Canada vs Morocco, FIFA World Cup 2026: कनाडा को 3-0 से रौंदकर मोरक्को ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह, उनाही ने दागे दो गोल
फीफा विश्व कप के अंतिम-32 मुकाबले में मोरक्को ने कनाडा को 3-0 से हराया और अंतिम-8 में जगह बनाई। ...और पढ़ें

Canada vs Morocco: मोरक्को ने कनाडा को 3-0 से हराया
HighLights
मोरक्को ने कनाडा को 3-0 से हराया
मोरक्को ने अंतिम-8 में बनाई जगह
कनाडा का हार के साथ सफर समाप्त
डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। चार शॉट में तीन गोल, अगर आपके निशाने इतने सटीक हैं तो फिर ज्यादा हमलों की जरूरत नहीं पड़ती काम आसानी से हो जाता है। शनिवार की देर रात फीफा विश्व कप अंतिम-32 के मुकाबले में कनाडा खिलाफ मोरक्को ने ऐसा ही कुछ किया।
ह्यूस्टन में हुए इस अहम मुकाबले में मोरक्को के लिए अज्जेदिन उनाही ने दो और रहीमी ने एक गोल किया। पिछले विश्व कप में सेमीफाइनल तक जाने वाली मोरक्को अब इस विश्व कप में भी अंतिम-8 तक पहुंच गई है।
Canada vs Morocco: मोरक्को ने कनाडा को हराया
दरअसल, पहली बार फीफा विश्व कप का नॉकआउट खेल रही कनाडा ने मैच में तगड़ी शुरुआत की थी। उन्होंने मैच के पहले लगभग आधे घंटे तक तो मोरक्को को अपने अटैकिंग बॉक्स में घुसने ही नहीं दिया। मोरक्को के अटैकर बेबस थे, उनके मिडफील्डर कनाडा के बॉक्स तक पहुंच ही नहीं पा रहे थे और दूसरी ओर कनाडा वाले मोरक्को के गोल पर लगातार हमले कर रहे थे।
पहले हाफ में कोई टीम नहीं कर पाई गोल
मैच के पहले हाफ की कहानी तकरीबन ऐसी ही रही। कनाडा ने बहुत बहादुरी भरी फुटबॉल खेलते हुए मोरक्को को लगातार परेशान किया, हालांकि इतनी बहादुरी दिखाने के बावजूद वो दुर्भाग्यशाली रहे कि इस हाफ में एक भी गोल नहीं कर पाए। पहला हाफ खत्म हुआ तो दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर थीं।
खबरें और भी
दूसरे हाफ में मोरक्को के लिए उनाही ने दागे दो गोल
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही मोरक्को ने बढ़त ले ली जब कप्तान अशरफ हकीमी के बनाए खूबसूरत मौके पर उनाही ने मैच का पहला गोल किया। 55वें मिनट में आए इस गोल ने मोरक्को के प्रशंसकों को इस मैच में खुशी मनाने की पहली कायदे की वजह दी। गोल खाने के बाद कनाडा ने वापसी की कोशिशों में बहुत मेहनत की, कई बार कोशिश की लेकिन सारी कोशिशें नाकाम रहीं।
उन्होंने इस दौरान कई बदलाव भी किए लेकिन इन बदलावों के बीच ही मोरक्को ने 82वें मिनट में अपनी बढ़त दोगुनी कर ली। ये गोल भी उनाही ने ही किया और इसमें असिस्ट गया ब्राहिम डियाज के खाते में। ब्राहिम ने ही मैच के 90+8वें मिनट में स्ट्राइकर सूफियान रहीमी को भी एक असिस्ट करते हुए मोरक्को को 3-0 से जीत दिला दी।