विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोशल मीडिया पर 'रेंट ए गरबा पार्टनर' का खेल, वायरल ऑफर पर गुजरात पुलिस ने जारी की चेतावनी

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:55 AM (IST)

अहमदाबाद पुलिस ने आगामी नवरात्रि को देखते हुए सोशल मीडिया पर गरबा पार्टनर किराए पर देने वाले विज्ञापनों के खिलाफ सार्वजनिक चेतावनी जारी की है।

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में पुलिस ने आगामी नवरात्रि को देखते हुए एक सार्वजनिक चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रहे रेंट अ गरबा पार्टनर यानी गरबा पार्टनर किराए पर लेने वाले विज्ञापनों को लेकर है।

पिछले हफ्ते से ही इंटरनेट पर ऐसी कई पोस्ट वायरल हो रही हैं जिनमें युवक और युवतियां अपनी तस्वीरें डालकर पैसों के बदले गरबा पार्टनर बनने की पेशकश कर रहे हैं। इस काम के लिए दो घंटे के 500 रुपये से लेकर पूरी रात के 6,500 रुपये तक के अलग-अलग पैकेज मांगे जा रहे हैं।

साइबर क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच

इस मामले पर साइबर क्राइम ब्रांच की डीसीपी लवीना सिन्हा ने एक वीडियो संदेश के जरिए लोगों को सतर्क किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस फिलहाल सोशल मीडिया पर चल रही इन पोस्ट्स की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके पीछे कोई धोखाधड़ी या गलत मकसद तो नहीं है।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे पेमेंट के लिए भेजे गए किसी भी संदिग्ध लिंक या तस्वीरों वाले अटैचमेंट पर क्लिक न करें। ऐसे फर्जी लिंक्स के जरिए मोबाइल के मैसेजिंग ऐप हैक होने या बैंक खाते से पैसे कटने का बड़ा खतरा रहता है।

पुलिस ने यह भी कहा है कि अगर किसी के साथ ऐसा कोई फ्रॉड होता है, तो वह तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराए।

सिल्वर, गोल्ड और प्लैटिनम पैकेज के नाम पर ऑफर

सोशल मीडिया पर ऐसी कई पोस्ट सामने आई हैं जिनमें सुविधाओं और कीमतों के आधार पर सिल्वर, गोल्ड और प्लैटिनम पैकेज बनाए गए हैं। ये विज्ञापन कुछ छोटे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के अलावा कई अज्ञात अकाउंट्स से भी शेयर किए जा रहे हैं, जो गुजरात के कई शहरों में अपनी सेवाएं देने का दावा कर रहे हैं।

बेसिक पैकेज के तहत पुरुष पार्टनर के लिए 500 से 2,000 रुपये और महिला पार्टनर के लिए 3,000 रुपये तक की फीस रखी गई है। इस पैकेज में दो घंटे का साथ, गरबा डांस, मैचिंग कपड़े पहनना, सेल्फी लेना और डांस के स्टेप्स सिखाना शामिल बताया गया है।

महंगे पैकेजों में अजीबोगरीब सुविधाएं

अगर मिड-लेवल पैकेज की बात करें, तो इसमें पुरुष पार्टनर के लिए 1,000 से 3,000 रुपये और महिला पार्टनर के लिए 5,000 रुपये तक का चार्ज बताया गया है। इसमें चार घंटे तक डांस करने और रील्स बनाने के साथ-साथ लोगों के सामने असली प्रेमी-प्रेमिका होने का दिखावा करने की सुविधा भी दी जा रही है।

वहीं, सबसे ऊंचे और महंगे पैकेज की कीमत पुरुषों के लिए 5,000 रुपये और महिलाओं के लिए 6,500 रुपये तक है। इन महंगे पैकेजों में पूरी रात गरबा खेलने, साथ समय बिताने, बातचीत करने, अनगिनत तस्वीरें और रील्स बनवाने के साथ-साथ कुछ मामलों में हाथ पकड़ने और चूमने तक की बातें लिखी गई हैं।

यह भी पढ़ें- गुजरात में तेज रफ्तार SUV ने तीर्थयात्रियों को मारी टक्कर, गुस्साई भीड़ ने गाड़ी में लगा दी आग

यह भी पढ़ें- सांप को ही दे दिया CPR... गुजरात में स्नेक कैचर के कारनामे ने जीता सबका दिल, वीडियो वायरल