गुजरात के खेड़ा में 60 साल पुराना पुल ढहा, बाधित हुआ यातायात
गुजरात के खेड़ा जिले में रविवार सुबह 60 साल पुराना एक पुल मिट्टी के कटाव के कारण ढह गया, जिससे चितलाव और सरदारपुरा गांवों के बीच यातायात बाधित हो गया।

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के खेड़ा जिले में रविवार सुबह 60 साल पुराना एक पुल मिट्टी के कटाव के कारण ढह गया, जिससे दो गांवों- चितलाव और सरदारपुरा के बीच यातायात बाधित हो गया।गनीमत यह रही कि इस घटना के समय पुल पर कोई वाहन या पैदल यात्री नहीं था, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।
माही सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सौमिल पटेल ने कहा, पुल लगभग 60 साल पुराना था और भारी वाहनों के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। जमीन के नीचे पियर की नींव में कटाव के कारण पुल धंस गया और पियर ढह गया।
पटेल ने कहा कि सड़क और भवन विभाग ने पुल के नवीनीकरण का प्रस्ताव सौंपा है और प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू हो जाएगा। सिंचाई विभाग के अनुसार चितलाव को सरदारपुरा से जोड़ने वाली सरदारपुरा अप्रोच रोड को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि, वैकल्पिक मार्ग अब भी खुला है।

