विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुजरात में जहरीली शराब से दो और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 13 हुई

Updated: Mon, 24 Aug 2026 03:28 AM (IST)

गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की कुल संख्या 13 हो गई है।

गुजरात में जहरीली शराब से 13 लोगों की मौत। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गुजरात में जहरीली शराब से 13 लोगों की मौत। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. भावनगर में जहरीली शराब से दो और मौतें हुईं।

  2. मृतकों की कुल संख्या अब 13 तक पहुंच गई है।

  3. जहरीली शराब मामले में 13 आरोपी गिरफ्तार किए गए।

डिजिटल डेस्क, भावनगर। गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से बीमार दो और लोगों ने रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इन दोनों की पहचान मुकेश डामोर और भार्गव उपाध्याय के रूप में हुई है।

उपाध्याय को प्राइवेट अस्पताल में, जबकि डामोर को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके साथ से जहरीली शराब से मृतकों की संख्या 13 हो गई है।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि तीन अन्य लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। अधिकारियों ने बताया कि 67 लोगों ने मेथनाल मिली जहरीली शराब पी थी।

गुजरात में शराब की बिक्री और सेवन प्रतिबंधित

गौरतलब है कि गुजरात में शराब बनाना, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है। पुलिस ने कहा कि जहरीली शराब से जुड़ी घटना के संबंध में दर्ज प्राथमिकी में नामजद 21 में से 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। स्थानीय अदालत ने गुरुवार को आरोपितों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

इस बीच आईएएनएस के अनुसार, स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) ने आणंद जिले में छापेमारी कर 19.63 लाख रुपये की इंडियन-मेड फारेन लिकर (आइएमएफएल) और बीयर जब्त की है।

जब्त शराब और अन्य सामान की कुल कीमत 34.69 लाख रुपये आंकी गई है। एसएमसी गुजरात पुलिस की एक खास यूनिट है और पूरे राज्य में अवैध शराब और जुए के धंधों पर नजर रखती है। छापे के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच अन्य लोगों को वांछित आरोपित के तौर पर नामजद किया गया है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)