॉवरों से निकलने वाले विकिरण की वजह से पक्षियों पर मंडरा रहे ख़तरे से चिंतित है। एक हादसे में उसमें सुपर पॉवर्स आ जाती हैं और वो मोबाइल फोन के ख़िलाफ़ जंग छेड़ देता है। इस जंग में उसे रोकने के लिए लौटता है सुपर रोबोट चिट्टी। फ़िल्म में रजनीकांत डबल रोल में हैं। कम्प्यूटर जीनियस डॉ. वशीगरन के अलावा उन्होंने चिट्टी का भी किरदार निभाया है। वहीं एमी जैक्सन फ़िल्म में मानवीय रोबोट के रोल में हैं। फ़िल्म को क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।