विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मियामी के मैदान में नेमार ने दिया विनी को भरोसा

Updated: Fri, 26 Jun 2026 11:27 AM (IST)

मियामी में ब्राजील बनाम स्कॉटलैंड मैच में नेमार ने मैदान पर वापसी की, जहां ब्राजील ने शानदार जीत दर्ज की। नेमार ने विनीसियस जूनियर को भरोसा दिलाया और अपनी वापसी को सफल बनाया।

नेमार ने की जोरदार वापसी

नेमार ने की जोरदार वापसी

HighLights

  1. नेमार ने मियामी में ब्राजील टीम में शानदार वापसी की

  2. विनीसियस जूनियर ने दो गोल कर टीम को जीत दिलाई

  3. नेमार ने विनी जूनियर को मैदान पर आत्मविश्वास दिया

सौरव राय, जागरण मियामी: ब्राजील बनाम स्कॉटलैंड मैच का 60वां मिनट, मियामी स्टेडियम में ब्राजील के तीसरे गोल ने माहौल बना दिया, ब्राजील का डगआउट, प्रशंसक, मीडिया बॉक्स में बैठे पत्रकार और मैदान के अंदर खेल रही टीम, सबको यकीन हो चुका था कि उनकी टीम का ग्रुप के शीर्ष पर रहते हुए अंतिम-32 में जाना पक्का हो चुका है।

जश्न शुरू हो चुका था, लेकिन सबको पता था कि स्टेडियम का शोर अभी चरम पर नहीं पहुंचा है क्योंकि स्थानापन्न खिलाड़ियों की सूची में शामिल नेमार अभी तक मैदान में नहीं दिखे थे। इस गोल के दस मिनट बाद नेमार उठे और चलकर टचलाइन तक आए।

हो गई नेमार की एंट्री

चौथा ऑफिशल स्थानापन्न खिलाड़ी की घोषणा करने वाला बोर्ड लेकर खड़ा था लेकिन मैच रुक ही नहीं रहा था।कुछ वक्त के इंतजार के बाद आखिरकार गेंद पिच से बाहर आई और नेमार को अंदर जाने का मौका मिला। नेमार मैदान में मतेउस कुन्या की जगह जा रहे थे। दो मैच में तीन गोल कर चुके कुन्या ने ही 60वें मिनट वाला गोल किया था। गोल दागने के बाद कोई भी खिलाड़ी बाहर नहीं आना चाहता लेकिन कुन्या बाहर आते वक्त बहुत खुश थे, जैसे नेमार की वापसी का जश्न मना रहे हों।

नेमार आए और बचे हुए लगभग बीस मिनट (अतिरिक्त समय मिलाकर) मैदान पर रहे। मैच के 89वें मिनट में स्कॉटलैंड के रायन क्रिस्टी ने नेमार को गिरा दिया, उन्हें रेफरी ने तुरंत पीला कार्ड दिखाया, लेकिन तब तक ब्राजील के समर्थकों का कलेजा मुंह को आ चुका था। हालांकि, नेमार उठ खड़े हुए और बचे हुए मैच में बिना किसी तकलीफ के खेले।

दर्शकों को हुआ भरोसा

नेमार ने इस दौरान विनीसियस जूनियर को एक बेहतरीन पास भी दिया और कुछ ही वक्त बाद अपने पेनाल्टी एरिया तक गेंद के पीछे भागते हुए गोल लाइन के करीब मैदान पर घिसटते हुए गेंद के लिए लड़े भी। इसके साथ ही दर्शकों के साथ नेमार को भी भरोसा हो गया कि उनकी वापसी पूरी हो चुकी है। इस मैच में विनी जूनियर ने दो गोल दागे जबकि एक गोल कुन्या के खाते में गया लेकिन दर्शकों का सबसे ज्यादा शोर उठा नेमार की मैदान में एंट्री पर। मैच खत्म होने की सीटी बजी तो नेमार तुरंत विनी के पास गए, गले लगे, मानो बता रहे हों कि नए सितारे तुम ही हो देश को तुम्हें ही आगे ले जाना है लेकिन ज्यादा परेशान मत होना, अब मैदान के अंदर भी मैं तुम्हारे पीछे ही खड़ा हूं।

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: एमबापे और हालैंड का महामुकाबला, स्पेन के यमाल पर भी रहेगी नजर

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: नीदरलैंड्स ने ट्यूनिशिया को हराकर बनाई अगले दौर में जगह, जापान और स्वीडन भी नॉकआउट में पहुंचे