विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FIFA World Cup 2026: नॉकआउट में प्रहार के लिए मेसी को मिल सकता है आराम, क्रिस्टियानो रोनाल्डो के पुर्तगाल पर रहेंगी नजरें

Updated: Sat, 27 Jun 2026 09:49 AM (IST)

विश्व कप में जॉर्डन के खिलाफ अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोन मेसी को आराम दिया जा सकता है ताकि वे नॉकआउट के लिए तरोताजा रहें। अर्जेंटीना पहले ही नॉकआउट में पहुंच चुका है, जबकि अन्य टीमें भी ग्रुप स्टेज में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश कर रही हैं।

अर्जेंटीना और पुर्तगाल उतरेंगी मैदान पर

अर्जेंटीना और पुर्तगाल उतरेंगी मैदान पर

HighLights

  1. मेसी को जॉर्डन के खिलाफ मैच में आराम देने की संभावना

  2. अर्जेंटीना पहले ही विश्व कप नॉकआउट चरण में प्रवेश कर चुका है

  3. पुर्तगाल, इंग्लैंड सहित अन्य टीमें भी ग्रुप में शीर्ष पर

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: विश्व कप में शनिवार को जॉर्डन के विरुद्ध ग्रुप जे के अपने आखिरी मैच में अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोन मेसी को आराम दे सकता है, ताकि वह नॉकआउट के लिए और तरोताजा होकर प्रहार कर सकें।

पहले से ही नॉकआउट में पहुंच चुके अर्जेंटीना के लिए अमेरिका के डलास में होने वाला यह मुकाबला औपचारिकता मात्र होगा, जबकि जॉर्डन इसमें जीत के साथ अपने पहले विश्व कप कैंपेन को सकारात्मक नोट पर खत्म करना चाहेगा।

अन्य खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

अर्जेंटीना अल्जीरिया को 3-0 और ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान और अंतिम-32 में जगह पक्की कर चुका है। इन जीतों में लियोन मेसी ने ही सभी पांच गोल किए हैं। ऐसे में तीन जुलाई को नॉकआउट में ग्रुप एच की रनर-अप टीम का सामना करने से पहले अर्जेंटीना के कोच लियोन स्कालोनी जॉर्डन के विरुद्ध अपनी टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी आजमा सकते हैं। इसमें मेसी की जगह निको पाज ले सकते हैं।

मुकाबले से पहले कोच स्कालोनी ने कहा भी है कि सोच यह है कि ज्यादातर खिलाड़ियों को खेलने का मौका दिया जाए। इससे लग रहा है कि चोटों से उबरकर टीम में लौटने वाले स्ट्राइकर जूलियन अल्वारेज, लेफ्ट बैक निकोलस टैग्लियाफिको और मिडफील्डर लिएंड्रो परेडेस को इस मैच में खेलने का ज्यादा समय मिल सकता है।

शीर्ष पर रहना चाहेंगे पुर्तगाल-कोलंबिया

पुर्तगाल विश्व कप में ग्रुप-के में अपने आखिरी मैच में अमेरिका के मियामी में कोलंबिया का सामना करेगा। इसमें दोनों टीमें जीत के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहना चाहेंगी, ताकि अंतिम-32 में इन्हें बड़ी टीमों का सामना न करना पड़े। कोलंबिया दो मैचों में छह अंकों के साथ नॉकआउट स्टेज में पहुंच चुका है, जबकि पुर्तगाल चार अंकों के साथ लगभग आगे बढ़ चुका है।

पनामा के विरुद्ध लय पाना चाहेगा इंग्लैंड

विश्व कप के ग्रुप एल में इंग्लैंड की टीम अपने आखिरी लीग चरण मुकाबले में न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में पनामा के विरुद्ध अपनी खोई हुई लय को वापस पाने की कोशिश करेगी। अपने पहले मैच में क्रोएशिया पर 4-2 की जीत से इंग्लैंड ने दबदबा बनाया था, लेकिन घाना से गोल रहित ड्रॉ से इस टीम की कमजोरियां उजागर हुई हैं।

क्रोएशिया और घाना में नॉकआउट के लिए जंग

अमेरिका के फिलाडेल्फिया में ग्रुप एल में क्रोएशिया और घाना के बीच नॉकआउट के लिए सीधी जंग होगी। हालांकि ड्ऱॉ होने पर यह दोनों टीमें ही अंतिम-32 में पहुंच सकती हैं। बराबरी वाली इस दोनों टीमों के बीच मैच में बहुत ज्यादा गोल होने की उम्मीद नहीं है। फिलहाल घाना ग्रुप में दूसरे स्थान पर है, जबकि क्रोएशिया तीसरे स्थान पर है।

ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया में भी कड़ी टक्कर

ग्रुप जे में ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया के बीच भी टूर्नामेंट में बने रहने के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। अमेरिका की कंसास सिटी में होने वाले मुकाबले में यह दोनों टीमें अपने ग्रुप में अर्जेंटीना से हार और जॉर्डन पर जीत के साथ आ रही हैं, ऐसे में दोनों टीम इस जीत के साथ ग्रुप में दूसरा स्थान पक्का करना चाहेंगी।

कांगो डीआर का सामना उज्बेकिस्तान से

ग्रुप-के में अमेरिका के अटलांटा में कांगो डीआर का सामना उज्बेकिस्तान से होगा। पुर्तगाल के साथ ड्रॉ खेलकर चर्चा में आए कांगो डीआर ने कोलंबिया से हार के साथ अपनी लय बिगाड़ ली है। हालांकि, अपने दोनों मुकाबले हार चुके उज्बेकिस्तान को शिकस्त देते हुए कांगो डीआर टीम तीसरे स्थान पर मजबूती से रहते हुए टूर्नामेंट में उम्मीदों को जिंदा रखना चाहेगी।

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: सेनेगल ने इराक को हरा कायम रखी नॉकआउट की उम्मीद, ऐसा करने वाली बनी पहली अफ्रीकी टीम 

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: हालैंड के बिना उतरी नॉर्वे को फ्रांस ने दी पटखनी, डेमबेले की ऐतिहासिक हैट्रिक ने किया कमाल