गुजरात में लगातार 6 घंटे से हो रही भारी बारिश, मांडवी समेत कई इलाकों में भरा पानी
कच्छ जिले में पिछले दो दिनों से मूसलाधार बारिश जारी है, जिसमें मांडवी तहसील में 6 घंटे में लगभग 7 इंच वर्षा दर्ज हुई।
HighLights
मांडवी में 6 घंटे में रिकॉर्ड 6.97 इंच बारिश।
भारी बारिश से मांडवी शहर और निचले इलाकों में जलभराव।
जलाशयों में पानी की आवक से किसानों की फसलें लहलहाईं।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। कच्छ जिल्ले मे पीछले दो दीन से मूसलाधार बारिश हो रही है। आज सुबह 06:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक के 6 घंटे की अवधि में कच्छ जिले में भारी बारिश दर्ज की गई है।
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पूरे गुजरात राज्य में सर्वाधिक वर्षा कच्छ जिले की मांडवी तहसील में दर्ज की गई है, जहां केवल 6 घंटे में 6.97 इंच (लगभग 7 इंच) मूसलाधार बारिश हुई है।
मांडवी में दो घंटे की भारी बारिश से भरा पानी
मांडवी तहसील में सुबह 06:00 से 08:00 बजे के बीच 1.22 इंच (31 mm) बारिश हुई थी। इसके बाद सुबह 08:00 से 10:00 बजे के 2 घंटे के भीतर ही बादलों ने प्रचंड रूप दिखाते हुए 5 इंच (127 mm) मूसलाधार बारिश बरसा दी।
सुबह 10:00 से 12:00 बजे के बीच 0.75 इंच (19 mm) और बारिश दर्ज की गई, जिससे कुल बारिश 6.97 इंच (177 mm) तक पहुंच गई। इस तेज बारिश से मांडवी शहर और निचले इलाकों में पानी भर गया।
मुंद्रा, भुज, अब्दासा और नखत्राणा में भी झमाझम बारिश
कच्छ जिले की अन्य तहसीलों की बात करें तो मुंद्रा तहसील में 1.57 इंच (40 mm) और जिला मुख्यालय भुज में 1.26 इंच (32 mm) बारिश हुई है।
इसके अलावा अब्दासा तहसील में 1.06 इंच (27 mm) और नखत्राणा तहसील में 1.02 इंच (26 mm) बारिश दर्ज की गई है।
कच्छ जिले के सभी तहसीलवार बारिश के आंकड़े (सुबह 06:00 से दोपहर 12:00 बजे तक)
- मांडवी (Mandvi): 6.97 इंच (सुबह 08 से 10 बजे के बीच ही 5 इंच बारिश दर्ज)
- मुंद्रा (Mundra): 1.57 इंच
- भुज (Bhuj): 1.26 इंच
- अब्दासा (Abdasa): 1.06 इंच
- नखत्राणा (Nakhatrana): 1.02 इंच
- लखपत (Lakhpat): 0.79 इंच (20 mm)
- गांधीधाम (Gandhidham): 0.63 इंच (16 mm)
- अंजार (Anjar): 0.55 इंच (14 mm)
किसानों के चेहरे खिले, जलाशयों में नए पानी की आवक
कच्छ जिले में हुई इस मूसलाधार बारिश से क्षेत्र के जलाशयों और चेकडैमों में पानी की भारी आवक हुई है। मूंगफली, अरंडी, ग्वार और तिल जैसी खड़ी फसलों को इस बारिश से नया जीवन मिला है, जिससे स्थानीय किसानों में खुशी की लहर है।
सोमवार को कहां कितनी बारिश हुई?
- अंजार 7.24 इंच
- गांधीधाम- 4.61 इंच
- भचाउं- 4.41 इंच
- मुंद्रा- 3.54 इंच
- भूज- 3.31 इंच
- लखपत-3 इंच
- रापर- 2.36 इंच
- मांडवी-अबाडासा- 2 इंच
यह भी पढ़ें- 2002 विधानसभा चुनाव के बाद गुजरात में शुरू हुई बदलाव की तैयारी, बंद कमरों में तैयार हुआ विकास मॉडल का खाका
