यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Minus One New Chapter Review: ब्रेकअप के बाद नयी उलझनों में फंसे वरुण और रिया की मैच्योर कहानी
Minus One Season 2 Review आयुष मेहरा और आयशा अहमद ने सीरीज में मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। सीरीज में लगभग आधे-आधे घंटे के 6 एपिसोड्स हैं। लायंसगेट प्ले ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। Minus One Season 2 Review: जब दूर होते हैं तो मिलने को दिल तड़पता है और यही तड़प रिश्तों को मजबूती से बांधे रखती है, लेकिन जब दूरियां मिट जाती हैं तो क्या रिश्ते कमजोर पड़ने लगते हैं? इस सवाल का कोई ठोस जवाब नहीं हो सकता, या कहें कि मोहब्बत का एहसास यूनिवर्सल है, मगर जवाब यूनिवर्सल नहीं है।
लायंसगेट प्ले की सीरीज माइनस वन का दूसरा सीजन इसी सवाल के जवाब की खोज करता है। दूसरा सीजन दर्शक को उस दौर में ले जाता है, जब वरुण और रिया एक-दूसरे के प्यार में आकंठ डूबे हुए थे। मगर, प्यार की इंतेहा के बावजूद उनके ब्रेकअप हो गया। आखिर ऐसा क्या हुआ कि वो एक्स हो गये। माइनस वन सीजन 2 वेलेंटाइन डे के मौके पर 14 फरवरी को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो जाएगा।
ब्रेकअप के बाद साथ रहने की कहानी

आम तौर पर ब्रेकअप के बाद दोनों लोग अलग हो जाते हैं। अगर मजबूरी ऐसी हो कि दोनों को साथ रहना पड़ जाए तो तस्वीर क्या होगी। इस विचार पर ही माइनस वन का दूसरा सीजन टिका है।
वरुण और रिया जिस घर में लिव इन के लिए शिफ्ट हुए थे। उसे छोड़ना दोनों के लिए मुश्किल है। इसलिए अलग-अलग कमरों में रहने लगते हैं। जिस घर को दोनों ने अपने हाथों से सजाया-संवारा, एक-दूसरे को खूब प्यार किया, रोये, हंसे, वहां दोनों का अलग-अलग रहना कचोटता है। गुजरे दिनों की यादें टीस देती हैं।
इस बीच वरुण की नयी गर्लफ्रेंड साथ रहने आती है। वैसे तो रिया उससे अलग हो चुकी है, मगर साथ गुजारे लम्हे खत्म नहीं होते, वो तो बस दफ्न रहते हैं और मौका मिलते ही चुभन बनकर उभर आते हैं।
खबरें और भी
रोमांटिक जॉनर के शौकीनों के लिए है शो
शो के क्रिएटर सिद्धांत माथुर और शुभम योगी हैं। इंटेंस इमोशनल रोमांटिक शोज पसंद करने वालों के लिए यह शो है। रोमांटिक जॉनर में कम दिलचस्पी रखने वालों को शो बोर लग सकता है। शो में रिश्तों की उलझन को दिखाया गया है।

ऐसे लोग, जो इन हालात से गुजरे हैं या गुजर रहे हैं, वो शो से कनेक्ट हो सकते हैं। वरुण और रिया की लव-हेट रिलेशनशिप प्रभावित करती है। लव स्टोरीज में संवाद बेहद जरूरी होते हैं। खासकर ऐसी कहानियां, जिनमें रिश्तों की बात हो। माइनस वन के संवाद सामयिक हैं और आम बातचीत जैसे हैं, जिससे उपदेशात्मक नहीं लगते।
किरदार में आयुष मेहरा और आयशा अहमद ने अपने किरदारों में उतरने की पूरी कोशिश की है। दोनों की कैमिस्ट्री प्रभावित करती है। हालांकि, कुछ सिचुएशंस ऐसी दिखायी हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि ये कोई समस्या कैसे हो सकती है? सीरीज में लगभग आधे घंटे के 6 एपिसोड्स हैं।
प्रमुख कलाकार- आयुष मेहरा, आयशा अहमद, कुशा कपिला आदि।
निर्देशक- शुभम योगी
निर्माता- राइटियस स्टूडियोज
रेटिंग- ***
यह भी पढ़ें: OTT TOP 10 This Week- देश में OTT पर सबसे अधिक देखी जा रही हैं ये फिल्में और सीरीज, आपने कितनी देखीं?