Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Gujarat Lok sabha Election Result 2024: गुजरात में भाजपा की पकड़ बरकरार, अमित शाह ने तोड़ा अपना पिछला रिकॉर्ड

    Updated: Tue, 04 Jun 2024 07:47 PM (IST)

    गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से 25 पर भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा लेकिन भाजपा सभी सीटों पर जीत की हैट्रिक लगाने से चूक गई। अमित शाह ने अपना पिछला ...और पढ़ें

    गुजरात में भाजपा की पकड़ बरकरार ।
    गुजरात में भाजपा की पकड़ बरकरार ।

    HighLights

    1. 26 सीट जीतने की हैट्रिक से चूकी भाजपा
    2. कांग्रेस की गेनीबेन ने चुनाव भी जीता

    शत्रुघ्न शर्मा, गांधीनगर। गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से 25 पर भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा, लेकिन भाजपा सभी सीटों पर जीत की हैट्रिक लगाने से चूक गई। उत्तर गुजरात की बनासकांठा सीट पर कांग्रेस की गेनीबेन ठाकोर ने कशमकश भरे मुकाबले में 30 हजार से अधिक मतों से बाजी मार ली।

    अमित शाह ने तोड़ा अपना पिछला रिकॉर्ड

    केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए 7.44 लाख मतों के अंतर से गांधीनगर सीट पर दूसरी बार चुनाव जीता। गांधीनगर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अमित शाह को 10,10,972 मत (76.68 प्रतिशत) मिले, जबकि कांग्रेस की सोनल पटेल को 2,66,256 मत (20 प्रतिशत) ही मिल सके। भाजपा ने यह सीट 10 लाख मतों के अंतर से जीतने का दावा किया था।

    भाजपा नेताओं के चेहरे पर दिखा हार का गम

    उत्तर गुजरात की बनासकांठा सीट सर्वाधिक चर्चा में रही। यहां से कांग्रेस की गेनीबेन ठाकोर ने भाजपा की डा. रेखा बेन चौधरी को 30,406 मतों से पराजित किया। ठेठ देसी अंदाज में अपने ससुराल में घूंघट निकालकर वोट मांगती गेनी बेन को मतदाताओं ने वोटों के साथ ही क्राउड फंडिंग के जरिये करीब 27 लाख रुपये भी दिए। गुजरात की इस एक सीट पर हार का गम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल व अन्य नेताओं के चेहरे पर भी देखने को मिला।

    बनासकांठा हारने पर क्या बोले सीआर पाटिल?

    पाटिल ने कहा कि यहां हमारी मेहनत में कमी रह गई, थोडे अंतर से भाजपा यह सीट हार गई। वर्ष 2014 व 2019 के चुनाव में भाजपा ने गुजरात की सभी 26 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सात मई को मतदान से पहले ही सूरत सीट निर्विरोध जीत ली थी।

    खबरें और भी

    लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने किया था ये दावा

    लोकसभा चुनाव की घोषणा के पहले भाजपा ने सभी 26 सीटों को पांच-पांच लाख मतों के अंतर से जीतने का दावा किया था। राजे-रजवाड़ों को लेकर जो विवादित बयान दिया था, उससे राजकोट, जामनगर, आणंद व सुरेंद्रनगर सीटों पर भाजपा को नुकसान का अंदाजा था, लेकिन सभी अटकलों को धता-बताते हुए केंद्रीय मंत्री परषोत्तम रूपाला ने राजकोट में 4.84 लाख मतों से जीत दर्ज की।

    उनके विरुद्ध कांग्रेस ने पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष परेश धनाणी को मैदान में उतारा था। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया पोरबंदर सीट पर 3.5 लाख मतों के अंतर से आगे थे। आणंद से कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा करीब 90 हजार मतों से चुनाव हार गए।

    पाटिल ने फिर बनाया रिकॉर्ड

    गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने 2019 में नवसारी सीट पर देश में सबसे अधिक 6,69,668 मतों से जीत दर्ज की थी, इस बार उन्होंने रिकार्ड 7,68,799 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उनके सामने कांग्रेस के नैषध देसाई को 2,54,567 मत ही मिले जो करीब 19 प्रतिशत रहे, जबकि पाटिल को 77 प्रतिशत से अधिक मत मिले। 

    यह भी पढ़ेंः

    Gujarat Lok sabha Election Result 2024: गुजरात में BJP की बंपर जीत, पढ़ें किस सीट से कौन जीता कौन हारा