विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP Board 12वीं द्वितीय परीक्षा का परिणाम घोषित, नियमित श्रेणी में 59.57% विद्यार्थी उत्तीर्ण; ऐसे करें स्कोरकार्ड डाउनलोड

Updated: Fri, 12 Jun 2026 05:28 PM (IST)

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं की द्वितीय परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। नियमित विद्यार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 59.57% रहा, जबकि छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. एमपी बोर्ड 12वीं सप्लीमेंट्री परिणाम घोषित, 1.76 लाख छात्र।

  2. नियमित छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 59.57%, छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर।

  3. परिणाम mpbse.mponline.gov.in पर उपलब्ध, 10वीं परिणाम जल्द।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपीबीएसई) ने 12वीं की द्वितीय परीक्षा (सप्लीमेंट्री एवं अंक सुधार) का परिणाम शुक्रवार शाम जारी कर दिया। रिजल्ट घोषित होने के साथ ही करीब 1.76 लाख विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है।

माशिमं द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार नियमित विद्यार्थियों का कुल परीक्षा परिणाम 59.57 प्रतिशत रहा, जबकि स्वाध्यायी परीक्षार्थियों का परिणाम 42.10 प्रतिशत दर्ज किया गया।

नियमित विद्यार्थियों का प्रदर्शन

जानकारी के मुताबिक नियमित श्रेणी में कुल 1,42,468 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 1,42,467 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद 84,871 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए, जबकि 57,591 विद्यार्थियों को असफलता का सामना करना पड़ा।

लड़कियों ने मारी बाजी

नियमित छात्रों में 37,005 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 47,626 ने द्वितीय श्रेणी और 240 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की। लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 62.31 रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 57.36 प्रतिशत दर्ज किया गया।

स्वाध्यायी विद्यार्थियों का परिणाम

स्वाध्यायी श्रेणी में कुल 33,334 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 33,315 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परिणाम में 14,024 विद्यार्थी सफल रहे, जबकि 19,291 विद्यार्थियों को असफल घोषित किया गया।

स्वाध्यायी छात्रों में 714 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 7,556 ने द्वितीय श्रेणी और 5,754 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की। इस वर्ग में भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 44.07 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 40.53 प्रतिशत दर्ज किया गया।

मई में हुई थी परीक्षा

बता दें कि यह परीक्षा 2 से 26 मई 2026 तक आयोजित की गई थी। माशिमं अधिकारियों के अनुसार, उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया जारी होने के कारण 12वीं का परिणाम प्राथमिकता के आधार पर घोषित किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को कॉलेज एडमिशन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ऐसे चेक करें रिजल्ट

सभी विद्यार्थी अपना रिजल्ट मध्य प्रदेश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mpbse.mponline.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। विद्यार्थियों को अपना स्कोरकार्ड चेक करने के लिए पोर्टल पर अपना रोल नंबर और आवेदन संख्या दर्ज करनी होगी।

यह भी पढ़ें- MP Board 10th-12th Result: इंतजार खत्म... शुक्रवार शाम 4 बजे जारी होगा 10वीं-12वीं द्वितीय परीक्षा का रिजल्ट; यहां देखें अपना परिणाम

जल्द जारी होगा 10वीं का परिणाम

वहीं, माध्यमिक शिक्षा मंडल ने संकेत दिए हैं कि 10वीं की द्वितीय परीक्षा (सप्लीमेंट्री/अंक सुधार) का परिणाम भी अगले तीन-चार दिनों में जारी किया जा सकता है। इसके बाद 10वीं के विद्यार्थियों का इंतजार भी समाप्त हो जाएगा।