MP Board 5th-8th Result: 5वीं में 95.14% बच्चे तो 8वीं में 93.83% पास; छात्राओं ने मारी बाजी, नरसिंहपुर जिला प्रदेश में अव्वल
मध्यप्रदेश में राज्य शिक्षा केन्द्र ने कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए। कक्षा 5वीं में 95.14% और 8वीं में 93.83% विद्यार्थी सफल रहे। दो ...और पढ़ें
HighLights
राज्य शिक्षा केन्द्र ने 5वीं, 8वीं के परिणाम घोषित किए।
कक्षा 5वीं में 95.14%, 8वीं में 93.83% विद्यार्थी सफल।
दोनों कक्षाओं में छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्य शिक्षा केन्द्र, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा बुधवार को कक्षा 5वीं और 8वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। वल्लभ भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने रिजल्ट जारी किया।
छात्राओं ने मारी बाजी
इस वर्ष कक्षा 5वीं का कुल परीक्षा परिणाम 95.14 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि कक्षा 8वीं में 93.83 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। खास बात यह रही कि दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मार ली।
कक्षा 5वीं में 96.19 प्रतिशत छात्राएं और 94.15 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। वहीं कक्षा 8वीं में भी छात्राओं का प्रदर्शन आगे रहा, जहां 94.98 प्रतिशत छात्राएं और 92.74 प्रतिशत छात्र पास हुए।
बोर्ड पैटर्न पर हुईं थी परीक्षाएं
ये दोनों ही परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थीं। यही वजह रही कि छात्रों और अभिभावकों में परिणाम को लेकर खास उत्सुकता बनी हुई थी। परीक्षा के स्तर को भी पिछले साल की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा था, जिससे रिजल्ट को लेकर जिज्ञासा और बढ़ गई थी।
रिजल्ट देखने की प्रक्रिया को भी इस बार पहले से अधिक आसान बनाया गया है। राज्य शिक्षा केन्द्र ने पोर्टल लिंक को QR कोड के जरिए उपलब्ध कराया है, जिससे छात्र सीधे स्कैन कर अपना परिणाम देख सकते हैं।
विद्यार्थी या उनके अभिभावक www.rskmp.in/result.aspx पर रोल नंबर या समग्र आईडी दर्ज कर परिणाम देख सकते हैं। इसी पोर्टल पर शिक्षक और संस्था प्रमुख स्कूलवार और विद्यार्थीवार रिजल्ट भी एक्सेस कर सकेंगे।
23 लाख से ज्यादा विद्यार्थी हुए थे शामिल
प्रदेश में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की परीक्षाओं में शासकीय, अशासकीय शालाओं एवं पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं के 12 लाख 76 हज़ार से अधिक तथा कक्षा 8वीं के 10 लाख 92 हज़ार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे। इस तरह प्रदेशभर में 23 लाख 68 हजार से अधिक विद्यार्थी इन दोनों परीक्षाओं में सम्मिलित हुए थे।
खबरें और भी
रिजल्ट ऐसे करें चेक
सबसे पहले rskmp.in पर जाएं।
होमपेज पर जाकर Result वाले लिंक पर क्लिक करें।
अपना रोल नंबर व जन्मतिथि दर्ज करें।
रिजल्ट आपके स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा।
इसके बाद डाउनलोड पर क्लिक कर स्कोर कार्ड डेक्सटॉप पर सेव कर लें।
शीर्ष पर रहे ये संभाग व जिले
कक्षा 5वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 संभागों में शहडोल, नर्मदापुरम, इंदौर, चंबल, जबलपुर, भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा और सागर रहे। वहीं टॉप 10 जिले क्रमशः नरसिंहपुर, डिंडोरी, बालाघाट, झाबुआ, अलीराजपुर, सीहोर, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, इंदौर और बडवानी रहे।
आठवीं में इंदौर संभाग तथा नरसिंहपुर जिला रहे अव्वल
वहीं कक्षा 8वी के परिणामों में टॉप 10 संभाग इंदौर, नर्मदापुरम, शहडोल, जबलपुर, भोपाल, चंबल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर और रीवा रहे। कक्षा 8वी के परिणामों में टॉप 10 जिले क्रमशः नरसिंहपुर, अलीराजपुर, डिंडोरी, झाबुआ, बालाघाट, अनूपपुर, सीहोर, छिंदवाड़ा, बडवानी, और मंडला रहे।
असफल विद्यार्थियों को मिलेगा मौका
जो छात्र एवं छात्राएं परीक्षा में असफल हुए है उनके लिए राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जल्द ही पूरक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जो विद्यार्थी जिस विषय में असफल रहें हैं उन्हें मात्र उसी विषय की पुन: परीक्षा देनी होगी।