विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आईफोन, जींस से लेकर टूथपेस्ट तक... सूरत में डिलीवरी ब्वॉय ने चुराए 4 लाख से ज्यादा के पार्सल

Published: Sun, 25 Oct 2026 09:29 AM (IST)

गुजरात के सूरत में फ्लिपकार्ट के डिलीवरी एजेंट रुत्विक मकवाना को भावनगर एलसीबी ने ग्राहकों के पार्सल से 4.60 लाख ...और पढ़ें

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के सूरत में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट में काम करने वाले 26 वर्षीय एक डिलीवरी एजेंट को भावनगर लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने गिरफ्तार किया है।

आरोपी पर ग्राहकों को भेजे जाने वाले पार्सल से करीब 4.60 लाख रुपये के मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चुराने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के पास से चुराया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान भावनगर के अखलोल जकातनाका निवासी रुत्विक मकवाना उर्फ कोली के रूप में हुई है। एलसीबी को सूचना मिली थी कि मोतीबाग रोड पर गंगाजलिया झील के किनारे एक युवक बिना किसी बिल या वैध दस्तावेज के नए मोबाइल फोन और अन्य उत्पाद बेच रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे सामान के साथ पकड़ लिया। जब उससे सामान के बिल मांगे गए, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। इसके बाद पुलिस ने माल जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में कबूला पार्सल गबन करने का जुर्म

सख्ती से की गई पूछताछ में मकवाना ने स्वीकार किया कि वह सूरत में फ्लिपकार्ट के लिए डिलीवरी बॉय का काम करता था और उसने करीब 15 दिन पहले इन पार्सल को चुराया था।

पुलिस के अनुसार, वह ग्राहकों को डिलीवर किए जाने वाले महंगे सामान और मोबाइल फोन के बैग कंपनी से हासिल करता था। इसके बाद वह उन पार्सल को ग्राहकों तक पहुंचाने या कंपनी को वापस लौटाने के बजाय खुद रखकर सूरत से फरार हो गया था।

4.60 लाख रुपये से अधिक का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 460512 रुपये मूल्य का चोरी का सामान जब्त किया है। बरामद सामग्री में गूगल पिक्सल, सैमसंग गैलेक्सी, वीवो, लावा, पोको, मोटोरोला और एचएमडी जैसे ब्रांड्स के 13 नए स्मार्टफोन शामिल हैं।

इसके अलावा एप्पल एयरपॉड्स, फायर-बोल्ट स्मार्टवॉच, टाइटन व अन्य ब्रांड्स की घड़ियां, वनप्लस व वीवो के ईयरबड्स, महंगे परफ्यूम, कॉस्मेटिक्स, पावर बैंक और लुई फिलिप ब्रांड के कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

भावनगर क्राइम ब्रांच ने आरोपी और जब्त किए गए माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गंगाजलिया पुलिस स्टेशन को सौंप दिया है।

यह मामला सूरत शहर के सरोली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 के तहत दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- गुजरात: कच्छ में प्लाईवुड कंपनी में लगी भीषण आग, बुझाने की कोशिशें जारी

यह भी पढ़ें- गुजरात: राजकोट में 17 फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार, बिना मेडिकल की डिग्री के चला रहे थे क्लिनिक।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।