यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Fauda Season 4: आने वाला है फौदा का सीजन 4, IFFI 2022 में हुआ इजरायली वेब सीरीज का एशिया प्रीमियर
Fauda Season 4 फौदा का पहला सीजन 2015 में आया था और तीसरा 2019 में स्ट्रीम हुआ था। इसकी कहानी इजरायली डिफेंस सर्विसेज को केंद्र में रखकर लिखी गयी है। ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। इजरायली वेब सीरीज फौदा के प्रशंसक दुनियाभर में हैं। इसके तीन सीजन नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध हैं और अब फैंस को चौथे सीजन का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है, जो जल्द स्ट्रीम किया जाएगा। मगर, इससे पहले रविवार को गोवा में चल रहे अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में इसकी सीजन-4 की स्क्रीनिंग की गयी। इस मौके पर राजकुमार राव वहां फौदा मेकर्स के साथ मौजूद रहे।
फौदा को लियोर राज और अवी इसाशारोफ ने क्रिएट किया था। लियोर सीरीज के मुख्य अभिनेता भी हैं। फौदा मूल रूप से इजरायली डिफेंस सर्विसेज की कहानी है। पहला सीजन 2015 में रिलीज हुआ था, 2017 में दूसरा और तीसरा सीजन 2019 में आया था। 2020 में इसके चौथे सीजन का एलान हुआ था।
राजकुमार से मिले फौदा मेकर्स
रविवार को IFFI में चौथे सीजन की स्क्रीनिंग के दौरान दोनों क्रिएटर्स मौजूद रहे। वहीं, रेड कारपेट पर राजकुमार राव ने भी मौजूदगी दर्ज करवायी, जहां लियोर ने यह कहकर चौंका दिया कि वो राजकुमार राव के साथ काम करना चाहते हैं। अवी ने उनके बारे में कहा कि वो एक स्टार हैं। जिस तरह से बातें करते हैं और खुद को पेश करते हैं, उसे देखकर वो स्टार लगते हैं। लियोर ने कहा कि वो निश्चित रूप से उनके साथ काम करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: Yami Gautam- ओटीटी पर रिलीज होगी यामी गौतम की 'लॉस्ट', क्राइम रिपोर्टर बन एक्ट्रेस करेंगी इस केस का खुलासा!
दोनों फिल्मकारों ने राजकुमार की फिल्म मोनिका ओ माइ डार्लिंग के लिए भी चीयर किया। इससे पहले लियोर और अवी ने स्टोरीटेलिंग इन द एरा ऑफ ग्लोबल एंटरटेनेमेंट विषय पर हुई चर्चा में भाग लिया, जिसमें राजकुमार राव के साथ नेटफ्लिक्स की वीपी कंटेंट मोनिका शेरगिल भी मौजूद थीं।
खबरें और भी
फिल्मकारों ने कहा कि फौदा सीजन 4 का इफ्फी में प्रीमियर करके उन्हें काफी खुशी हो रही है। यह देखकर अच्छा लगता है कि यह कहानी भारतीय दर्शकों को भी इतनी पसंद आयी। हम इस प्यार की कद्र करते हैं। हम सच में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के साथ काम करना चाहते हैं। फौदा अरबी का शब्द है, जिसका मतलब अफरातफरी होता है।
फौदा का रीमेक है सोनी की सीरीज तनाव
हाल ही में सोनी लिव ने फौदा के भारतीय रूपांतरण तनाव की स्ट्रीमिंग की है। इस शो को कश्मीर में स्थापित किया गया है। शो का निर्देशन सुधीर मिश्रा ने किया है। अरबाज खान, मानव विज, दानिश हुसैन, एमके रैना, रजत कपूर, सत्यदीप मिश्रा, जरीना वहाब ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। तनाव को काफी तारीफें मिली थीं। इस सीरीज का निर्माण एप्लॉज एंटरटेनमेंट ने किया है। तनाव के केंद्र में स्पेशल टास्क ग्रुप और कश्मीर घाटी में आतंकी गतिविधियां हैं।